बीसीसीआई ने आज अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया है. श्रेयस अय्यर की कप्तानी में 15 खिलाड़ियों को जगह मिली है, जिसमें वैभव सूर्यवंशी का नाम भी हैं. ये वैभव की पहली घरेलू सीरीज होगी, जिन्होंने हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ खेलते हुए इंटरनेशनल डेब्यू किया था. जसप्रीत बुमराह की भी वापसी हुई है, लेकिन उनका खेलना फिटनेस क्लीयरेंस पर निर्भर करेगा. इसमें कई ऐसे नाम नहीं हैं, जिनको लेकर उम्मीद लगाई जा रही थी कि वो इस सीरीज के लिए चुने जाएंगे.
रिंकू सिंह
भारत की पिछली टी20 सीरीज में रिंकू सिंह शामिल थे, लेकिन अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज में वह शामिल नहीं किए गए हैं. रिंकू ने भारत के लिए 48 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 702 रन बनाए हैं, जिसमें 3 अर्धशतकीय पारियां शामिल हैं. उनका स्ट्राइक रेट 156.34 का है. उनकी भूमिका फिनिशर की है.
कुलदीप यादव
स्पिनर कुलदीप यादव निरंतर भारत के लिए नहीं खेल पा रहे हैं, एक सीरीज में खेलने के बाद उन्हें फिर बाहर कर दिया जाता है. कुलदीप उस टीम का हिस्सा थे, जिन्होंने इस साल टी20 वर्ल्ड कप जीता. उन्होंने आखिरी मैच वर्ल्ड कप में ही खेला था, जो पाकिस्तान के खिलाफ था. 31 वर्षीय कुलदीप अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज में नहीं चुने गए, जिन्होंने भारत के लिए खेले 54 टी20 मैचों में 95 विकेट लिए हैं.
यह भी पढ़ें- वैभव सूर्यवंशी के 6 ऐतिहासिक रिकॉर्ड, इनका टूटना है असंभव
क्रुणाल पांड्या
ऑलराउंडर क्रुणाल पांड्या ने पिछले 2 आईपीएल सीजन में गेंद और बल्ले से शानदार प्रदर्शन किया. माना जा रहा था कि अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज में उनकी वापसी हो सकती है, जिन्होंने 2021 में अपना आखिरी इंटरनेशनल मैच खेला था. हालांकि एक बार फिर उन्हें नजरअंदाज किया गया, जिसके बाद पांड्या ने एक स्टोरी शेयर करते हुए लिखा, “अभी उम्मीद बरकरार है.” 35 वर्षीय कुणाल ने भारत के लिए 19 टी20 मैचों में खेली 10 पारियों में 124 रन बनाए हैं और 15 विकेट लिए हैं.
यह भी पढ़ें- 7 छक्के, 5 चौके, अभिषेक शर्मा का तूफान; 36 गेंद में ठोके 82 रन
अफगानिस्तान के खिलाफ भारत का टी20 स्क्वॉड
श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा.
बीसीसीआई ने स्क्वॉड ऐलान के साथ बताया कि नितीश, वाशिंगटन, बुमराह और हर्षित का खेलना फिटनेस रिपोर्ट पर निर्भर करेगा.