ट्रंप का यू-टर्न, कई सामानों पर खत्म किया 50% टैरिफ, क्यों बदला फैसला?

c80e4628be38ddc8aa6a208d500c270317928366708871482 original


अमेरिका और कनाडा के बीच व्यापार को लेकर चल रहा तनाव एक बार फिर चर्चा में है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कनाडा से आने वाले कुछ उत्पादों पर लगाए गए भारी आयात शुल्क में राहत देने का फैसला किया है.

यह कदम ऐसे समय उठाया गया है, जब अमेरिका में मध्यावधि चुनाव नजदीक हैं और महंगाई आम लोगों के लिए बड़ा मुद्दा बनी हुई है. हालांकि, इस फैसले का मतलब कनाडा के सभी सामानों से टैरिफ हटाना नहीं है, क्योंकि कुछ दूसरे उत्पादों पर शुल्क लगाने का दायरा बढ़ाया गया है.

कुछ उत्पादों पर बढ़ेगा टैरिफ का दायरा

जहां कुछ कनाडाई सामानों को राहत दी गई है, वहीं दूसरी ओर कई उत्पादों को फिर से 50 प्रतिशत टैरिफ के दायरे में शामिल किया गया है. इनमें कालीन, पेंट, शैंपू, एयर कंडीशनिंग उपकरण और कुछ अन्य सामान शामिल हैं.

इससे साफ है कि अमेरिका की व्यापार नीति में पूरी तरह नरमी नहीं आई है. प्रशासन चुनिंदा उत्पादों पर शुल्क घटाने के साथ दूसरे क्षेत्रों में दबाव बनाए रखना चाहता है. इस बदलाव से दोनों देशों के कारोबारियों को अपने आयात-निर्यात की रणनीति में बदलाव करना पड़ सकता है.

50 प्रतिशत टैरिफ में किन उत्पादों को मिली राहत?

ट्रंप प्रशासन के नए आदेश के मुताबिक, कनाडा से आयात होने वाले कुछ कृषि और वानिकी से जुड़े उत्पादों को 50 प्रतिशत टैरिफ से राहत दी जाएगी. इस सूची में प्लाईवुड की कुछ श्रेणियां, कागज से जुड़े उत्पाद, कुछ मशीनें, रेफ्रिजरेशन उपकरण और पैकेजिंग के लिए इस्तेमाल होने वाले कुछ सामान शामिल हैं.

रिपोर्ट के मुताबिक, इन बदलावों को 30 अक्टूबर 2026 से लागू किया जाना है. सरकार का कहना है कि यह कदम अमेरिकी कारोबार पर पड़ने वाले असर को कम करने और व्यापार से जुड़े हितों की रक्षा करने के उद्देश्य से उठाया गया है.

अमेरिका-कनाडा व्यापार तनाव पर क्या होगा असर?

अगस्त में दोनों देशों के बीच व्यापार वार्ता विफल होने के बाद अमेरिका ने कनाडा के लगभग 20 अरब डॉलर के सामान पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगाया था. जवाब में कनाडा ने भी अमेरिकी उत्पादों पर जवाबी शुल्क लगाए.

नए फैसले से कुछ कारोबारियों को राहत मिल सकती है, लेकिन व्यापार विवाद पूरी तरह खत्म होने के संकेत अभी नहीं हैं. कनाडा के व्यापार मंत्री डोमिनिक लेब्लांक ने कहा है कि उनका देश इस बदलाव का आकलन कर रहा है. आगे दोनों देशों के बीच बातचीत किस दिशा में जाती है, इसका असर कारोबार, उत्पादों की कीमतों और सीमा पार व्यापार पर पड़ सकता है.

चुनाव से पहले क्यों अहम है यह फैसला?

अमेरिका में 3 नवंबर को मध्यावधि चुनाव होने हैं, ऐसे में कनाडा से सामान मंगाने पर निर्भर कारोबारियों और किसानों को राहत देना राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है. रिपब्लिकन सीनेटर सुसान कॉलिन्स ने इस फैसले का स्वागत किया है. उनका कहना है कि इससे मेन राज्य के ब्लूबेरी, आलू, सेब और समुद्री शैवाल उत्पादकों को फायदा मिल सकता है. इन कारोबारों में कनाडा से आने वाले विशेष उपकरणों और पैकेजिंग सामग्री की अहम भूमिका है. वहीं, डेमोक्रेटिक उम्मीदवार ट्रॉय जैक्सन ने ट्रंप की टैरिफ नीति की आलोचना की है. उनका तर्क है कि व्यापार शुल्क के कारण कारोबारियों और आम लोगों की लागत बढ़ी है.

यह भी पढ़ें- Amazon Prime Video ने 1499 के सब्सक्रिप्शन पर भी दिखाए ad, कोर्ट पहुंचे शख्स को मिले 9499

यह भी देखें- 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *