रात में 7 से 9 घंटे सोने के बाद भी अगर सुबह उठते ही थकान महसूस होती है तो इसे सिर्फ नींद की कमी समझकर नजरअंदाज न करें. कई बार शरीर में जरूरी पोषक तत्वों की कमी के कारण भी ऐसा होता है. खासकर आयरन और विटामिन बी12 की कमी से शरीर में कमजोरी, सुस्ती और काम करने की इच्छा में कमी महसूस होती है. थकान की वजह खराब नींद, तनाव, थायरॉइड की परेशानी या दूसरी स्वास्थ्य समस्याएं भी हो सकती हैं. इसलिए लगातार थकान रहने पर इसके पीछे की सही वजह जानना जरूरी है.
आयरन की कमी
शरीर में आयरन की कमी होने पर सुबह उठने के बाद भी कमजोरी और थकान महसूस होती है. आयरन शरीर में हीमोग्लोबिन बनाने के लिए जरूरी होता है. हीमोग्लोबिन खून के जरिए शरीर के अलग-अलग हिस्सों तक ऑक्सीजन पहुंचाने में मदद करता है. जब शरीर में आयरन कम हो जाता है तो पर्याप्त हीमोग्लोबिन बनाने में परेशानी होती है. इससे थकान, चक्कर आना, सिरदर्द और सांस फूलने जैसे लक्षण दिखाई देते हैं. कुछ लोगों को त्वचा पीली पड़ने और बाल झड़ने की समस्या भी होती है.
महिलाओं में पीरियड्स के दौरान ज्यादा खून निकलने या खाने में आयरन की कमी के कारण यह परेशानी होती है. आयरन की कमी को दूर करने के लिए खाने में हरी पत्तेदार सब्जियां, दालें, चना और आयरन से भरपूर चीजें अपनी डाइट में शामिल करें.
यह भी पढ़ें :Personalised Cancer Vaccinel: क्या कैंसर का इलाज करेगी वैक्सीन? ट्रायल में 42% तक घटा खतरा
विटामिन बी12 की कमी भी हो सकती है वजह
विटामिन बी12 शरीर में रेड ब्लड सेल्स बनाने और नसों को स्वस्थ रखने में मदद करता है. इसकी कमी होने पर व्यक्ति को लगातार थकान, कमजोरी और शरीर में ऊर्जा की कमी महसूस होती है. कुछ लोगों को हाथ-पैरों में झनझनाहट, चक्कर आना, ध्यान लगाने में परेशानी और जीभ में दर्द जैसे लक्षण भी दिखाई देते हैं. अगर सुबह उठने के बाद भी शरीर भारी लगता है और दिनभर सुस्ती बनी रहती है, तो विटामिन बी12 की कमी होती है. यह विटामिन मुख्य रूप से दूध, दही, पनीर, अंडे में मिलता है. शरीर में विटामिन बी12 की कमी केवल खानपान के कारण ही नहीं होती, बल्कि इसे शरीर में सोखने में परेशानी होने से भी ऐसा होता है.
थकान दूर करने के लिए क्या करें?
सबसे पहले अपनी दिनचर्या और खानपान पर ध्यान दें. रोज संतुलित भोजन करें, जिसमें दालें, हरी सब्जियां, फल, दूध-दही और प्रोटीन से भरपूर चीजें शामिल हों. पर्याप्त पानी पिएं और सोने-जागने का समय तय रखें. सोने से पहले मोबाइल का इस्तेमाल कम करना और नियमित व्यायाम व वॉक करना भी अच्छी नींद में मदद करता है.
यह भी पढ़ें :शरीर में विटामिन D की कमी से दिखते हैं ये लक्षण, ऐसे करें पहचान
डिस्क्रिप्शन: ध्यान रखें कि हर बार थकान की वजह आयरन या विटामिन की कमी नहीं होती. थायरॉइड की परेशानी, खून की कमी, तनाव, खराब नींद या नींद के दौरान सांस लेने में रुकावट भी इसकी वजह हो सकती है. अगर कई हफ्तों तक थकान बनी रहती है या रोजमर्रा के काम प्रभावित होने लगते हैं, तो डॉक्टर से सलाह लें. सही कारण पता चलने के बाद ही उचित इलाज से इस परेशानी को दूर किया जा सकता है.
Check out below Health Tools-
Calculate Your Body Mass Index ( BMI )
Calculate The Age Through Age Calculator