After How Many Years Do Most Couples Divorce: शादी को अक्सर जिंदगी का सबसे मजबूत रिश्ता माना जाता है, लेकिन हर रिश्ता हमेशा एक जैसा नहीं रहता. समय के साथ लोगों की सोच, जरूरतें और भावनाएं बदलती हैं और कई बार यही बदलाव रिश्तों में दूरी की वजह बन जाते हैं. हाल के वर्षों में तलाक के बढ़ते मामलों ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर शादी के कौन से साल रिश्ते के लिए सबसे ज्यादा मुश्किल साबित होते हैं.
किस साल में सबसे ज्यादा होते हैं तलाक?
रिलेशनशिप के बारे में जानकारी देने वाली वेबसाइट मैरिज डॉट कॉम के अनुसार, शादी के शुरुआती दो साल और फिर पांचवें से आठवें साल के बीच तलाक का खतरा सबसे ज्यादा देखा जाता है. रिसर्च में यह भी सामने आया कि सातवां और आठवां साल रिश्तों के लिए सबसे खतरनाक दौर माना जाता है. कई एक्सपर्ट्स इसे सेवन ईयर इच से जोड़कर देखते हैं. यह एक पुरानी थ्योरी है, जिसके मुताबिक शादी के करीब सात साल बाद कई कपल्स के रिश्ते में पहले जैसी दिलचस्पी कम होने लगती है. हालांकि यह पूरी तरह साबित नहीं हुई है, लेकिन कई रिसर्च और आंकड़ों में सातवें-आठवें साल के दौरान तलाक के मामलों में बढ़ोतरी देखी गई.
इसे भी पढ़ें – Single Lifestyle Trends: स्वीडन से जर्मनी तक… क्यों इन देशों में अकेले रहकर खुश हैं लोग? जानें सिंगल लाइफ के राज
कब रिश्ते में आता है ठहराव?
स्टडी में यह भी बताया गया कि जो रिश्ते इस दौर को पार कर लेते हैं, उनमें अगले कुछ सालों तक तलाक का खतरा कम हो जाता है. शादी के 9वें से 15वें साल के बीच कई कपल्स अपने रिश्ते में ज्यादा स्थिरता और समझ महसूस करते हैं. एक्सपर्ट्स मानते हैं कि इस समय तक लोग अपने पार्टनर, बच्चों, करियर और जिम्मेदारियों के साथ बेहतर तालमेल बैठा लेते हैं.
किस वजह से आती है रिश्ते में दरार?
रिश्तों में दरार आने के पीछे सिर्फ एक वजह जिम्मेदार नहीं होती. एक्सपर्ट्स के मुताबिक, आर्थिक तनाव तलाक की सबसे बड़ी वजहों में से एक माना जाता है.पैसों की कमी, कर्ज या नौकरी जाने जैसी परिस्थितियां रिश्तों पर भारी दबाव डाल सकती हैं. इसके अलावा समय के साथ भविष्य को लेकर सोच बदलना भी रिश्तों में दूरी पैदा कर सकता है. कई बार शादी के कुछ साल बाद पति-पत्नी के लक्ष्य, करियर या परिवार को लेकर विचार अलग हो जाते हैं, जिससे टकराव बढ़ने लगता है. एक्सपर्ट्स यह भी मानते हैं कि बेवफाई, परिवार के साथ खराब रिश्ते, घरेलू हिंसा और इमोशनल सपोर्ट की कमी भी तलाक की बड़ी वजह बनती हैं. वहीं कम उम्र में शादी और जल्दी पैरेंट्स बनना भी कई कपल्स के लिए रिश्ते संभालना मुश्किल बना देता है.
इसे भी पढ़ें- Vitamin D Deficiency: क्या बिना बात रहता है बदन दर्द और खराब मूड, कहीं इस विटामिन की कमी से तो नहीं हो रहा ऐसा?
Disclaimer: यह जानकारी रिसर्च स्टडीज और विशेषज्ञों की राय पर आधारित है. इसे मेडिकल सलाह का विकल्प न मानें. किसी भी नई गतिविधि या व्यायाम को अपनाने से पहले अपने डॉक्टर या संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें.