रोहित शर्मा आईपीएल में एक बार फिर मुंबई इंडियंस की कमान संभालते हुए नजर आ सकते हैं. अगले सीजन यानी IPL 2027 में रोहित एक बार फिर एमआई की कप्तानी करते हुए दिख सकते हैं. हिटमैन के नाम से मशहूर रोहित मुंबई इंडियंस को 5 ट्रॉफी जिताने वाले कप्तान हैं. उन्होंने 2013 से 2023 तक मुंबई की कप्तानी की. इसके बाद अगले तीन सालों तक हार्दिक पांड्या मुंबई के कप्तान के रूप में नजर आए.
स्पोर्ट्स तक की रिपोर्ट के मुताबिक, अब एक बार फिर रोहित की कप्तान के रूप में वापसी हो सकती है. हालांकि गौर करने वाली बात यह है कि अभी रोहित की उम्र 39 साल है. अगले आईपीएल तक वह 40 साल के हो जाएंगे. ऐसे में अगर वह दोबारा कप्तान बनते हैं, तो फिर कब तक कमान संभालेंगे?
फिलहाल रोहित के कप्तान बनने पर किसी भी तरह की कोई आधिकारिक जानकारी नहीं आई है. अब देखना होगा कि मुंबई क्या फैसला लेती है. अगर रोहित कप्तान बनते हैं, तो फिर मौजूदा कप्तान हार्दिक पांड्या का क्या होगा? यह भी एक सवाल है.
आईपीएल के सबसे सफल कप्तान
रोहित आईपीएल के इतिहास में संयुक्त रूप से सबसे सफल कप्तान हैं. जैसे उनकी कप्तानी में मुंबई ने 5 खिताब जीते हैं, वैसे ही चेन्नई सुपर किंग्स ने एमएस धोनी की कप्तानी में 5 टाइटल जीते हैं. इस तरह हिटमैन संयुक्त रूप से सबसे सफल आईपीएल कप्तान हैं.
रोहित शर्मा की कप्तानी में मुंबई ने कब-कब जीता खिताब?
आईपीएल 2013
आईपीएल 2015
आईपीएल 2017
आईपीएल 2019
आईपीएल 2020
रोहित शर्मा का आईपीएल करियर
रोहित ने अब तक अपने आईपीएल में करियर 281 मुकाबले खेल लिए हैं. इन मैचों की 276 पारियों में बैटिंग करते हुए उन्होंने 29.91 की औसत और 132.91 स्ट्राइक रेट से 7329 रन बना लिए हैं. इस दौरान उनके बल्ले से 2 शतक और 49 अर्धशतक निकले हैं, जिसमें हाई स्कोर 109* का रहा. बाकी 32 पारियों में गेंदबाजी करते हुए हिटमैन ने 15 विकेट भी अपने खाते में डाले हैं, जिसमें बेस्ट फिगर 4/6 का रहा.
यह भी पढ़ें: ICC रैंकिंग में ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों की बड़ी छलांग, भारतीय कप्तान टॉप पर