अगर आप सोचते हैं कि आजकल के युवा घूमने-फिरने में कंजूस हो गए हैं तो शायद आप गलत हैं. वे घूम रहे हैं, बस तरीका बदल गया है. Airbnb ने एक नई रिपोर्ट जारी की है, जिसका नाम है Never the Same: The New Rules of Gen-Z Travel in India. इस रिपोर्ट में बताया गया कि भारत के Gen-Z यानी तकरीबन 18 से 27 साल के युवा अब साल में एक लॉन्ग ट्रिप लगाने के बजाय तीन-तीन शॉर्ट ट्रिप्स करना पसंद करते हैं.
रिपोर्ट में सामने आई यह बात
रिपोर्ट के मुताबिक, 10 में से सात Gen-Z युवा यही पसंद करते हैं. 87 फीसदी युवाओं की पसंदीदा यात्रा एक हफ्ते से भी कम की होती है. इसका मतलब यह है कि लंबे टूर पैकेज का जमाना जाता दिख रहा है.
बुकिंग कब करते हैं यूथ?
दिलचस्प बात यह है कि ये युवा बुकिंग भी बहुत पहले से नहीं करते. 66 फीसदी युवा यात्रा से बस कुछ दिन या कुछ हफ्ते पहले ही टिकट और जगह बुक करते हैं. कोई अचानक लंबा वीकेंड मिला, दोस्तों ने अचानक प्लान बनाया तो निकल पड़े. इसे कहते हैं आज की यात्रा.
सिर्फ घूमने के लिए ट्रैवल नहीं कर रहे युवा
गौर करने वाली बात यह है कि जेन जी की यह यात्रा सिर्फ घूमने के लिए नहीं होती है. रिपोर्ट कहती है कि 87 फीसदी युवाओं को लगता है कि वे जैसे घूमते हैं, वह उनकी पहचान को दर्शाता है. ऐसे में 95 फीसदी युवा चाहते हैं कि उनकी यात्रा बाकी सबसे अलग हो और उनकी अपनी हो. इसके अलावा 90 फीसदी ऐसी जगहें ढूंढते हैं, जो सोशल मीडिया पर वायरल न हुई हों. इंस्टाग्राम पर जिस जगह की पोस्ट ज्यादा वायरल हो रही हैं, वहां जेन-जी जाना पसंद नहीं करते हैं.
ठहरने के लिए चुनते हैं ऐसी जगह
बता दें कि यूथ अब होटल की जगह घर जैसी जगह पर रहना ज्यादा पसंद करते हैं. 63 फीसदी ने कहा कि उन्होंने कोई जगह इसलिए चुनी, क्योंकि वहां रहने की व्यवस्था उन्हें अच्छी लगी, न कि सिर्फ उस शहर या जगह की वजह से. जब वह दोस्तों के साथ जाते हैं तो आधे से ज्यादा युवा अलग-अलग होटल कमरों की बजाय एक ही घर में साथ रहना पसंद करते हैं. इसके अलावा यात्रा में पार्टनर की भी अहमियत है. चार में से तीन Gen-Z युवाओं के लिए यह ज्यादा जरूरी है कि वे किसके साथ जा रहे हैं.
हर यात्रा से पता चलता है सोचने का तरीका
Airbnb के भारत और दक्षिण-पूर्व एशिया के कंट्री हेड अमनप्रीत बजाज ने कहा कि Gen-Z के लिए यात्रा जीवन के सबसे निजी फैसलों में से एक बन गई है. वे कहां जाते हैं, किसके साथ जाते हैं और कहां ठहरते हैं, इन सब चीजों से वे खुद को जाहिर करते हैं. Airbnb के आंकड़ों में भी यह बदलाव साफ दिखता है. गर्मियों में भारतीय Gen-Z की सर्च 30 फीसदी से ज्यादा बढ़ी है. दो से छह रातों की छोटी यात्राओं की घरेलू बुकिंग में करीब 80 फीसदी की बढ़त हुई है. दोस्तों के साथ ग्रुप ट्रिप में भी 55 फीसदी से ज्यादा की बढ़ोतरी दर्ज हुई है.
ये भी पढ़ें: खुलने जा रही है फूलों की जन्नत! वैली ऑफ फ्लावर्स 2026 की तारीख घोषित, जानें पूरी ट्रैवल गाइड