मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या पर IPL के खिलाड़ियों और टीम अधिकारियों के लिए बने आचार संहिता के लेवल 1 का उल्लंघन करने के लिए उनकी मैच फीस का 10% जुर्माना लगाया गया है. साथ ही उन्हें एक डिमेरिट पॉइंट भी दिया गया है. दरअसल कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ बुधवार को हुए मैच में कैच छूटने और चौके जाने के बाद हार्दिक ने गुस्से में बेल्स को गिरा दिया था.
BCCI ने अपने स्टेटमेंट में बताया कि हार्दिक पांड्या को IPL की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.2 का उल्लंघन करते हुए पाया गया. ये मैच के दौरान क्रिकेट के सामान या कपड़ों, मैदान के उपकरणों या फिक्स्चर और फिटिंग्स का गलत इस्तेमाल करने से संबंधित है. हार्दिक ने रन-अप की ओर वापस जाते समय, विकेट की बेल्स को जोर से मार दिया था.
क्यों गुस्सा हुए थे हार्दिक पांड्या?
कोलकाता नाइट राइडर्स की पारी के 10वें ओवर में हार्दिक अपनी टीम की फील्डिंग से बहुत ज्यादा गुस्सा हो गए थे. इस ओवर की दूसरी गेंद पर रोवमैन पॉवेल ने हवाई फायर किया, डीप बैकवर्ड स्क्वायर लेग पर ये आसान कैच होता, लेकिन दीपक चाहर और रॉबिन मिंज की कन्फ्यूजन से ये कैच छूट गया. वैसे ये कैच चाहर का था, लेकिन उन्होंने कोशिश नहीं की क्योंकि उन्हें लगा मिंज इस कैच को पकड़ेंगे. इसकी अगली गेंद पर मनीष पांडे ने चौका मारा, इसी ओवर की चौथी गेंद पर पांडे ने एक और चौका मारा और इसके बाद कप्तान हार्दिक गुस्सा हो गए.
यह भी पढ़ें- पहले ग्राउंड पर भिड़े थे सैमसन और क्लासेन, अब मैदान के बाहर क्या हुआ जिसकी हो रही चर्चा
हार्दिक पांड्या ने अपनी गलती मान ली और मैच रेफरी द्वारा दी गई सजा को स्वीकार कर लिया. बता दें कि हार्दिक चोटिल होने के कारण पिछले कुछ मैचों में नहीं खेले थे. मुंबई इंडियंस IPL 2026 की प्लेऑफ रेस से पहले ही बाहर हो चुकी है.
4 विकेट से हारी मुंबई इंडियंस
मुंबई इंडियंस के टॉप आर्डर ने एक बार फिर निराश किया, रयान रिकेल्टन 6 और रोहित शर्मा 15 रन बनाकर आउट हुए. नमन धीर खाता भी नहीं खोल पाए और सूर्यकुमार यादव एक बार फिर फ्लॉप रहे, उन्होंने 15 रन बनाए. तिलक वर्मा ने 20 और हार्दिक पांड्या ने 26 रन बनाए, अंत में कॉर्बिन बॉश ने 18 गेंदों में 32 रन बनाकर मुंबई को 147 के स्कोर तक पहुंचाया था.
यह भी पढ़ें- अब IPL में खेल सकते हैं मोहम्मद आमिर? पाकिस्तान की छोड़ इस देश की ली नागरिकता
लक्ष्य का पीछा करते हुए मनीष पांडे ने 33 गेंदों में 45 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली, जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच अवार्ड मिला. वह इस साल पहली बार बल्लेबाजी के लिए उतरे थे. रोवमैन पॉवेल ने 30 गेंदों में 2 छक्के और 4 चौकों की मदद से 40 रन बनाए. कोलकाता ने 7 गेंद शेष रहते 4 विकेट से जीत दर्ज की.