गर्मी और बदलते मौसम के दौरान कई बार मधुमक्खियां घर की छत, छज्जे, बालकनी या खिड़की के आसपास अपना छत्ता बना लेती हैं. शुरुआत में छोटा दिखाई देने वाला यह छत्ता कुछ समय बाद बड़ा हो सकता है और उसके आसपास मधुमक्खियों की संख्या भी बढ़ सकती है. ऐसे में घर के लोगों के लिए वहां से निकलना या खिड़की खोलना भी मुश्किल हो जाता है. खासकर अगर घर में बच्चे या बुजुर्ग हों तो सावधानी रखना और भी जरूरी है.
बहुत से लोग छत्ता देखकर उसे डंडे से गिराने, धुआं करने या किसी केमिकल का इस्तेमाल करने लगते हैं, लेकिन इससे मधुमक्खियां खतरा महसूस कर सकती हैं और हमला कर सकती हैं. इसलिए छत्ता हटाने के लिए जल्दबाजी करने के बजाय सुरक्षित तरीका अपनाना जरूरी है. अगर आपके घर के छज्जे पर भी मधुमक्खियों ने डेरा जमा लिया है तो इन बातों का ध्यान रखें.
सबसे पहले छत्ते को छेड़ना बंद करें और दूरी बना लें
मधुमक्खी का छत्ता दिखाई देने के बाद सबसे पहला काम उसे छूना या गिराना नहीं, बल्कि उससे दूरी बनाना है. बच्चों और पालतू जानवरों को छज्जे या उस जगह से दूर रखें जहां छत्ता बना है. अगर छत्ता किसी खिड़की या दरवाजे के पास है तो कुछ समय के लिए उसे बंद रखना बेहतर है. मधुमक्खियों के आसपास तेज आवाज, धक्का-मुक्की या अचानक हाथ-पैर चलाने से भी बचें. अगर मधुमक्खियां सिर्फ एक जगह जमा हैं और अभी छत्ता नहीं बनाया है, तब भी उन्हें परेशान करने की बजाय कुछ दूरी बनाए रखना सुरक्षित रहेगा
छत्ता हटाने के लिए मधुमक्खी पालक या एक्सपर्ट को बुलाएं
अगर छत्ता बड़ा है और उसमें काफी मधुमक्खियां मौजूद हैं तो इसे खुद हटाने की कोशिश न करें. इसके लिए किसी स्थानीय मधुमक्खी पालक या प्रशिक्षित बी रिमूवल एक्सपर्ट की मदद ली जा सकती है. वे स्थिति देखकर छत्ते को हटाने का तरीका तय कर सकते हैं और कई मामलों में मधुमक्खियों को मारे बिना दूसरी जगह ले जाने की कोशिश की जा सकती है. खासकर अगर छत्ता ऊंचाई पर, दीवार की दरार में या घर के अंदर किसी मुश्किल जगह पर बना हो तो बिना अनुभव के वहां पहुंचना खुद के लिए खतरा पैदा कर सकता है.
यह भी पढ़ें : फ्रिज से आ रही बदबू, इस ट्रिक से हो जाएगी दूर
छत्ते पर आग, धुआं या कीटनाशक डालने की गलती न करें
मधुमक्खी का छत्ता हटाने के नाम पर आग जलाना, बहुत ज्यादा धुआं करना या सीधे कीटनाशक छिड़कना सही तरीका नहीं है. इससे मधुमक्खियां परेशान होकर अचानक आसपास के लोगों पर हमला कर सकती हैं. इसके अलावा घर के छज्जे या बालकनी में आग का इस्तेमाल करने से अलग तरह का नुकसान भी हो सकता है. तेज केमिकल का इस्तेमाल घर में रहने वाले लोगों और पालतू जानवरों के लिए भी परेशानी पैदा कर सकता है. इसलिए इंटरनेट पर दिखने वाले हर घरेलू हैक को आजमाने के बजाय सुरक्षित तरीके से एक्सपर्ट की मदद लेना बेहतर है
छत्ता हटने के बाद उस जगह की सफाई भी जरूरी है
सिर्फ छत्ता हटवा देना ही काफी नहीं होता. अगर उस जगह मोम या शहद के रह जाता हैं तो वहां दोबारा कीड़े आकर्षित हो सकते हैं. छत्ता हटने के बाद उस जगह को अच्छी तरह साफ करवाएं और अगर दीवार, छज्जे या खिड़की के आसपास कोई दरार या खाली जगह है तो उसे बंद कर दें. घर के आसपास कूड़ा, खुले में मीठी चीजें या खाने का सामान पड़ा हो तो उसे भी साफ रखें.
मधुमक्खियां हमला करें तो क्या करें?
अगर छत्ता छेड़ने के बाद मधुमक्खियां अचानक हमला करने लगें तो उन्हें हाथ से मारने या तेजी से भगाने की कोशिश न करें. जितनी जल्दी हो सके किसी बंद और सुरक्षित जगह पर चले जाएं और दरवाजा बंद कर लें. अगर डंक लग जाए तो जगह को साफ करें और शरीर में तेज सूजन, सांस लेने में परेशानी, चक्कर, गले या चेहरे पर सूजन जैसी गंभीर एलर्जी के लक्षण दिखाई दें तो तुरंत मेडिकल मदद लें.
यह भी पढ़ें : सब्जी काटते-काटते खराब हो गई चाकू, घर में ही ऐसे करें धारदार