आने वाले समय में अब हरियाणा के गुरुग्राम या नूंह इलाकों के 8.3 लाख से ज्यादा बिजली उपभोक्ताओं को अपनी पसंद की कंपनी से बिजली लेने का ऑप्शन मिल सकता है. हरियाणा विद्युत नियामक आयोग (HERC) ने इलेवन पावर प्राइवेट लिमिटेड को इन दोनों जिलों में 25 साल के लिए बिजली वितरण का लाइसेंस देने की मंजूरी दी है. अगर आप हरियाणा के गुरुग्राम या नूंह में रहते हैं, तो बिजली से जुड़ा यह बदलाव आपके काम आ सकता है.
इस फैसले के तहत घरों, दुकानों, खेतों, कार्यालयों और औद्योगिक इकाइयों को बिजली सप्लायर चुनने का ऑप्शन मिलेगा. हालांकि, यह सुविधा तभी उपलब्ध होगी, जब इलेवन पावर का नेटवर्क संबंधित इलाकों तक पहुंच जाएगा.
क्या है बिजली सप्लायर चुनने का नया ऑप्शन?
इस व्यवस्था के तहत एक ही क्षेत्र में दो बिजली वितरण कंपनियां अपनी सेवाएं दे सकेंगी. गुरुग्राम और नूंह के 8.3 लाख से ज्यादा घरेलू, कृषि, व्यावसायिक और औद्योगिक उपभोक्ताओं को इसका लाभ मिल सकता है.
उपभोक्ता अपने क्षेत्र में इलेवन पावर का नेटवर्क पहुंचने के बाद उपलब्ध वितरण कंपनियों में से किसी एक को चुन सकेंगे. हरियाणा में पहली बार किसी कंपनी को इस तरह का समानांतर बिजली वितरण लाइसेंस दिया गया है. हालांकि, देश के कुछ अन्य क्षेत्रों में भी ऐसी व्यवस्था लागू है. फिलहाल मुंबई इसका एक उदाहरण है.
कब से शुरू होगी बिजली सप्लाई?
इलेवन पावर ने 2027-28 से उपभोक्ताओं को बिजली की आपूर्ति शुरू करने की योजना बनाई है. कंपनी अगले पांच सालों में चरणबद्ध तरीके से अपना नेटवर्क तैयार करेगी. इस परियोजना के तहत 2026-27 से 2030-31 के बीच 4,717 करोड़ रुपये का निवेश करने का प्रस्ताव दिया गया है.
वहीं, इस नेटवर्क का विस्तार गुरुग्राम शहर, गुरुग्राम उपनगर, मानेसर, सोहना और नूंह सहित सभी पांच डिवीजनों में किया जाएगा. इसके लिए कंपनी को पहले चरण की विस्तृत योजना और बिजली सप्लायर बदलने की प्रक्रिया से जुड़ा प्रोटोकॉल भी पेश करना होगा.
अशनीर ग्रोवर ने दिखाया 100 करोड़ का घर, DLF Camellias में क्या-क्या है?