घर से बेकरी या गिफ्ट पैकिंग का काम शुरू करने में कितना खर्च आता है?

37e064a793371fdd7339d309cc7c266717927369409571482 original


आज के समय में अपना काम शुरू करने के लिए बड़ी दुकान या ऑफिस होना जरूरी नहीं है. कई ऐसे छोटे बिजनेस हैं, जिन्हें घर के एक कमरे से भी शुरू किया जा सकता है. खास बात यह है कि इन कामों में शुरुआत में ज्यादा पैसे लगाने की जरूरत नहीं पड़ती.

अगर आप भी घर बैठे कमाई करना चाहते हैं और अपने बजट के हिसाब से कोई काम शुरू करने की सोच रहे हैं, तो बेकरी और गिफ्ट पैकिंग जैसे विकल्प आपके लिए अच्छे हो सकते हैं. हालांकि, बिजनेस शुरू करने से पहले खर्च, सामान और ग्राहकों की जरूरत को समझना जरूरी है.

 घर से बेकरी का काम शुरू करने में कितना खर्च आएगा?

अगर आपको केक, कुकीज, कपकेक या बिस्कुट बनाना पसंद है, तो घर से बेकरी का काम शुरू कर सकते हैं. शुरुआत में आप अपने घर की रसोई से ही ऑर्डर लेना शुरू कर सकते हैं. इसके लिए आपको बहुत बड़े सेटअप की जरूरत नहीं होगी. अगर आपके पास पहले से ओवन और रसोई का जरूरी सामान है, तो खर्च कम हो सकता है. वहीं, नया सामान खरीदने पर बजट बढ़ सकता है.

बेकरी बिजनेस में अनुमानित शुरुआती खर्च:

  • ओवन या बेकिंग उपकरण: 5 हजार से 15,000 रुपये
  • कच्चा माल, जैसे मैदा, चीनी, क्रीम और चॉकलेट: 2 हजार से 4 हजार रुपये
  • केक मोल्ड, बीटर और दूसरे उपकरण: 2 हजार से 5 हजार रुपये
  • पैकिंग बॉक्स और सजावट का सामान: 1 हजार से 2 हजार रुपये

इस तरह छोटे स्तर पर बेकरी का काम शुरू करने के लिए लगभग 10 हजार से 25 हजार रुपये या उससे ज्यादा की जरूरत पड़ सकती है. वास्तविक खर्च आपके पास मौजूद सामान और काम के स्तर पर निर्भर करेगा.

घर से गिफ्ट पैकिंग का काम कैसे शुरू करें?

अगर आपको सजावट करना और चीजों को खूबसूरती से पैक करना पसंद है, तो गिफ्ट पैकिंग का काम भी शुरू कर सकते हैं. इसमें जन्मदिन, शादी, त्योहार और सालगिरह के लिए गिफ्ट पैक तैयार किए जा सकते हैं. इस काम की खास बात यह है कि इसमें महंगी मशीनों की जरूरत नहीं होती. शुरुआत में आप छोटे ऑर्डर लेकर अपना काम बढ़ा सकते हैं.

गिफ्ट पैकिंग बिजनेस में अनुमानित खर्च:

  • गिफ्ट पेपर और रिबन: 1  हजार से 2 हजार रुपये
  • गिफ्ट बॉक्स और सजावटी सामान: 2 हजार से 3 हजार रुपये
  • कैंची, टेप, गोंद और दूसरे उपकरण: 500 से 1 हजार रुपये
  • सैंपल पैक और डिजाइन तैयार करना: 500 से 1 हजार रुपये

इस तरह लगभग 4 हजार से 7 हजार रुपये में छोटे स्तर पर गिफ्ट पैकिंग का काम शुरू किया जा सकता है.

ग्राहकों तक कैसे पहुंचें?

शुरुआत में अपने दोस्तों, रिश्तेदारों और आसपास के लोगों को अपने काम के बारे में बता सकते हैं. इसके अलावा WhatsApp और Instagram पर अपने बनाए प्रोडक्ट की तस्वीरें डालकर ऑर्डर लेने की कोशिश कर सकते हैं.

बेकरी के लिए स्वाद, साफ-सफाई और समय पर डिलीवरी जरूरी है. वहीं, गिफ्ट पैकिंग में अच्छी डिजाइन और आकर्षक पैकिंग ग्राहकों को पसंद आ सकती है. स्थानीय दुकानों और इवेंट प्लानर्स से संपर्क करना भी फायदेमंद हो सकता है.

किस बिजनेस में होगा ज्यादा फायदा?

कम बजट में शुरुआत करने के लिहाज से गिफ्ट पैकिंग आसान विकल्प हो सकता है. वहीं, बेकरी में नियमित ग्राहक बनने पर बार-बार ऑर्डर मिलने की संभावना रहती है, लेकिन दोनों कामों में कमाई तय नहीं होती. यह ऑर्डर की संख्या, सामान की लागत, आपकी मेहनत और ग्राहकों की मांग पर निर्भर करेगी.

अगर आप घर से अपना छोटा बिजनेस शुरू करना चाहते हैं, तो पहले कम सामान और छोटे ऑर्डर से शुरुआत करें. इससे आपको बाजार की मांग समझने और बिना ज्यादा जोखिम के अपने काम को आगे बढ़ाने में मदद मिल सकती है.

यह भी पढ़ें- खुशखबरी! Indian Bank ने बढ़ाया ब्याज, अब 555 और 777 दिन की जमा पर मिलेगा ज्यादा रिटर्न

यह भी देखें- 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *