आईपीएल 2026 का सीजन समाप्त हो चुका है. बीते रविवार (31 मई) को सीजन का फाइनल खेला गया था. अब सीजन खत्म होने के करीब तीन दिन बाद बड़ी चौंकाने वाली खबर सामने आई, जिसमें बताया गया कि विदेशी खिलाड़ी ने मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) पर सीजन के लिए पूरे पैसे न देने का गंभीर आरोप लगाया है. यह खिलाड़ी कोई और नहीं बल्कि न्यूजीलैंड के स्टार ऑलराउंडर मिचेल सेंटनर (Mitchell Santner) हैं.
बता दें कि सेंटनर इंजरी के चलते मुंबई के लिए पूरे सीजन नहीं खेल पाए थे. सेंटनर ने बताया कि एमआई की तरफ से उन्हें आधी सैलरी ही दी गई है. बताते चलें कि मुंबई ने सेंटनर ने 2 करोड़ रुपये की कीमत में रिटेन किया था. सेंटनर पर यह भी आरोप लगे थे कि वह चोट का बहाना बनाकर न्यूजीलैंड की टेस्ट टीम में शामिल हो गए. अब कीवी ऑलराउंडर ने सारी चीजों को लेकर बात की.
कंधे में 2 बार लगी चोट
‘ग्रेड क्रिकेटर पॉडकास्ट’ पर बात करते हुए सेंटर ने आईपीएल को लेकर पूरी कहानी बताई. उन्होंने बताया कि वह अपने दूसरे बच्चे के जन्म के कारण मुंबई का पहला मैच नहीं खेल पाए थे. इसके बाद उन्होंने फ्रेंचाइजी के लिए दिल्ली के खिलाफ मुकाबला खेला और उनके दाएं कंधे में चोट लग गई. फिर वापसी करने के बाद सेंटनर के बाएं कंधे में चोट लग गई. इसके चलते वह सीजन में सिर्फ 4 मैच ही खेल सके.
सेंटनर का दावा- सैलरी का आधा हिस्सा मिला
सेंटनर ने बताया कि उनके दोनों कंधों में चोट लगी. उन्हें लगा कि वह टीम के लिए अपना शरीर दांव पर लगा रहे हैं, लेकिन ऐसा माना नहीं गया. फिर सैलरी को लेकर दावा करते हुए सेंटनर ने कहा कि मुंबई इंडियंस ने 2 करोड़ रुपये की सैलरी का आधा हिस्सा दिया. उन्हें यह बात बिल्कुल भी पंसद नहीं आई.
चोटिल खिलाड़ियों को लेकर क्या है IPL का नियम?
आईपीएल के नियमों के अनुसार, अगर कोई खिलाड़ी सीजन के बीच में चोटिल होता है, तो उसे कॉन्ट्रैक्ट का पूरा पैसा दिया जाता है. हालांकि कई बार ऐसा भी होता है कि खिलाड़ियों को सैलरी कुछ किश्तों में मिलती है. फिलहाल मुंबई की तरफ से सेंटनर की इस बात पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है.
यह भी पढ़ें: ‘एक बिहारी सब पर भारी, फिर…’, विराट कोहली ने वैभव सूर्यवंशी को दिया तगड़ा मोटिवेशन; वीडियो वायरल