रिलीज से पहले विवादों में सनी देओल की ‘सूर्या’, IMA ने जताई आपत्ति, सेंसर बोर्ड ने दिया अपडेट

cd502f708334c3304fabad4ef10f6ece17927275936481400 original


बॉलीवुड एक्टर सनी देओल इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘सूर्या: अंत से आरंभ तक’ को लेकर चर्चा में हैं. ये एक क्राइम थ्रिलर फिल्म है, जिसका दर्शक बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. हालांकि, रिलीज से पहले फिल्म विवादों में आ गई है. फिल्म के प्रमोशनल कंटेंट में डॉक्टरों और मेडिकल प्रोफेशन को दिखाने के तरीके पर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) ने आपत्ति जताई है. 

एसोसिएशन ने केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव को लेटर लिखकर फिल्म की समीक्षा करने की मांग की है. वहीं, CBFC ने कहा है कि फिल्म को अभी सर्टिफिकेट के लिए नहीं भेजा गया है.

डॉक्टरों के संगठन ने क्यों जताई आपत्ति?

ANI के मुताबिक, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने CBFC के हवाले से बताया कि फिल्म ‘सूर्या: अंत से आरंभ तक’ को अभी तक सर्टिफिकेट के लिए नहीं भेजा गया है. ये जानकारी तब सामने आई, जब IMA ने फिल्म के प्रमोशन पर सवाल उठाए. IMA का कहना है कि फिल्म के प्रमोशनल कंटेंट में मेडिकल सेक्टर में भ्रष्टाचार को आम बात की तरह दिखाया गया है और डॉक्टरों के खिलाफ हिंसा भी दिखाई गई है.

क्या है IMA का आरोप?

संगठन का कहना है कि फिल्म से लोगों के मन में डॉक्टरों को लेकर गलत सोच बन सकती है. इससे मरीजों और डॉक्टरों के बीच भरोसा भी कम हो सकता है. IMA ने कहा कि अगर कोई डॉक्टर गलत काम करता है, तो उसके खिलाफ जांच कर नियमों के मुताबिक कार्रवाई होनी चाहिए. लेकिन कुछ डॉक्टरों की गलती के लिए पूरे मेडिकल सेक्टर को गलत नहीं ठहराया जाना चाहिए. संगठन ने उन डॉक्टरों की भी बात की, जो ईमानदारी से मरीजों का इलाज कर रहे हैं.

डॉक्टरों पर हमले दिखाने को लेकर भी सवाल

IMA ने फिल्म के प्रमोशनल कंटेंट में डॉक्टरों, नर्सों और अस्पताल के दूसरे कर्मचारियों पर हमले दिखाए जाने पर भी चिंता जताई है. संगठन का कहना है कि अगर ऐसे हमलों को सही या बहादुरी भरा कदम दिखाया जाता है, तो इससे स्वास्थ्यकर्मियों के खिलाफ हिंसा बढ़ सकती है. एसोसिएशन ने कहा कि डॉक्टरों और दूसरे स्वास्थ्यकर्मियों को पहले से ही सुरक्षा से जुड़ी कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है. ऐसे में उन पर हमलों को सही ठहराने वाला कंटेंट उनकी सुरक्षा के लिए खतरा बन सकता है.

IMA ने उठाई ये मांग

IMA ने सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय से फिल्म की समीक्षा करने की मांग की है. संगठन चाहता है कि फिल्म में डॉक्टरों और मेडिकल सेक्टर को किस तरह दिखाया गया है, इसकी जांच की जाए. साथ ही, मेकर्स से जरूरी बदलाव करने की भी अपील की गई है, ताकि पूरे मेडिकल सेक्टर की गलत छवि न बने. IMA ने सरकार से ये भी कहा है कि अगर कानून के तहत जरूरी हो, तो फिल्म पर रोक लगाने या दूसरी उचित कार्रवाई करने पर विचार किया जाए.

क्या है ‘सूर्या: अंत से आरंभ तक’ की कहानी?

‘सूर्या: अंत से आरंभ तक’ की कहानी एक ऐसे व्यक्ति की है, जो अपने अतीत के दुख और नुकसान से परेशान है. धीरे-धीरे वो मेडिकल सिस्टम से जुड़ी कुछ ऐसी घटनाओं में उलझ जाता है, जो उसे सोचने पर मजबूर कर देती हैं. आगे चलकर उसे एक बड़े सच का पता चलता है, जिसके बाद वो लंबे समय से चली आ रही व्यवस्था पर सवाल उठाने लगता है.

‘सूर्या: अंत से आरंभ तक’ में नजर आएंगे ये कलाकार

‘सूर्या: अंत से आरंभ तक’ में सनी देओल लीड रोल में हैं. रवि किशन, प्रज्ञा जायसवाल, तनुश्री चक्रवर्ती, मनीष वाधवा, टीनू आनंद, वृत्ति वघानी, जीशू सेनगुप्ता, खालिद सिद्दीकी, अनूप त्रिवेदी और रोहित तिवारी जैसे एक्टर्स भी इस फिल्म का हिस्सा हैं. ये फिल्म 20 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है.





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *