हेमा मालिनी को बॉलीवुड इतिहास की सबसे बेहतरीन एक्ट्रेस में गिना जाता है. हेमा मालिनी उन अदाकाराओं में शामिल रही हैं, जिन्होंने फैंस का दिल न सिर्फ अपनी दमदार अदाकारी बल्कि अपनी खूबसूरती और गजब की डांस स्किल से भी जीता. शानदार अदाकारा होने के साथ-साथ हेमा मालिनी डांस में भी महारत रखती हैं. डांस के करण ही एक्ट्रेस की फिल्मी दुनिया में भी एंट्री हुई थी.
हेमा मालिनी ने बड़े पर्दे पर सालों तक बतौर एक्ट्रेस राज किया. इसके बाद छोटे पर्दे पर भी नजर आईं और कुछ एक फिल्मों का भी डायरेक्शन किया. वो चाहे लंबे वक्त से एक्टिंग फील्ड से दूर हैं, हालांकि हेमा मालिनी सालों से राजनीति में एक्टिव हैं. एक्टिंग की तरह ही उनका पॉलिटिकल करियर भी बेहद सफल रहा है. आइए आज एक्ट्रेस के 78वें जन्मदिन के मौके पर उनसे जुड़ी कुछ खास और दिलचस्प बातों के बारे में जानते हैं.
हेमा मालिनी ने झेले कई रिजेक्शन
हेमा मालिनी का जन्म 16 अक्टूबर 1948 को तमिलनाडु के तिरुच्चिराप्पल्ली में हुआ था. हेमा जब मां जया चक्रवर्ती के गर्भ में थी तभी उनकी मां ने उनका नाम सोच लिया था और उन्होंने ये भी सोच लिया था कि वो अपनी बेटी को बेहतरीन डांसर बनाएंगी. हेमा ने कम उम्र में ही डांस सीखना शुरू कर दिया था. उन्होंने भरतनाट्यम, कथक एवं कुचिपुड़ी की ट्रेनिंग ली. आज 78 साल की उम्र में भी वो बेहद शानदार डांस करती हैं.

करियर की शुरुआत में हेमा मालिनी को कई रिजेक्शन झेलने पड़े थे. तमिल निर्देशक सीवी श्रीधरन ने हेमा को देखने के बाद कहा था कि उनमें स्टार वाली बात नहीं है. एक्ट्रेस ने अलग-अलग फिल्म स्टूडियोज में स्क्रीन टेस्ट दिए थे, हालांकि सब जगह उन्हें रिजेक्शन ही झेलने पड़े.
बॉलीवुड में 24 साल बड़े राज कपूर संग डेब्यू
हेमा ने 14 साल की उम्र में ‘इधु सथियम’ (1962) और 17 साल की उम्र में ‘पांडव वनवासम’ (1965) जैसी साउथ फिल्मों में छोटी भूमिकाए निभाई थीं. इसके बाद उन्होंने बॉलीवुड का रुख किया. बॉलीवुड में उनका डेब्यू दिग्गज अभिनेता और निर्देशक राज कपूर की फिल्म ‘सपनों का सौदागर’ से हुआ था. 1968 में आई इस फिल्म के वक्त हेमा 20 साल की और राज कपूर 44 साल के थे. फिल्म में दोनों के बीच रोमांटिक सीन भी थे, जिनकी शूटिंग के वक्त हेमा नर्वस हो गई थीं.
फिर ऐसे बनीं ‘ड्रीम गर्ल’
साल 1970 की फिल्म ‘जॉनी मेरा नाम’ से हेमा को पहचान मिली. 1971 की फिल्म ‘अंदाज’ में उन्होंने एक विधवा महिला की भूमिका निभाई. 1972 की फिल्म ‘सीता और गीता’ ने उन्हें इंडस्ट्री में बतौर एक्ट्रेस स्थापित किया. इसमें उन्होंने डबल रोल निभाकर अपनी शानदार प्रतिभा का परिचय दे दिया. ये मूवी आज भी खूब पसंद की जाती है.

1975 में ‘शोले’ में निभाया गया उनका बसंती का किरदार उनके करियर का सबसे यादगार रोल रहा. ये फिल्म भी बहुत बड़ी ब्लॉकबस्टर निकली. आगे जाकर हेमा ने ‘नसीब’, ‘क्रांति’, ‘जमाई राजा’, ‘बागवान’, ‘वीर जारा’, ‘सत्ते पे सत्ता’, ‘धर्मात्मा’, ‘खुशबू’, ‘प्रतिज्ञा’, ‘रिहाई’, ‘द बर्निंग ट्रेन’ और ‘अंधा कानून’ सहित कई फिल्मों से दर्शकों का दिल जीता. साल 1977 की फिल्म ‘ड्रीम गर्ल’ के बाद उन्हें ड्रीम गर्ल कहा जाने लगा. इसका गाना ड्रीम गर्ल भी काफी पॉपुलर हुआ.

शादीशुदा और 13 साल बड़े धर्मेंद्र से की शादी
स्क्रीन पर हेमा की जोड़ी सबसे ज्यादा उनके पति और दिवंगत एक्टर धर्मेंद्र संग काफी पसंद की गई. दोनों ने ढेरों फिल्मों में साथ काम किया और एक-दूसरे पर दिल हार बैठे. हालांकि धर्मेद्र पहले से शादीशुदा थे और उनके चार बच्चे भी थे. इसके बावजूद हेमा ने 13 साल बड़े धर्मेंद्र से साल 1980 में शादी रचा ली थी. उस वक्त एक्ट्रेस की उम्र 32 साल थी. हेमा और धर्मेंद्र की दो बेटियां हुईं. जिनके नाम अहाना देओल और ईशा देओल हैं. दोनों ने ही बॉलीवुड में काम किया. लेकिन, खास पहचान नहीं मिल पाई.

राजनीति में भी छाईं हेमा मालिनी
साल 2000 की शुरुआत से पहले हेमा राजनीति में अपना इंटरेस्ट दिखाने लगी थीं. साल 1999 में उन्होंने एक्टर विनोद खन्ना के लिए चुनाव प्रचार किया. उन्होंने पंजाब से चुनाव लड़ा था. वो 2003 से 2009 तक और साल 2011 से 2012 तक राज्यसभा सांसद रहीं. 2014, 2019 और फिर 2024 में लगातार 3 बार हेमा मालिनी भाजपा के टिकट पर मथुरा से लोकसभा चुनाव जीतने में कामयाब हुईं. भारतीय जनता पार्टी में दिग्गज एक्ट्रेस की एंट्री साल 2004 में हुई थी. साल 2010 में उन्हें पार्टी ने महासचिव का पद भी दिया था.
