टीवी और बॉलीवुड के शानदार एक्टर रहे सतीश शाह की आज पहली डेथ एनिवर्सरी है. अभिनेता ने अपने करियर में कई शानदार सीरियल्स में काम किया था. वहीं वो बॉलीवुड की कई बेहतरीन फिल्मों सहित 200 से भी ज्यादा मूवीज में नजर आए. उन्होंने अपने एक शो में तो 50 से भी ज्यादा किरदार निभाए थे और सभी को हैरान कर दिया था.
मुंबई में हुआ था जन्म
सतीश शाह का जन्म 25 जून 1951 को मुंबई में हुआ था. स्कूल डेज में वो क्रिकेट और बेसबॉल खेलने में काफी अच्छे थे. स्कूल में एक बार एनुअल फंक्शन के दौरान सतीश ने एक नाटक में हिस्सा लिया था. यहां से उनका एक्टिंग में इंटरेस्ट बढ़ा और फिर उन्होंने एक्टिंग की बारीकियां सीखने के लिए कॉलेज की पढ़ाई के दौरान ‘फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया’ (FTII) में एडमिशन लेकर एक्टिंग कोर्स किया.
27 की उम्र में बॉलीवुड डेब्यू
27 साल की उम्र में सतीश शाह ने अपने बॉलीवुड करियर का आगाज किया था. उनकी पहली फिल्म ‘अजीब दास्तां’ थी जिसमें वो सपोर्टिंग रोल में नजर आए. ये फिल्म साल 1978 में रिलीज हुई थी. हालांकि इससे पहले वो साल 1970 की फिल्म ‘भगवान परशुराम’ में एक छोटा सा किरदार निभा चुके थे.
200 से ज्यादा फिल्मों में काम
सतीश शाह अपने करियर में ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’, ‘मैं हूं ना’, ‘ओम शांति ओम’, ‘कल हो ना हो’, ‘हम आपके हैं कौन’, ‘जाने भी दो यारों’, ‘कहो ना… प्यार है’, ‘मुझसे शादी करोगी’, ‘फना’, ‘हातिम ताई’, ‘वीराना’, ‘भूतनाथ’, ‘चलते चलते’, ‘हम साथ-साथ हैं’ सहित 200 से ज्यादा फिल्मों का हिस्सा रहे. सतीश आखिरी बार बड़े पर्दे पर फिल्म ‘हमशक्ल’ (2014) में नजर आए थे.
इस शो में निभाए थे 50 से ज्यादा किरदार
सतीश साह छोटे पर्दे के भी मशहूर अभिनेता रहे. सतीश ने बॉलीवुड के बाद छोटे पर्दे का रुख किया था. उनका टीवी डेब्यू साल 1984 में सीरियल ‘यह जो है जिंदगी’ से हुआ था. ये शो उनके लिए यादगार रहा. इसमें उन्होंने एक साल के भीतर ही 50 से ज्यादा अलग-अलग किरदार अदा किए थे. सतीश ने इसके अलावा ‘साराभाई वर्सेज साराभाई’ शोज से भी गजब की लोकप्रियता हासिल की थी. उनका 25 अक्टूबर 2025 को 74 साल की उम्र में निधन हो गया था.