‘भारतीय सिनेमा ने खोया बेमिसाल एक्टर’, नाना पाटेकर के निधन पर मुख्यमंत्रियों-दिग्गज नेताओं ने जताया शोक

3e6b518bd16ac9a85576f85e301063ec17914315949651296 original


दिग्गज एक्टर नाना पाटेकर का गुरुवार सुबह गोवा स्थित उनके आवास पर निधन हो गया. 75 साल की उम्र में उन्होंने आखिरी सांस ली. एक्टर के निधन पर कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों और नेताओं ने शोक व्यक्त किया है.

सभी ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान और शोकाकुल परिजनों व प्रशंसकों को ये दुख सहने की शक्ति प्रदान करें.

योगी आदित्यनाथ ने जाताया शोक
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लिखा, ‘प्रख्यात एक्टर, रंगमंच के सशक्त कलाकार और संवेदनशील समाजसेवी ‘पद्म श्री’ नाना पाटेकर का निधन कला जगत की अपूरणीय क्षति है. उन्होंने अपने विलक्षण अभिनय से भारतीय सिनेमा को समृद्ध किया और अपने सामाजिक सरोकारों से समाज के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को भी अभिव्यक्त किया. प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान और शोकाकुल परिजनों व प्रशंसकों को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करें.’

पुष्कर सिंह धामी ने दी श्रद्धांजलि
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘एक्स’ पोस्ट में कहा कि प्रसिद्ध एक्टर नाना पाटेकर के निधन का अत्यंत दुखद समाचार प्राप्त हुआ. उन्होंने अपने सशक्त अभिनय और प्रभावशाली संवाद से भारतीय सिनेमा में एक विशिष्ट पहचान बनाई. विभिन्न भूमिकाओं में उनके जीवंत अभिनय ने हिंदी सिनेमा को समृद्ध किया. उनका निधन फिल्म व कला जगत के लिए अपूरणीय क्षति है. ईश्वर से प्रार्थना है कि पुण्यात्मा को श्रीचरणों में स्थान और शोकाकुल परिजनों व प्रशंसकों को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करें.

सुवेंदु अधिकारी ने जाताय दुख
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने लिखा, ‘महान एक्टर नाना पाटेकर के अचानक निधन की दुखद खबर सुनकर गहरा सदमा लगा. भारतीय सिनेमा ने अपनी सबसे दमदार, सच्ची और बेमिसाल आवाजों में से एक को खो दिया है. नाना जी ने सिर्फ किरदार नहीं निभाए, उन्होंने हर भूमिका में बेबाक और असली सच्चाई को जीवंत कर दिया. ‘परिंदा’, ‘क्रांतिवीर’ और ‘प्रहार’ की जबरदस्त ऊर्जा से लेकर ‘अब तक छप्पन’ की गहरी तीव्रता तक, उनकी कला ने एक ऐसा मानक स्थापित किया, जिसके करीब पहुंचने की उम्मीद भी बहुत कम लोग कर सकते हैं.’

उन्होंने आगे लिखा, ‘सिनेमा की दुनिया से परे, उनका सादापन, गहरा विनम्र स्वभाव और सामाजिक कार्यों व ग्रामीण समुदायों के प्रति निस्वार्थ समर्पण उनके महान व्यक्तित्व को दर्शाता है. नाना पाटेकर की आत्मा को शांति मिले. आपकी आवाज, आपका जोशीला अंदाज और आपकी शानदार विरासत हमेशा हमारे दिलों में बसी रहेगी. उनके परिवार, दोस्तों और दुनिया भर में मौजूद लाखों प्रशंसकों के प्रति गहरी संवेदना. ओम शांति.’

डीके शिवकुमार ने भी किया याद
कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने पोस्ट किया, ‘दिग्गज एक्टर नाना पाटेकर के निधन से गहरा दुख हुआ है. अपने असाधारण हुनर, दमदार स्क्रीन प्रेजेंस और यादगार अभिनय से उन्होंने भारतीय सिनेमा को कुछ बेहद यादगार किरदार दिए. पर्दे से हटकर, किसानों के प्रति उनकी संवेदना और समाज सेवा के प्रति उनका समर्पण उनके व्यक्तित्व की गहराई को दर्शाता है. इस मुश्किल समय में उनके परिवार और चाहने वालों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं. ओम शांति.’

सुनेत्रा पवार ने शेयर किया पोस्ट
महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने लिखा, ‘अभिनय की दुनिया के एक दिग्गज हमारे बीच नहीं रहे. अनुभवी एक्टर नाना पाटेकर के निधन की खबर ने मुझे अंदर तक झकझोर दिया है. नाना, अभिनय में सच्ची अभिव्यक्ति और संवेदनशील सामाजिक जागरूकता का एक बेहतरीन संगम थे. उन्होंने मंच से लेकर सिल्वर स्क्रीन तक अपने दमदार अभिनय से अनगिनत किरदारों को अमर बना दिया. ‘नटसम्राट’, ‘क्रांतिवीर’ और ‘परिंदा’ जैसी बेहतरीन फिल्मों के जरिए उन्होंने अपनी अदाकारी की अमिट छाप छोड़ी. नाना पाटेकर का ‘दादा’ (अजित पवार) के साथ बेहद करीबी और स्नेहपूर्ण रिश्ता था. इसलिए, उनके जाने से जो खालीपन आया है, वह मेरे और हमारे परिवार के लिए बेहद दुखद है.’

सांसद कनिमोझी ने भी जताया शोक
डीएमके की सांसद कनिमोझी ने भी नाना पाटेकर के निधन पर दुख जताया. उन्होंने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, ‘दिग्गज एक्टर नाना पाटेकर के निधन से दुखी हूं. उनके दमदार अभिनय, खास अंदाज और हिंदी व क्षेत्रीय सिनेमा में उनके अहम योगदान को हमेशा याद किया जाएगा. उनके परिवार, दोस्तों और चाहने वालों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं. उनके बेहतरीन काम के जरिए उनकी यादें हमेशा बनी रहेंगी.’

नाना पाटेकर के निधन पर बाबूलाल मरांडी का पोस्ट
झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने पोस्ट किया, ‘बॉलीवुड के मशहूर एक्टर नाना पाटेकर के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है. ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवार को यह अपार दुख सहने की शक्ति दें.’

जयवीर शेरगिल ने भी जताया दुख
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता जयवीर शेरगिल ने नाना पाटेकर के निधन पर दुख जताते हुए कहा कि उनके शानदार अभिनय में भारतीय सिनेमा के प्रति बेमिसाल समर्पण, बहुमुखी प्रतिभा और अटूट निष्ठा झलकती थी. उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि नाना पाटेकर की आत्मा को शांति मिले.

एकनाथ शिंदे हुए भावुक
डेप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने एक्स पर लिखा, ‘महाराष्ट्र का स्वाभिमान और मराठी व्यक्ति का गौरव आज खो गया. रंगमंच और फिल्म जगत में अभिनय की बुलंद ऊंचाइयों को छूने वाले, संवाद अदायगी से लेकर भाव-भंगिमाओं तक हर क्षेत्र में अपनी अलग शैली बनाने वाले और प्रखर सामाजिक संवेदनाओं को हमेशा जीवंत रखने वाले नाना पाटेकर का आकस्मिक निधन फिल्म जगत, महाराष्ट्र और व्यक्तिगत रूप से मेरे लिए बहुत बड़ा आघात है.’

उन्होंने लिखा, ‘महाराष्ट्र और देश ने एक संवेदनशील, दमदार अभिनेता और सही मायनों में एक ‘नटसम्राट’ को खो दिया है. महाराष्ट्र का स्वाभिमान और मराठी व्यक्ति का गौरव आज खो गया… हाल ही में हुए गणेशोत्सव के दौरान ही हमारी मुलाकात हुई थी. मेरे दरेगांव में गाद निकालने के काम के लिए भी वे आए थे. उस समय मेरे सफेद कपड़ों को देखकर उन्होंने सार्वजनिक रूप से कहा था,’एक भी दाग नहीं वाला नेता!’ 2022 के राजनीतिक घटनाक्रम के बाद हुई हमारी पहली निजी मुलाकात में उन्होंने मेरी पीठ पर हाथ रखते हुए कहा था, ‘क्या क्रांतिवीर…’ उनकी वह पुकार और वह प्रशंसा भरी थपकी मैं कभी नहीं भूल सकता.’

एकनाथ शिंदे ने आगे लिखा, ‘बिना किसी गॉडफादर के, केवल अपनी प्रतिभा और ताकत के दम पर उन्होंने हिंदी फिल्म जगत में अपनी अलग पहचान बनाई. बॉलीवुड में उनके नाम का एक अलग दबदबा था और उस दबदबे के बीच भी उन्होंने मराठी व्यक्ति के स्वाभिमान और बाणे को मजबूती से कायम रखा. नाना केवल महान कलाकार नहीं थे, बल्कि वे महाराष्ट्र का स्वाभिमान थे. ‘नाम फाउंडेशन’ के माध्यम से सूखाग्रस्त किसानों के आंसू पोंछने का उनका काम स्वर्ण अक्षरों में लिखे जाने योग्य है. महाराष्ट्र की बुलंद और बाणेदार आवाज आज शांत हो गई है. मैंने एक सच्चा और दिलदार मित्र खो दिया है. भावपूर्ण श्रद्धांजलि! ईश्वर उनकी आत्मा को सद्गति प्रदान करें.’

प्रवेश वर्मा भी दुखी
दिल्ली सरकार में मंत्री प्रवेश वर्मा ने लिखा, ‘प्रख्यात एक्टर नाना पाटेकर के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है. उनके जाने से भारतीय सिनेमा ने एक ऐसे विलक्षण कलाकार को खो दिया, जिनकी अदाकारी में गहराई, संवादों में प्रभाव और हर किरदार में असाधारण जीवंतता दिखाई देती थी. हिंदी और मराठी सिनेमा में अपने यादगार अभिनय से उन्होंने दर्शकों के दिलों में जो स्थान बनाया, वह सदैव कायम रहेगा. ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिवार, मित्रों और असंख्य प्रशंसकों को इस अपार दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें.’

अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने किया पोस्ट
पंजाब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने भी नाना पाटेकर के निधन पर शोक व्यक्त किया. उन्होंने लिखा, ‘नाना पाटेकर के निधन की खबर बेहद दुखद है. सिनेमा ने एक महान एक्टर और प्रभावशाली व्यक्तित्व खो दिया. नकी अदाकारी हमेशा याद रहेगी. ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति दें.’

रोहित पवार ने किया एक्टर को याद
एनसीपी-एसपी के नेता रोहित पवार ने पोस्ट किया, ‘सामाजिक मुद्दों के प्रति बेहद जागरूक रहे दिग्गज एक्टर नाना पाटेकर के निधन की खबर वाकई चौंकाने वाली और बहुत दुखद है. उनके जाने से भारतीय फिल्म इंडस्ट्री ने एक संवेदनशील, प्रभावशाली और हर तरह की भूमिका निभाने में माहिर कलाकार को खो दिया है.’

रोहित पवार ने ‘एक्स’ पोस्ट में कहा, ‘नाना पाटेकर ने ‘परिंदा’, ‘क्रांतिवीर’, ‘प्रहार’, ‘खामोशी’, ‘अग्निसाक्षी’, ‘नटसम्राट’ और ‘वेलकम’ जैसी कई फिल्मों में अपनी दमदार एक्टिंग से अमिट छाप छोड़ी. पर्दे पर अपनी एक्टिंग के अलावा, ‘नाम फाउंडेशन’ के जरिए किसानों, सूखे से प्रभावित समुदायों और ग्रामीण आबादी के लिए किए गए उनके सामाजिक काम उनके दयालु स्वभाव की मिसाल हैं. मैं इस महान कलाकार को अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं, जिन्होंने अपनी कला से लाखों लोगों का दिल जीता और सामाजिक कार्यों के प्रति पूरी तरह समर्पित रहे.’



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *