सुनील पाल अक्सर किसी न किसी वजह से चर्चा में रहते हैं. वो अपने बेबाक बयानों के लिए जाने जाते हैं. अब कॉमेडियन एक बार फिर सुर्खियों में आ गए हैं. दरअसल, सुनील पाल ने हाल ही में ABP LIVE को दिए इंटरव्यू में अपने स्ट्रगल और अर्श से फर्श तक के सफर को याद किया. इसके साथ ही उन्होंने कई मुद्दों पर खुलकर बात की.
चाय की दुकान पर किया काम, फुटपाथ पर गुजारी रातें
सुनील पाल की स्ट्रगल स्टोरी काफी प्रेरणादायक है. महाराष्ट्र के चंद्रपुर में जन्मे सुनील पाल ने कॉमेडी की दुनिया में अपनी पहचान बनाने के लिए काफी मुश्किलों का सामना किया. वो साल 1995 में अपने सपनों को पूरा करने के लिए मुंबई आए थे. इंटरव्यू में उन्होंने बताया कि शुरुआती दिनों में उन्हें आर्थिक तंगी से जूझना पड़ा.
गुजारा करने के लिए उन्होंने चाय की दुकान पर काम किया. कई बार उन्हें फुटपाथ पर भी रात गुजारनी पड़ी. उन्होंने अखबार बेचे और रिक्शा तक चलाया. हालांकि, इन मुश्किलों के बावजूद उन्होंने कॉमेडी करने का अपना सपना नहीं छोड़ा और लगातार मेहनत करते रहे.
समय रैना समेत कॉमेडियन्स पर भड़के सुनील पाल
जब सुनील पाल से पूछा गया कि आजकल कॉमेडी में इतनी गाली-गलौज क्यों होने लगी है और गंदी भाषा का इस्तेमाल क्यों किया जाता है, तो उन्होंने कहा, ‘आजकल के कॉमेडियन्स गंदी भाषा का इस्तेमाल करते हैं. सिर्फ समय रैना ही नहीं, और भी कॉमेडियन हैं. इनका कोई दायरा नहीं है. शॉर्टकट के चक्कर में नो वन हो जाता है. हमारे पास अनगिनत शब्द हैं, लेकिन इन्हें गंदी भाषा ही बोलनी है. यूथ डिप्रेशन में आ जाता है. सारे इन्फ्लुएंसर पागल हो गए हैं. इन्हें समझ नहीं आ रहा कि किस दिशा में जाना जाहिए.’
सुनील पाल ने की ‘हनुमान अंश’ की तारीफ
सुनील पाल ने ‘हनुमान अंश’ की तारीफ करते हुए कहा, ‘फिल्म ‘हनुमान अंश’ 2 करोड़ रुपये में बनी है और 500 करोड़ रुपये कमा चुकी है. मुझे लगता है कि ये 1000 करोड़ रुपये भी कमाएगी. ये बॉलीवुड में सबसे ज्यादा बिजनेस करने वाली फिल्मों में से एक है. इसमें न तो गाली-गलौज है और न ही कोई आइटम नंबर. ये हमारे देश की साफ-सुथरी कहानी है, जो रियलिटी पर आधारित है. आजकल के दौर में ऐसी फिल्में बनाना हिम्मत की बात है. दर्शक भी ऐसी फिल्में देखने के लिए तैयार हैं.’
सुनील पाल का ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ पर बड़ा दावा
सुनील पाल हाल ही में नेटफ्लिक्स के कॉमेडी शो ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ में नजर आए थे. इस एपिसोड में समय रैना और रणवीर इलाहाबादिया भी बतौर गेस्ट शामिल हुए थे. अब सुनील पाल ने दावा किया है कि उनका एपिसोड नेटफ्लिक्स पर सबसे ज्यादा टीआरपी हासिल करने वाला एपिसोड है. उन्होंने कहा, ‘तुम्हारे बोलने से ज्यादा मेरी खामोशी की टीआरपी है. भावनाएं समझनी चाहिए. शो फिक्स्ड और प्री-प्लान्ड था. मैं पहले ही समझ गया था.’
सुनील पाल ने ये भी कहा कि मेकर्स ने समय रैना और रणवीर इलाहाबादिया को लाइमलाइट में रखने और शो की टीआरपी व व्यूअरशिप बढ़ाने के लिए उन्हें बुलाया था.
‘द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज’ जीतकर मिली पहचान
सुनील पॉल भारतीय कॉमेडियन, एक्टर और स्टैंड-अप कॉमेडियन हैं, जिन्होंने अपनी कॉमिक टाइमिंग और मजेदार अंदाज से इंडस्ट्री में अलग पहचान बनाई. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत स्टैंड-अप कॉमेडी से की और साल 2005 में रियलिटी शो ‘द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज’ जीतकर घर-घर में लोकप्रिय हो गए. इस जीत के बाद उन्हें फिल्मों और टीवी पर काम करने के मौके मिले.
इन फिल्मों में किया काम
उन्होंने ‘फिर हेरा फेरी’, ‘अपना सपना मनी मनी’, ‘बॉम्बे टू गोवा’ और ‘क्रेजी 4’ जैसी फिल्मों में भी काम किया है. साल 2010 में उन्होंने फिल्म ‘भावनाओं को समझो’ का लेखन और निर्देशन भी किया, जिसमें 51 स्टैंड-अप कॉमेडियन नजर आए थे. इसके अलावा, सुनील पाल ने टीवी शोज और लाइव कॉमेडी परफॉर्मेंस के जरिए भी दर्शकों का मनोरंजन किया है.