पाकिस्तान क्रिकेट में भूचाल आ गया है. इंग्लैंड टूर पर बेकार प्रदर्शन के चलते अचानक 7 खिलाड़ियों को टीम से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है. केवल खिलाड़ी ही नहीं बल्कि PCB ने 2 कोचों को भी नहीं बख्शा है. 7 खिलाड़ियों में मोहम्मद रिजवान, सलमान आगा और इमाम उल हक का नाम भी शामिल है.
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) की इस कार्रवाई में 7 खिलाड़ियों के अलावा टेस्ट हेड कोच सरफराज अहमद और गेंदबाजी कोच उमर गुल का भी पत्ता कट गया है. पाकिस्तान टीम अभी इंग्लैंड में है, जहां 2 टेस्ट मैचों के बाद वह सीरीज में 0-2 से पिछड़ रही है. सीरीज का तीसरा और अंतिम टेस्ट मैच 9 सितंबर से बर्मिंघम में खेला जाएगा.
तीसरे टेस्ट मैच में माइक हेसन पाक टीम के हेड कोच होंगे, जो पाकिस्तान के व्हाइट बॉल कोच भी हैं. सलमान अली आगा, मोहम्मद रिजवान और इमाम उल हक के अलावा खुर्रम शहजाद, अवैस जफर, आमिर जमाल और अली उस्मान को भी वापस घर भेज दिया गया है.
सैम अयूब, अब्दुल्लाह फजल को रिप्लेसमेंट के तौर पर इंग्लैंड बुलाया गया है. वहीं अराफाट मिनहास, साद बैग, मोहम्मद इमरान, मोहम्मद इमरान रंधावा और रजाउल्लाह को नेशनल टीम का कॉल आया है. उन्हें समय रहते वीजा मिल गया तो वे इंग्लैंड के लिए रवाना होंगे. वहीं माइक हेडन पहले ही टीम के साथ जुड़ चुके हैं.
यह भी पढ़ें: चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर की कुर्सी खतरे में? BCCI लेगा बड़ा फैसला
मोहसिन नकवी पर राजनीतिक दबाव
पाकिस्तान टीम के भीतर ये बदलाव ऐसे समय पर हुए हैं, जब कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि PCB चीफ मोहसिन नकवी को कुछ नेताओं की ओर से राजनीतिक दबाव झेलना पड़ रहा है.
याद दिला दें कि पाकिस्तान टीम को पहले टेस्ट मैच में पारी और 103 रनों के अंतर से हार मिली थी. उस मुकाबले में बाबर आजम नहीं खेले थे. लॉर्ड्स पर खेले गए दूसरे टेस्ट में बाबर आजम की वापसी के बावजूद परिणाम नहीं बदला. इस बार इंग्लैंड ने उसे 194 रनों के विशाल अंतर से हराया. अब तक टेस्ट सीरीज की चारों पारियों में पाक टीम एक बार भी 200 रनों का आंकड़ा नहीं छू पाई है.
इसी बीच पूर्व क्रिकेटर स्टुअर्ट ब्रॉड ने आरोप लगाए कि इमाम उल हक चोट का बहाना कर रहे थे. जबकि PCB ने अपने स्टेटमेंट में बताया कि उन्हें काफ इंजरी हुई थी. नकवी इस मामले में जांच के आदेश भी दे चुके हैं.
यह भी पढ़ें:
‘उस दिन पाकिस्तान क्रिकेट बर्बाद हो गया…’, बाबर आजम पर दिग्गज का हैरतअंगेज बयान