Vinod Kambli Health Latest Update: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ी विनोद कांबली (Vinod Kambli) बड़ी बीमारी की चपेट में आते नजर आ रहे हैं. कांबली के लिए उनके दोस्त सचिन तेंदुलकर सहित कई पूर्व खिलाड़ियों ने मदद का हाथ आगे बढ़ाया है. कांबली ठीक तरह से चल रहे हैं, लेकिन उनकी याददाश्त बहुत कमजोर हो गई है. वह मुश्किल से ही चीजों को टुकड़ों में याद रख पाते हैं.
खराब याददाश्त के चलते कांबली भूल जाते हैं कि उन्हें स्मोकिंग नहीं करनी है, जिससे उन पर ब्रेन स्ट्रोक का खतरा मंडराने लगा है. कुछ वक्त पहले पूर्व भारतीय खिलाड़ी यूरिनरी इंफेक्शन से ठीक हुए, जिसके लिए उनका ठाणे के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में इलाज हुआ था.
आर्थिक मदद के लिए बनाया गया व्हाट्सएप ग्रुप
कांबली के दोस्त मार्कस कौटो ने हिंदुस्तान टाइम्स से बात करते हुए बताया कि कैसे उनकी आर्थिक मदद के लिए एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया गया है. मार्कस कौटो ने बात करते हुए कहा, “मैंने उनके दोस्तों को जोड़ते हुए एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया है, जिसमें ज्यादातर क्रिकेटर्स हैं. बिना नाम लिए उन्होंने बहुत आर्थिक मदद की है. उनकी याददाश्त बहुत कमजोर हो गई है, लेकिन पिछले 6 महीनों में कम भी नहीं हुई है. उन्हें ज्यादा कुछ याद नहीं रहता है, जब उन्हें कुछ याद आता है, तो वो करते हैं.”
मार्कस कौटो ने आगे कहा, “विनोद के दिमाग में थक्का जम गया है, जिसे अब निकाला नहीं जा सकता है, क्योंकि उन्होंने शुरुआत में ध्यान नहीं दिया. डॉक्टर्स ने बताया है कि उन्हें ब्रेन स्ट्रोक हो सकता है. अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर वह हर संभव प्रयास कर रहे हैं.”
कांबली के दोस्त ने आगे कहा, “डॉक्टर (फेसम न्यूरोसर्जन आदिल छागला, जो पूर्व क्रिकेटर भी हैं) का कहना है कि अगली स्टेज ब्रेन स्ट्रोक होगी. उन्होंने शराब पीना छोड़ दिया है, लेकिन कभी-कभी जब वे बीमार पड़ते हैं, तो राहगीरों से सिगरेट की मदद मांगते हैं. वह ऑटो ड्राइवर्स से भी सिगरेट मांगते हैं और उन्हें खुशी-खुशी मिल जाती है. लोग सोचते हैं कि विनोद कांबली की मदद कर रहे हैं. लेकिन उन्हें अंदाजा नहीं है कि वह क्या नुकसान पहुंचा रहे हैं.”
यह भी पढ़ें: BCCI के अंदर ही ‘दुश्मनों’ से लड़ रहे हैं गौतम गंभीर, साथी खिलाड़ी का बड़ा दावा, कहा- सिलेक्टर्स भी…