Tips To Remove Okra Stickiness: भिंडी भी एक ऐसी सब्जी है जो ज्यादातर भारतीय घरों में बनती है. किसी को कुरकुरी भिंडी पसंद होती है तो किसी को मसाला भिंडी या भरवां भिंडी. लेकिन कई बार पूरी मेहनत के बाद भी भिंडी चिपचिपी बन जाती है और उसका स्वाद बिगड़ जाता है. इसकी सबसे बड़ी वजह मसाले नहीं, बल्कि भिंडी काटने का गलत तरीका होता है. अगर आप भी भिंडी काटते समय कुछ छोटी-छोटी गलतियां करते हैं, तो आपकी सब्जी का स्वाद और टेक्सचर दोनों खराब हो सकते हैं. ऐसे में जानिए भिंडी काटने का सही तरीका, जिससे वह कम चिपचिपी रहे और स्वाद भी बेहतरीन आए.
क्या गलती करते हैं हम?
सबसे पहली गलती जो कई लोग करते हैं, वह है भिंडी को धोने के तुरंत बाद काट देना. ऐसा करने से भिंडी में मौजूद नमी बढ़ जाती है और काटते समय ज्यादा लसलसापन निकलता है. बेहतर होगा कि पहले भिंडी को अच्छी तरह धो लें और फिर उसे छलनी या कपड़े पर फैलाकर पूरी तरह सूखने दें. चाहें तो साफ किचन टॉवल से भी उसे पोंछ सकते हैं. जब भिंडी पूरी तरह सूख जाए, तभी उसे काटें.
तेज और सूखे चाकू का इस्तेमाल
भिंडी काटने के लिए हमेशा तेज और सूखे चाकू का इस्तेमाल करें. गीला चाकू या गीला चॉपिंग बोर्ड भिंडी की चिपचिपाहट को और बढ़ा सकता है. अगर काटते समय चाकू पर लसलसापन जमा होने लगे, तो उस पर हल्का-सा नींबू रगड़ सकते हैं. इससे चाकू साफ रहता है और भिंडी आसानी से कटती है.
काटते समय क्या रखें ध्यान?
भिंडी काटते समय उसके दोनों सिरों को पहले हल्का-सा काटकर अलग कर दें. इसके बाद अपनी रेसिपी के अनुसार उसे गोल या लंबाई में काटें. कोशिश करें कि सभी टुकड़े लगभग एक समान आकार के हों. इससे भिंडी एक जैसी पकती है और उसका स्वाद भी बेहतर आता है. अगर आप कुरकुरी भिंडी बना रहे हैं तो थोड़े पतले टुकड़े ठीक रहते हैं, जबकि मसाला या भरवां भिंडी के लिए बड़े टुकड़े ज्यादा अच्छे माने जाते हैं.
काटने के बाद उसे दोबारा पानी से बिल्कुल न धोएं
एक और जरूरी बात यह है कि भिंडी काटने के बाद उसे दोबारा पानी से बिल्कुल न धोएं. कई लोग सफाई के नाम पर ऐसा कर देते हैं, लेकिन इससे भिंडी और ज्यादा चिपचिपी हो जाती है. इसलिए पहले धोएं, अच्छी तरह सुखाएं और फिर सीधे काटकर पकाएं. अगर पकाते समय भी भिंडी में हल्का लसलसापन महसूस हो, तो उसमें थोड़ा-सा नींबू का रस, दही या अमचूर पाउडर डाल सकते हैं. इन चीजों की हल्की खटास चिपचिपाहट कम करने में मदद करती है और स्वाद भी बढ़ाती है.
इसे भी पढ़ें- पोछा लगाते समय पानी में मिलाएं ये चीजें, सीसे की तरह चमक उठेगा घर का कोना-कोना