कोलंबो में खेले गए दूसरे टेस्ट का पांचवां दिन जब शुरू हुआ तब लगा था कि भारत इस मैच को आसानी से जीत लेगा. श्रीलंका के पास महज 16 रनों की लीड थी, 6 विकेट गिर चुके थे. लेकिन पहले सेशन में भारतीय गेंदबाज एक भी विकेट नहीं ले पाए, सोनल दिनुषा और केशरा नुवंता टिके रहे. इसके बाद तो मैच भारत से दूर होता चला गया, भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने सभी गेंदबाजों को आजमाया लेकिन कोई कुछ खास नहीं कर पाया. ड्रा के बाद गिल ने श्रीलंका के निचले क्रम के बल्लेबाजों की तारीफ की. उन्होंने भरोसा जताया कि भारत अब भी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में जगह बनाएगा.
मैच के बाद प्रेजेंटेशन में शुभमन गिल से पूछा गया कि क्या लगता है कि भारत क्या अलग कर सकता था? इस पर गिल ने कहा, “सच कहूं तो, कुछ भी नहीं. 3 दिनों तक आप इतने सारे ओवरों में फील्डिंग करते हैं, हमने अपनी तरफ से पूरी कोशिश की, लेकिन उन्होंने बहुत अच्छा खेला. श्रीलंका के बल्लेबाजों ने बहुत हुनर दिखाया और उन्हें थोड़ी किस्मत का भी साथ मिला.”
सुतार ने किया गिल को प्रभावित
गिल ने भारतीय टीम के पॉजिटिव पहलुओं पर बात करते हुए कहा, “मुझे लगता है कि हमारे लिए बहुत सी अच्छी बातें रहीं. विरोधी टीम से भी सीखने को मिला. जिस तरह उन्होंने दबाव में खेलते हुए वापसी की, वह शानदार था. हमारे लिए बहुत सी सकारात्मक चीजें रहीं. देवदत्त पडिक्कल कमाल के रहे, मानव बहुत अच्छे थे, और केएल राहुल भी. तेज गेंदबाजों ने भी पूरी कोशिश की. हमारे लिए यह जरूरी है कि हम मैदान के अंदर और बाहर अपनी तैयारी, प्रदर्शन और काम करने के तरीके में निरंतरता बनाए रखें.”
मानव सुतार के बारे में उन्होंने कहा, “उनकी हर चीज से मैं प्रभावित हुआ. वे निरंतर हैं, गेंद को वह कैसे छोड़ते हैं, और उनकी कलाई और उंगलियों से गेंद कैसे निकलती है. उन्हें गेंदबाजी करते हुए देखना भी अच्छा लगता है. वह आगे भी हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण गेंदबाज साबित होंगे.”
यह भी पढ़ें- सोनल दिनुषा के 3 ऐतिहासिक रिकॉर्ड, दूसरे टेस्ट में रचा इतिहास
WTC फाइनल में जगह बनाएंगे- गिल
शुभमन गिल ने आगे कहा, “हम अब न्यूजीलैंड जाएंगे, वो हमारे लिए महत्वपूर्ण सीरीज होगी और उसके बाद एक अच्छा घरेलू सीजन होगा. हमें उम्मीद है कि हम वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2027 फाइनल में जगह बना पाएंगे.”
फॉलो-ऑन देने को लेकर गिल का मानना है कि बाद में आप इन बातों पर चर्चा कर सकते हैं, लेकिन उस समय जो अच्छा लगता है वो फैसला लेते हैं. उन्होंने भी ऐसा किया, लेकिन वो उनके पक्ष में नहीं रहा. उन्होंने कहा, “इन चीजों के बारे में केवल बाद में ही बात की जा सकती है. आप उस पल में जो सबसे अच्छा फैसला ले सकते हैं, वही लेते हैं और कुछ चीजें हमारे पक्ष में नहीं रहीं.” गिल ने कहा कि मैच अच्छा हुआ और आज टेस्ट क्रिकेट की जीत हुई.
यह भी पढ़ें- BCCI उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने इस श्रीलंकाई प्लेयर को बताया अगला सचिन तेंदुलकर