रणवीर सिंह स्टारर ‘धुरंधर 2’ हाई-ऑक्टेन एक्शन, इमोशन, ड्रामा और ट्विस्ट से भरपूर फिल्म है. वहीं ये फिल्म दर्शकों के स्ट्रॉन्ग वर्ड ऑफ माउथ की बदौलत बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार 14 दिन पूरे कर चुकी है. इस दौरान इस फिल्म ने भयंकर कमाई की है. वहीं तीसरे हफ़्ते में एंट्री करने से पहले आदित्य धर निर्देशित इस स्पाई थ्रिलर ने बॉलीवुड के लिए एक हाई बेंचमार्क सेट कर दिया है. हालांकि, फ़िल्म के बिज़नेस में अब लगातार गिरावट भी देखने को मिली है, फिर भी ‘धुरंधर 2’ दुनियाभर के बॉक्स ऑफिस पर धूम मचा रही है. चलिए यहां ‘धुरंधर 2’ का 14 दिनों का वर्ल्डवाइड कलेक्शन जानते हैं.
‘धुरंधर 2’ ने वर्ल्डवाइड 14 दिनों में कितनी कर डाली कमाई?
सैकनिल्क के आंकड़ो के मुताबिक 1 अप्रैल को, यानी 14वें दिन, ‘धुरंधर 2’ ने 17,906 शो में भारत में 20.10 करोड़ रुपये का नेट बिज़नेस दर्ज किया. यह 13वें दिन के नेट कलेक्शन में 27.6% की गिरावट है, जो 27.75 करोड़ रुपये था. इसके साथ ही, भारत में फ़िल्म का कुल नेट कलेक्शन 920.02 करोड़ रुपये हो गया है, और ग्रॉस कलेक्शन 1101.47 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है.
दुनिया भर के आंकड़ों की बात करें तो, 14वें दिन विदेशी कारोबार में 7 करोड़ रुपये और जुड़ गए, जिससे इसकी ओवरसीज की कुल कमाई बढ़कर 365.00 करोड़ रुपये हो गई. इस तरह, रणवीर सिंह स्टारर फिल्म का दुनिया भर में 14 दिनों का कुल कलेक्शन 1466.47 करोड़ रुपये हो गया है.
15 सौ करोड़ी बनने से है कितनी दूर?
‘धुरंधर 2’ ने वर्ल्डवाइड तगड़ा कलेक्शन कर डाला है और अब ये 15 सौ करोड़ी बनने और तेजी से बढ़ रही है. इस आंकड़े को छूने के लिए इसे 34 करोड़ के करीब और कमाने होंगे. फिल्म की रफ्तार देखते हुए लग रहा है कि तीसरे वीकेंड तक फिल्म ये मील का पत्थर पार कर लेगी.
‘धुरंधर 2’ के बारे में
आदित्य धर द्वारा निर्देशित, ‘धुरंधर 2’ एक स्पाई थ्रिलर है. ये जसकिरत सिंह की जर्नी को दिखाता है, जो बदकिस्मती की वजह जेल पहुँच जाता है. ठीक उस समय जब वह अपनी किस्मत को स्वीकार करने ही वाला होता है जहां उसे फाँसी की सज़ा सुनाई गई है, भारतीय सरकारी अधिकारी उससे संपर्क करते हैं और उसे अपना अंडरकवर जासूस बना लेते हैं, जहां पहला भाग यह दिखाता है कि वह कैसे पाकिस्तान और कुख्यात लयारी गैंग में एंट्री करता है, वहीं दूसरा भाग यह दिखाता है कि कैसे वह अपनी सूझबूझ भरी रणनीति से उस जगह का सरताज बन जाता है. फिल्म में जसकिरत का किरदार रणवीर सिंह ने निभाया है. अन्य कलाकारों में राकेश बेदी, सारा अर्जुन, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल, गौरव गेरा शामिल हैं.