Diwali Home Decoration Ideas With Candles: दीवाली पर घर की सजावट में रोशनी का सबसे खास रोल होता है. रंग-बिरंगी लाइट्स, मिट्टी के दीये और खूबसूरत मोमबत्तियां पूरे घर का माहौल बदल देती हैं. लेकिन इस बार अगर आप बाजार से तैयार डेकोरेटिव कैंडल खरीदने के बजाय घर पर ही कुछ अलग बनाना चाहते हैं, तो थोड़ी सी क्रिएटिविटी से खूबसूरत फैंसी मोमबत्तियां तैयार कर सकते हैं.
खास बात यह है कि इसके लिए बहुत ज्यादा सामान खरीदने की जरूरत भी नहीं है. घर में मौजूद कुछ चीजों को नए तरीके से इस्तेमाल करके आप अपनी पसंद की कैंडल बना सकते हैं और दिवाली की सजावट को और खास बना सकते हैं.
घर पर फैंसी मोमबत्ती बनाने के लिए क्या चाहिए?
घर पर कैंडल बनाने के लिए पैराफिन या सोया वैक्स लिया जा सकता है. इसके साथ तैयार वैक्स वाली बाती भी इस्तेमाल कर सकते हैं. अब सबसे दिलचस्प हिस्सा है कैंडल के लिए कंटेनर चुनना. इसके लिए पुराने जार, छोटी कांच की कटोरियां, टी या एग कप, नारियल के खोल और सीपियों का इस्तेमाल किया जा सकता है. अगर आप कुछ अलग ट्राई करना चाहते हैं तो संतरे के खाली छिलके भी कैंडल होल्डर की तरह इस्तेमाल किए जा सकते हैं. इनसे कैंडल को खूबसूरत लुक के साथ हल्की खुशबू भी मिल सकती है.
ऐसे बनाएं घर पर कैंडल
सबसे पहले चुने हुए कंटेनर को अच्छी तरह साफ कर लें. इसके बाद वैक्स को गर्म करके पिघलाएं. कंटेनर के बीच में बाती को सही जगह पर रखें. बाती को सीधा रखने के लिए उसे किसी स्टैंड पर टिकाया जा सकता है या चिमटे की मदद से अपनी जगह पर रखा जा सकता है. अब धीरे-धीरे पिघला हुआ वैक्स कंटेनर में डालें. ध्यान रखें कि बाती अपनी जगह से न हिले. इसके बाद वैक्स को कुछ समय के लिए सेट होने दें. जब यह पूरी तरह जम जाए तो आपकी होममेड कैंडल तैयार है.

अगर आपको वैक्स पिघलाने और कैंडल बनाने का तरीका थोड़ा मुश्किल लग रहा है, तो एक आसान विकल्प भी है. बाजार से टी-लाइट कैंडल लेकर उन्हें अपनी पसंद के खूबसूरत होल्डर में रखा जा सकता है. अलग-अलग आकार और रंग के होल्डर इस्तेमाल करने से डेकोरेशन और भी सुंदर लगेगा.
पानी में बनाएं फ्लोटिंग कैंडल
दिवाली पर घर को अलग अंदाज में सजाने के लिए फ्लोटिंग कैंडल भी अच्छा विकल्प है. इसके लिए एक छोटे टब या चौड़े बर्तन में पानी भरें और उसमें गुलाब की पंखुड़ियां डाल दें. अब इसमें छोटी कैंडल्स रखें. पानी, फूलों और रोशनी का यह कॉम्बिनेशन घर के किसी कोने को तुरंत फेस्टिव लुक दे सकता है.
साधारण दीयों को दें फैंसी लुक
अगर आप मिट्टी के दीयों को भी अपनी तरह से सजाना चाहते हैं, तो बाजार से सादे दीये खरीदकर उन्हें अलग-अलग रंगों से पेंट कर सकते हैं. लाल, नीला, गोल्डन और हरा जैसे रंग दीयों को काफी खूबसूरत बना सकते हैं. आप चाहें तो एक ही दीये में दो या तीन रंगों का इस्तेमाल कर सकते हैं. ग्लिटर की मदद से छोटे-छोटे पैटर्न और डिजाइन भी बनाए जा सकते हैं. जितने रंग और डिजाइन आप अपनी पसंद के हिसाब से जोड़ेंगे, दीये उतने ही खास नजर आएंगे. सजाए हुए दीयों को सिर्फ जमीन पर रखने के बजाय किसी खाली शेल्फ पर भी लगाया जा सकता है. कुछ दीयों को सुरक्षित तरीके से टांगकर भी डेकोरेशन में इस्तेमाल किया जा सकता है.

पुराने डिब्बों को बनाएं खूबसूरत कैंडल होल्डर
घर की किचन में पड़े पुराने मेटल के डिब्बे भी दिवाली की सजावट में काम आ सकते हैं. इन्हें चमकीले रंगों से पेंट करें या किसी रंगीन कपड़े से सजाएं. इसके बाद इन्हें दीवार पर एक पैटर्न में लगाया जा सकता है और इनके ऊपर छोटे दीये या कैंडल रखी जा सकती हैं. इसी तरह छोटे कांच के ग्लास को भी कैंडल होल्डर की तरह इस्तेमाल किया जा सकता है. ग्लास के बाहर पेंट करके या कोई डिजाइन बनाकर उसे और आकर्षक बनाया जा सकता है. एक और क्रिएटिव तरीका है रंगीन कांच की चूड़ियों का इस्तेमाल. चूड़ियों को गोल आकार में कार्डबोर्ड के एक टुकड़े पर चिपकाएं और बीच में छोटी कैंडल रखें. इससे एक खूबसूरत DIY दीया तैयार हो सकता है.
दीयों से सजाएं रंगोली
दिवाली की रंगोली में अगर छोटे-छोटे दीये जोड़ दिए जाएं तो उसकी खूबसूरती और बढ़ जाती है. रंगों और फूलों से बनी रंगोली के बीच में छोटे दीये रख सकते हैं. रंग, फूलों की खुशबू और दीयों की रोशनी मिलकर पूरे डिजाइन को आकर्षक बना देते हैं. आप चाहें तो अपनी बनाई हुई रंगीन कैंडल्स को भी रंगोली के पैटर्न के आसपास एक लाइन में रख सकते हैं. इससे घर का वह हिस्सा रोशनी से भर जाएगा और सजावट को एक अलग लुक मिलेगा. दिवाली पर सिर्फ लाइटिंग ही नहीं, बल्कि चमकीले पर्दे, रंगीन कुशन और खूबसूरत कुशन कवर भी घर के माहौल को फेस्टिव बना सकते हैं. थोड़ी सी क्रिएटिविटी और घर में मौजूद चीजों के सही इस्तेमाल से आप बिना ज्यादा खर्च किए अपने घर को रोशनी और रंगों से भर सकते हैं.
इसे भी पढ़ें: How To Fix Undercooked Rice: अधपके चावल को फेंकने की न करें भूल! 5 मिनट में ऐसे करें ठीक