IPL 2026 का 66वां मैच आज गुजरात टाइटंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा. CSK के लिए ये मैच करो या मरो वाला है, क्योंकि अगर टीम अच्छी नेट रन रेट से नहीं जीती तो प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो जाएगी. GT के लिए भी ये मैच महत्वपूर्ण है, हालांकि शुभमन गिल की कप्तानी वाली टीम प्लेऑफ में क्वालीफाई कर चुकी है लेकिन अब उनकी निगाहें लीग स्टेज को टॉप-2 में रहकर खत्म करने पर होगी. पढ़िए आज के मैच की पिच रिपोर्ट, बल्लेबाजों और गेंदबाजों में किसे अधिक फायदा मिलेगा.
IPL 2026 में अभी तक नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में 6 मैच खेले गए हैं. पहले मैच में 200 से अधिक रन बने थे, लेकिन उसके बाद 5 मैचों में कोई भी टीम 200 का आंकड़ा नहीं छू पाई. यहां खेले गए पिछले मैच में तो सनराइजर्स हैदराबाद की पूरी टीम 86 रनों पर सिमट गई थी. अहमदाबाद के इस स्टेडियम में खेले गए 6 में से 4 मैच गुजरात टाइटंस ने जीते हैं. चेन्नई सुपर किंग्स के सामने आज कई चुनौतियां होंगी, इसमें सबसे बड़ी चुनौती कगिसो रबाडा और मोहम्मद सिराज के सामने अच्छा करने की होगी. अगर चेन्नई के टॉप बल्लेबाजों (संजू सैमसन, ऋतुराज गायकवाड़) ने सिराज-रबाडा की गेंदों पर विकेट नहीं गंवाए तो GT पर दबाव आ जाएगा.
GT vs CSK मैच की पिच रिपोर्ट
गुजरात टाइटंस बनाम चेन्नई सुपर किंग्स मैच नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम की पिच नंबर-7 पर खेला जाएगा. इस पिच पर इस साल एक ही मैच खेला गया था, उसमें दोनों पारियों में 200 प्लस रन बने थे. ये इस सीजन का यहां हुआ पहला मैच था, जिसमे राजस्थान ने 210 रन बनाए थे और गुजरात 204 रन ही बना पाई थी. आज की पिच बल्लेबाजों के लिए मददगार रहेगी.
यह भी पढ़ें- सिर्फ GT को हराने से नहीं बनेगा काम, जानिए प्लेऑफ में कैसे पहुंच सकती है चेन्नई सुपर किंग्स
बेशक उस मैच में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम जीती थी, लेकिन आज टॉस जीतने वाले कप्तान पहले गेंदबाजी करना चाहेंगे. यहां दूसरी पारी में बल्लेबाजी आसान हो सकती है. पिच पर स्पिनर्स को बहुत फायदा मिलने वाला है, ऐसे में राशिद खान की भूमिका खास हो जाएगी जो इस ग्राउंड पर इस साल 6 मैच खेल चुके हैं.
चेन्नई सुपर किंग्स के स्पिनर्स अकील हुसैन और नूर अहमद को पिच से फायदा मिल सकता है, ऐसे में हैरानी नहीं होगी अगर इन दोनों गेंदबाजों को ऋतुराज गायकवाड़ जल्दी गेंदबाजी के लिए ले आए.
यह भी पढ़ें- अब IPL में खेल सकते हैं मोहम्मद आमिर? पाकिस्तान की छोड़ इस देश की ली नागरिकता
नरेंद्र मोदी स्टेडियम का IPL रिकॉर्ड
अहमदाबाद में IPL के 50 मैच खेले जा चुके हैं. 25 बार पहले बल्लेबाजी करने वाली और इतनी ही बार रन चेज करने वाली टीम जीती है. यहां सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर शुभमन गिल के नाम है, उन्होंने 2023 में MI के खिलाफ इस ग्राउंड पर 129 रन बनाए थे. मोहित शर्मा के नाम बेस्ट स्पेल है, जिन्होंने 2023 के उसी मैच में 10 रन देकर 5 विकेट लिए थे
नरेंद्र मोदी स्टेडियम में पहली पारी का एवरेज स्कोर 177 रन है. यहां हाईएस्ट टीम टोटल 243 रन है, जो पिछले साल पंजाब किंग्स ने गुजरात के खिलाफ बनाया था. सबसे सफल रन चेज 204 का है, जो GT ने दिल्ली के खिलाफ पिछले साल हासिल किया था.