फटे दूध से सिर्फ पनीर नहीं बनता, घर पर ट्राई करें ये आसान रेसिपी

f382302ca55d58c41655463c2e032cf817880738301111473 original


घर में दूध का फट जाना कोई नई बात नहीं है. यह हर भारतीस किचन में होने वाली एक आम समस्या है. कई बार दूध गर्म करने पर फट जाता है, तो कभी ज्यादा देर तक रखने की वजह से उसका स्वाद बदल जाता है. ऐसे में ज्यादातर लोग उससे पनीर बना लेते हैं. लेकिन अगर आप कुछ अलग ट्राई करना चाहते हैं, तो फटे दूध से कई स्वादिष्ट डिश तैयार की जा सकती हैं. लेकिन फटे दूध को इस्तेमाल करने से पहले यह जरूर देख लें कि उसमें सड़ी हुई गंध, फफूंदी या कोई असामान्य रंग न हो. अगर दूध खराब नहीं हुआ है और सिर्फ फटा है, तो आप इन आसान रेसिपी को ट्राई कर सकते हैं.

फटे दूध के कटलेट

फटे दूध से आप स्वादिष्ट और क्रिस्पी कटलेट बना सकते हैं. इसके लिए फटे दूध को मलमल के कपड़े में छानकर अतिरिक्त पानी निकाल लें. अब इसमें दो उबले और मैश किए हुए आलू, बारीक कटी हरी मिर्च, धनिया, थोड़ा अदरक, नमक, लाल मिर्च और गरम मसाला डालें. मिश्रण को अच्छी तरह मिलाकर इसमें 2-3 चम्मच ब्रेड क्रम्ब्स या सूजी डालें. अब हाथों से छोटे-छोटे कटलेट बनाएं. तवे पर थोड़ा तेल गर्म करके कटलेट को दोनों तरफ से सुनहरा और क्रिस्पी होने तक सेंक लें. इन्हें हरी चटनी या टोमैटो सॉस के साथ सर्व कर के आप इनका आनंद ले सकते हैं.

फटे दूध की मीठी टिक्की

अगर आपका मन कुछ मीठा खाने का है, तो फटे दूध से आप मीठी टिक्की भी बना सकते हैं. सबसे पहले फटे दूध को छानकर उसका पानी अच्छी तरह निकाल लें. अब इसमें थोड़ा बारीक सूजी, चीनी या पिसी हुई शक्कर, इलायची पाउडर और थोड़े कटे हुए ड्राई फ्रूट्स मिलाएं. मिश्रण को कुछ मिनट के लिए रख दें ताकि सूजी नमी सोख ले. इसके बाद इसकी छोटी-छोटी टिक्कियां बनाकर हल्के घी या तेल में धीमी आंच पर सेंकें. टिक्कियां दोनों तरफ से हल्की सुनहरी हो जाएं तो इन्हें निकाल लें. आप इन्हें गरमा-गरम या ठंडा करके भी सर्व कर सकते हैं.

इसे भी पढ़ें: Baingan Bharta Recipe: इस स्टाइल से बनाएं बैंगन का भरता, उंगलियां चाट-चाटकर खाएंगे लोग

फटे दूध से मिठाई

फटे दूध से एक आसान देसी मिठाई भी तैयार की जा सकती है. इसके लिए छाने हुए दूध के ठोस हिस्से को एक कड़ाही में डालें और धीमी आंच पर चलाते हुए पकाएं. इसमें स्वादानुसार चीनी और इलायची पाउडर डालें. जब मिश्रण थोड़ा गाढ़ा होने लगे, तब इसमें कटे हुए काजू, बादाम या पिस्ता डालें. लगातार चलाते रहें, जब तक मिश्रण कड़ाही छोड़ने न लगे. अब इसे एक प्लेट में फैलाकर ठंडा करें और मनचाहे आकार में काट लें. चाहें तो आप इसे ऊपर से थोड़े ड्राई फ्रूट्स डालकर भी सजा सकते हैं.

इसे भी पढ़ें: इस तरह से बनाएं अंडा करी, पूरा परिवार हो जाएगा आपका दीवाना



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *