गर्मियों में घर को ठंडा रखने वाला एयर कंडीशनर सर्दियों में कई महीनों तक इस्तेमाल नहीं होता. ऐसे में ज्यादातर लोग एसी को बंद करके भूल जाते हैं. लेकिन लंबे समय तक एसी बंद रहने पर धूल, नमी और गंदगी के कारण इसके फिल्टर, कॉइल और दूसरे हिस्सों पर असर पड़ सकता है. अगर सर्दियों में ही एसी की सही देखभाल कर ली जाए तो गर्मियों में इसे दोबारा चलाते समय परेशानी कम होती है और अनावश्यक सर्विसिंग की जरूरत भी टाली जा सकती है. आइए जानतें है एसी को सर्विस से बचाने के लिए कुछ असरदार टिप्स.
एसी के फिल्टर को साफ करें
सर्दियों में एसी का इस्तेमाल बंद करने से पहले फिल्टर को अच्छी तरह साफ करना सबसे जरूरी कामों में से एक है. फिल्टर में जमा धूल और गंदगी लंबे समय तक रहने पर बदबू और एयरफ्लो से जुड़ी समस्या पैदा कर सकती है. फिल्टर निकालकर उसे साफ पानी से धोएं, लेकिन दोबारा लगाने से पहले उसे पूरी तरह सुखाना भी जरूरी होता है. गीला फिल्टर लगाने से नमी बढ़ती है.
इसे भी पढ़ें: Gas Lighter Repair: कमजोर पड़ गई है गैस लाइटर की चिंगारी? 2 मिनट में ऐसे करें ठीक
एसी को अच्छी तरह सुखाकर बंद करें
अगर एसी में नमी मौजूद है तो लंबे समय तक बंद रहने के दौरान फंगस या बदबू की समस्या हो सकती है. इसलिए बंद करने से पहले कुछ समय के लिए फैन मोड चलाना उपयोगी होता है. इससे यूनिट के अंदर मौजूद अतिरिक्त नमी कम करने में मदद मिलती है. हालांकि आपके एसी में ड्राई या सेल्फ-क्लीन जैसे फीचर हैं, तो कंपनी के निर्देशों के अनुसार उनका इस्तेमाल भी करना बेहतर होता है. वहीं इनडोर यूनिट के आसपास पानी या अत्यधिक नमी जमा होने पर दीवारों और एसी दोनों पर असर पड़ता है. ड्रेन पाइप और ड्रेनेज सिस्टम में किसी तरह की समस्या दिखाई दे तो उसे नजरअंदाज न करें.
बिजली कनेक्शन बंद कर दें
अगर कई महीनों तक एसी का इस्तेमाल नहीं करना है तो केवल रिमोट से बंद करने के बजाय जरूरत के अनुसार पावर सप्लाई या आइसोलेटर भी बंद किया जा सकता है. इससे बिजली की अनावश्यक खपत कम होती है और वोल्टेज में अचानक उतार-चढ़ाव से सुरक्षा मिलती है.
अगर एसी ठीक तरह से काम कर रहा है, फिल्टर साफ हैं और कोई असामान्य आवाज, पानी रिसना, बदबू या कूलिंग की समस्या नहीं है, तो केवल मौसम बदलने के कारण तुरंत प्रोफेशनल सर्विस कराना हमेशा आवश्यक नहीं होता. हालांकि निर्माता द्वारा सुझाए गए सर्विस शेड्यूल का पालन करना बेहतर होता है.
इसे भी पढ़ें: Floor Cleaning Tips: क्या आप भी रोज लगाते हैं पोछा? फर्श खराब होने से पहले जानें सच