सर्दियों का मौसम कई कपल्स के लिए हनीमून ट्रिप का पसंदीदा समय होता है. ठंडी हवाएं, पहाड़ों पर बर्फ, गर्म चाय और खूबसूरत नजारे इस सफर को यादगार बना देते हैं. खासतौर पर उत्तर भारत में दिसंबर से फरवरी के बीच कई ऐसी जगहें हैं, जहां कपल्स नेचर की खूबसूरती के साथ शांत माहौल का आनंद ले सकते हैं.
ऐसे में अगर आप भी इस सर्दी अपने हनीमून का प्लान बना रहे हैं, तो इन डेस्टिनेशन को अपनी लिस्ट में शामिल कर सकते हैं. मनाली से लेकर गुलमर्ग तक जानें कुछ खूबसूरत डेस्टिनेशन्स के बारे में जो आपके हनीमून के लिए होंगे एक दम परफेक्ट.
मनाली में देखें सुंदर बर्फ
हनीमून के लिए मनाली लंबे समय से लोकप्रिय पहाड़ी डेस्टिनेशन रहा है. यह ब्यास नदी की घाटी में बसा है और सर्दियों में आसपास के इलाकों में सुंदर बर्फबारी देखने को मिलती है. हिमाचल टूरिज्म के अनुसार दिसंबर से फरवरी के दौरान राज्य के कई हिस्सों में बर्फबारी होती है और मनाली भी इस मौसम में बर्फ से ढक जाता है. आप यहां मॉल रोड, ओल्ड मनाली, हिडिंबा देवी मंदिर और सोलंग वैली घूम सकते हैं.
औली है कपल्स के लिए फेमस
अगर आपका सपना बर्फ से ढके पहाड़ों के बीच हनीमून मनाने का है, तो औली आपके लिए एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है. करीब 2,800 मीटर की ऊंचाई पर स्थित यह जगह नंदा देवी समेत कई हिमालयी चोटियों के खूबसूरत नजारा देती है. उत्तराखंड टूरिज्म इसे देश के प्रमुख स्की डेस्टिनेशन में गिनता है. दिसंबर से मार्च के बीच यहां बर्फ और स्कीइंग का अनुभव लिया जा सकता है. आप औली की ढलानों के अलावा गुरसों बुग्याल और आसपास के प्राकृतिक इलाकों में भी समय बिता सकते हैं.
यह भी पढ़ें: दिल्ली के पास मौजूद है ऐसी जगह, पहाड़-झील और जंगल यहां तीनों मिलेंगे
शिमला की खूबसूरती दिल जीत लेगी
सर्दियों में शिमला की खूबसूरती अलग नजर आती है. बर्फबारी देखने की इच्छा रखने वाले कपल्स के लिए यह एक जाना-पहचाना विकल्प है. हिमाचल टूरिज्म के मुताबिक दिसंबर से फरवरी के दौरान शिमला में बर्फबारी होती है. मॉल रोड पर घूमना, कैफे में बैठना और आसपास के पहाड़ी नजारों का आनंद लेना यहां की ट्रिप को आरामदायक बना देता है.
गुलमर्ग में दिखेगा स्वर्ग
कश्मीर की वादियां सर्दियों में बर्फ की चादर से ढक जाती हैं. गुलमर्ग खास तौर पर बर्फ और विंटर स्पोर्ट्स के लिए जाना जाता है. भारत सरकार के पर्यटन पोर्टल के अनुसार दिसंबर से फरवरी के दौरान हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी आम है और गुलमर्ग, मनाली व औली जैसे स्थानों पर स्कीइंग और स्नो स्पोर्ट्स का आनंद लिया जा सकता है. ऐसे में गुलमर्ग में कपल्स बर्फीले पहाड़ों के बीच समय बिताने के साथ केबल कार की सवारी और मौसम के अनुसार स्नो एक्टिविटीज का अनुभव कर सकते हैं.
धर्मशाला में मिलेगी शांती
अगर आप शांत माहौल पसंद करते हैं, तो धर्मशाला भी विकल्प आपके लिए सही है. यहां से धौलाधार की बर्फीली चोटियों के खूबसूरत नजारा दिखाई देता है. धर्मशाला के साथ मैक्लोडगंज की यात्रा भी की जा सकती है. यहां पहाड़ों, कैफे और स्थानीय संस्कृति के बीच कपल्स आराम से समय बिता सकते हैं.
यह भी पढ़ें: कम बजट में घूमना है? भारत की इन जगहों पर होटल और खाना दोनों सस्ते