बीते जमाने की मशहूर एक्ट्रेस आशा पारेख इन दिनों अभिनेत्री वहीदा रहमान और हेलन के साथ पहाड़ों की सैर पर हैं. बुधवार को एक्ट्रेस ने अपने वेकेशन की झलक पोस्ट की.
अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर पोस्ट की, जिसमें तीनों गर्मजोशी के साथ बैठी नजर आ रही हैं. अभिनेत्री आशा पारेख ने लिखा, पहाड़ों में अपने प्रिय दोस्तों हेलेन और वहीदा रहमान के साथ. उनके साथ यात्रा करना और उनके साथ अच्छा समय बिताना हमेशा अच्छा लगता है.
वहीदा रहमान, आशा पारेख और हेलेन की दोस्ती हिंदी सिनेमा की सबसे गहरी, पुरानी और खूबसूरत मिसालों में से एक है. इन्हें बॉलीवुड की ‘गोल्डन गर्ल्स’ भी कहा जाता है, जिनकी दोस्ती आज तक अटूट बनी हुई है. उस दौर में टॉप एक्ट्रेस होने के बावजूद उनके बीच कभी कॉम्पटिशन या ईर्ष्या नहीं आई, बल्कि उनका रिश्ता आपसी सम्मान और प्रगाढ़ स्नेह पर टिका है.
तीनों को सजना-संवरना और पार्टियों या कार्यक्रमों में शामिल होना बेहद पसंद था. तीनों अक्सर साथ में डिनर, गेट-टुगेदर और विदेश यात्राएं करती हैं, जिसकी तस्वीरें और वीडियो अक्सर सोशल मीडिया पर वायरल होते रहते हैं. हालांकि, गौर करने वाली बात यह भी है कि तीनों ने अपने लंबे और शानदार अभिनय करियर में साथ में किसी भी फिल्म में काम नहीं किया है.
वाजिद खान: जिनकी धुनों ने बॉलीवुड को दिए थे कई यादगार गीत, सलमान की फिल्म से मिली थी खास पहचान
मुश्किल समय में दिया साथ
कहा जाता है कि आशा पारेख के जीवन में एक ऐसा समय भी आया था, जब वह डिप्रेशन में चली गई थीं. उस समय वहीदा रहमान और हेलेन ने उन्हें अकेले नहीं छोड़ा था. दरअसल, जीवन के उस दौर में आशा पारेख अकेलेपन और गहरे अवसाद (डिप्रेशन) से जूझ रही थीं, तब वहीदा रहमान और हेलेन ने उन्हें संभाला और यह अहसास कराया कि वे अकेली नहीं हैं.
इस बात का जिक्र अभिनेत्री आशा पारेख अपने कई इंटरव्यू में कर चुकी हैं कि जब वह डिप्रेशन और अकेलेपन के दौर से गुजर रही थीं, तब वहीदा रहमान और हेलेन उनके साथ खड़ी थीं. इस खास महिला मंडली (ग्रुप) में वहीदा और आशा, अभिनेत्री हेलेन के अलावा, सायरा बानो और दिवंगत शम्मी आंटी भी शामिल रहीं, जो हर सुख-दुख में एक-दूसरे की ताकत बनीं.