भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेली जा रही पांच मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला बीते शनिवार (24 अक्टूबर) को क्राइस्टचर्च में खेला गया. श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम इंडिया ने मुकाबले में ‘तिहरा शतक’ लगाते हुए जीत दर्ज की. अब आप कहेंगे कि मैच में तो अय्यर ब्रिगेड ने 181 रन चेज करके जीत दर्ज की थी, फिर तिहरा शतक कैसा? तो यहां हम रनों की नहीं बल्कि मैचों की बात कर रहे हैं. यह भारतीय टीम का 300वां टी20 मुकाबला था, जो उन्होंने श्रेयस अय्यर की कप्तानी में खेला था.
इस तरह अय्यर की कप्तानी में भारत की टी20 टीम ने नया इतिहास रचा. मेन इन ब्लू ने पहला टी20 मैच वीरेंद्र सहवाग की कप्तानी में खेला था. कई लोग समझते हैं कि भारत के पहले टी20 कप्तान एमएस धोनी थे, लेकिन ऐसा नहीं है. फॉर्मेट में पहली बार वीरेंद्र सहवाग ने टीम की कमान संभाली थी.
हां, धोनी की कप्तानी में टीम इंडिया ने 50वां टी20 मैच खेला था. आगे बढ़ते हुए 100वां और 150वां मैच विराट कोहली की कप्तानी में खेला गया. इसी तरह हार्दिक पांड्या और सूर्यकुमार यादव ने भी ऐतिहासिक मैचों में कप्तानी की. सिर्फ हार्दिक पांड्या की कप्तानी में टीम इंडिया को 200वें तारीखी मैच में हार झेलनी पड़ी थी.
टी20 फॉर्मेट में टीम इंडिया
पहला T20I – जीते (सहवाग की कप्तानी में)
50वां T20I – जीते (धोनी की कप्तानी में)
100वां T20I – जीते (कोहली की कप्तानी में)
150वां T20I – जीते (कोहली की कप्तानी में)
200वां T20I – हारे (हार्दिक की कप्तानी में)
250वां T20I – जीते (सूर्य की कप्तानी में)
300वां T20I – जीते (श्रेयस की कप्तानी में)*
न्यूजीलैंड टी20 सीरीज में टीम इंडिया के पास 2-0 की बढ़त
न्यूजीलैंड की सरजमीं पर खेली जा रही टी20 सीरीज में टीम इंडिया ने शुरुआती 2 मैच जीतकर 2-0 की बढ़त बना ली है. दोनों ही मुकाबलों में भारत ने चेज करते हुए 4-4 विकेट से जीत दर्ज की है. दोनों मैच क्राइस्टचर्च में खेले गए. पहले मैच में 225 रनों के लक्ष्य का पीछा किया था. दूसरे में 180 का चेज करते हुए जीत अपने नाम की थी. तीसरा टी20 मंगलवार (27 अक्टूबर) को वेलिंगटन में खेला जाएगा.
यह भी पढ़ें: ईशान की वापसी, वैभव OUT, तीसरे टी20 के लिए टीम इंडिया की प्लेइंग XI में बदलाव तय!