घर में बनेंगे बाजार की तरह फूले हुए भटूरे, इस तरह से गूंथें आटा

79eeb140bd797baa084f6988745dd0dd17925787180291472 original


छोले-भटूरे का नाम सुनते ही मुंह में पानी आ जाता है. बाजार में मिलने वाले भटूरे अक्सर बाहर से सुनहरे और अंदर से नरम होते हैं. लेकिन घर पर भटूरे बनाते समय कई बार वे ठीक से फूलते नहीं या सख्त हो जाते हैं. इसकी एक वजह आटा गूंथने का तरीका, उसे रेस्ट देने का समय और तलने के लिए तेल का सही तापमान होता है. अगर आप भी घर पर बाजार जैसे फूले हुए भटूरे बनाना चाहते हैं, तो कुछ आसान बातों का ध्यान रखें. आइए जानते हैं आटा तैयार करने से लेकर भटूरे तलने तक का सही तरीका.

 इस तरह गूंथें आटा

फूले हुए भटूरे बनाने के लिए सबसे पहले सही सामग्री लेना जरूरी है. इसके लिए दो कप मैदा, दो बड़े चम्मच सूजी, दो बड़े चम्मच दही, आधा छोटा चम्मच चीनी, थोड़ा नमक और जरूरत के अनुसार पानी लें. आटे में एक छोटा चम्मच तेल मिलाएं. अब एक बड़े बर्तन में मैदा, सूजी, नमक और चीनी डालकर अच्छी तरह मिला लें. इसके बाद दही डालें और थोड़ा-थोड़ा पानी मिलाते हुए आटा गूंथें. आटा न ज्यादा सख्त होना चाहिए और न ही बहुत ढीला. इसे अच्छी तरह गूंथकर चिकना कर लें. ध्यान रखें कि बहुत ज्यादा पानी डालने से आटा चिपचिपा हो सकता है. आटा तैयार होने के बाद इसे ढककर करीब 2 से 3 घंटे के लिए गर्म जगह पर रख दें.

भटूरे बेलते समय रखें इन बातों का ध्यान

आटे को रेस्ट देने के बाद उसे एक बार हल्के हाथों से गूंथ लें. अब इसकी बराबर आकार की लोइयां बना लें. लोई को बेलने के लिए चकले पर थोड़ा तेल लगाएं. कोशिश करें कि भटूरे को बहुत पतला न बेलें, क्योंकि इससे फूलने  में परेशानी होती है. इसे न ज्यादा मोटा रखें और न ही बहुत पतला. बेलते समय ध्यान रखें कि आटे में बड़ी दरारें न हों और उसकी मोटाई लगभग हर जगह एक जैसी रहे. अगर आटा चकले पर चिपक रहा है, तो थोड़ा तेल इस्तेमाल करें. जरूरत से ज्यादा सूखा मैदा लगाने से तलते समय तेल में मैदा जल सकता है. लोइयां बेलने के बाद उन्हें बहुत देर तक खुला न छोड़ें, वरना उनकी सतह सूख सकती है.

यह भी पढ़ें : Dal Soup: घर पर बनाना है फटाफट वाला दालों का सूप, तैयार करके रखें ये चीजें

सही तापमान पर तलें भटूरे

भटूरे तलने के लिए कड़ाही में पर्याप्त तेल गर्म करें. तेल सही तापमान पर होना चाहिए. अगर तेल कम गर्म होगा, तो भटूरे ज्यादा तेल सोख सकते हैं और ठीक से नहीं फूलेंगे. वहीं, बहुत ज्यादा गर्म तेल में भटूरे बाहर से जल्दी रंग पकड़ते हैं. तेल का तापमान जांचने के लिए आटे का छोटा टुकड़ा डालें. अगर वह धीरे-धीरे ऊपर आ जाए और उसके आसपास बुलबुले बनें, तो तेल तलने के लिए तैयार होता है. अब बेले हुए भटूरे को सावधानी से तेल में डालें और कलछी से हल्का दबाएं, ताकि वह फूल सके. जब एक तरफ सुनहरा रंग आ जाए, तो पलटकर दूसरी तरफ भी तल लें. तैयार भटूरे को निकालकर ज्यादा तेल निकलने दें. इन्हें गर्मागर्म छोले, प्याज और अचार के साथ परोसें.

यह भी पढ़ें : घर पर कैसे बनाएं राजस्थानी स्टाइल मिर्च के टपोरे? शानदार आएगा स्वाद



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *