Glenn Phillips Angry In Press Conference: बीते मंगलवार (26 मई) गुजरात टाइटंस को IPL 2026 के पहले क्वालीफायर में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ 92 रनों से हार का सामना करना पड़ा. हालांकि टीम के पास अभी फाइनल में जाने का एक और मौका है. अब क्वालीफायर-2 में गुजरात की भिड़ंत एलिमिनेटर जीतने वाली टीम से होगी. लेकिन हार के बाद गुजरात के ऑलराउंडर ग्लेन फिलिप्स ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में सबका ध्यान खींचा.
न्यूजीलैंड के ग्लेन फिलिप्स एक सवाल पर मानिए आगबबूला हो गए. क्वालीफायर-1 में गुजरात की हार के बाद फिलिप्स प्रेस कॉन्फ्रेंस के लिए आए थे. गौर करने वाली बात यह है कि फिलिप्स टीम के 12 खिलाड़ियों में भी शामिल नहीं थे. उनके एक ऐसा सवाल पूछ लिया गया, जिस पर वह बुरी तरह भड़क गए.
किस सवाल पर आगबबूला हुए ग्लेन फिलिप्स
बता दें कि मुकाबले में पहले बैटिंग करते हुए बेंगलुरु ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 254 रन बोर्ड पर लगाए थे. यह प्लेऑफ स्टेज के इतिहास का सबसे बड़ा टोटल रहा. जवाब में गुजरात 162 रन पर ऑलआउट हो गई थी. बेंगलुरु के बड़े टोटल को लेकर फिलिप्स से पूछा गया कि क्या बोर्ड पर नजर आने वाले बड़े टोटल को देखकर उनकी टीम ने मानसिक रूप से हार मान ली थी?
फिलिप्स इस सवाल पर भड़क गए. उन्होंने जवाब देते हुए कहा, “यह बेवकूफाना सवाल है. पेशेवर क्रिकेटर होने के नाते हम ऐसा क्यों करेंगे? यह बहुत घटिया सवाल है. हमने मैदान पर उतरते ही अपना सबकुछ झोंक दिया था. 250 के लक्ष्य का पीछा करते हुए सबकुछ आपके पक्ष में होना चाहिए. हम इसी कोशिश के साथ मैदान पर उतरे थे कि सबकुछ ठीक हो जाएगा, लेकिन ऐसा हो नहीं सका.”
कैसे फायदेमंद होगी बड़ी हार? फिलिप्स ने बताया
पीसी में फिलिप्स ने यह भी बताया कि कैसे बड़ी हार टीम के लिए फायदेमंद होगी. उनका कहा था कि अगर टीम 1 या 2 रन के अंतर से हारती, तो हम इसी के बारे में सोचते रहते कि काश ऐसा हो जाता या वैसा हो जाता, लेकिन जब आप आसपास भी नहीं होते हैं तो कहते हैं कि आज हमारा दिन नहीं था. इसका मतलब यह नहीं है कि अगले मैच में भी हमारा दिन नहीं होगा.
यह भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी से डरे हुए हैं पैट कमिंस, एलिमिनेटर मैच से पहले बोले- प्लान ‘सी’ और प्लान ‘बी’