भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी20 सीरीज का निर्णायक मुकाबला बारिश की वजह से रद्द हो गया है. टी20 सीरीज का पांचवां व अंतिम मैच शाम 7 बजे शुरू होना था, लेकिन बारिश की वजह से मुकाबले का टॉस रात 9 बजे हुआ और मैच 9:15 बजे शुरू हुआ. यह मैच 9-9 ओवर का शुरू हुआ था. बेंगलुरु में झमाझम बारिश के बाद ईशान किशन और नमन धीर का तूफान देखने को मिला. हालांकि, 7.4 ओवर में भारत का स्कोर 5 विकेट पर 118 रन था, तभी बारिश फिर से आई, और दोबारा मैच शुरू नहीं हो सका. यह सीरीज 2-2 की बराबरी पर रही.
लगातार बारिश की वजह से यह मैच 9-9 ओवर का खेला जा रहा था. बेंगलुरु का एम चिन्नास्वामी स्टेडियम काफी छोटा मैदान है. ऐसे में यहां गेंदबाजों की काफी पिटाई होती है, लेकिन मौसम और लागतार बारिश होने की वजह से शुरुआत में गेंदबाजों के लिए परिस्थिति फायदेमंद थी. ऐसे में वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप ने 9 ओवर के मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया. हालांकि, भारतीय बल्लेबाजों ने उनका यह फैसला पूरी तरह से गलत साबित किया.
भारत के लिए ईशान किशन ने 300 के स्ट्राइक रेट से और नमन धीर ने 400 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए. ईशान किशन ने 10 गेंद में 30 रनों की तूफानी पारी खेली. उनके बल्ले से तीन चौके और दो छक्के निकले. अंत में नमन धीर 6 गेंद में 24 रनों पर नाबाद रहे. उन्होंने एक चौका और तीन छक्के लगाए. इसके अलावा कप्तान श्रेयस अय्यर ने 14 गेंद में 22, संजू सैमसन ने सात गेंद में 16 और अभिषेक शर्मा ने चार गेंद में छह रन बनाए. तिलक वर्मा छह गेंद में बिना किसी बाउंड्री के सात रन ही बना सकी. इस तरह भारतीय टीम ने महज 7.4 ओवर में 118 रन बना लिए थे. बल्लेबाजों ने अपना काम कर दिया था, लेकिन तभी अचानक बारिश फिर से आ गई.
अगर बारिश कुछ देर में रुक जाती तो वेस्टइंडीज को पांच ओवर में 85 रनों का टारगेट मिलता, लेकिन बारिश तेज थी. ऐसे में अंपायर्स ने ज्यादा देर इंतजार नहीं किया, और मैच नो रिजल्ट (रद्द) घोषित कर दिया गया. पांच मैचों की टी20 सीरीज 2-2 की बराबरी पर समाप्त हुई.
यह भी पढ़ें-
IND vs WI 5th T20: 9-9 ओवर का होगा भारत-वेस्टइंडीज का पांचवां टी20, बदल गए सारे नियम