बॉलीवुड के हीरो नंबर 1 यानी कि गोविंदा लंबे समय से अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर चर्चा में हैं. उन पर पत्नी सुनीता आहूजा ने एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर के आरोप लगाए. उनका लगातार एक्ट्रेस कोमल रानी स्वर्णकार के साथ जोड़ा जा रहा है. वो उनके साथ फिल्म ‘रूपा’ में भी नजर आने वाले हैं. ऐसे में अब गोविंदा पहली बार अफेयर के आरोपों और सुनीता आहूजा के तलाक पर खुलकर एबीपी न्यूज के साथ बात की.
गोविंदा ने एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर के आरोपों के साथ ही सुनीता आहूजा के अलग रहने के फैसले और तलाक पर चुप्पी तोड़ी. उन्होंने एबीपी न्यूज को बताया कि सुनीता जो कर रही हैं वो अपने बच्चों के लिए कर रही हैं. इसके साथ ही एक्टर ने सुनीता को अपना पहला प्यार भी बताया और कहा कि प्यार में खेला नहीं होता है. उन्होंने उनका घर तोड़ने का आरोप किसी तीसरी पर्सन पर लगाया हालांकि, उन्होंने इस दौरान किसी का नाम नहीं लिया. चलिए बताते हैं एक्टर ने क्या कहा.
गोविंदा की परिवार से इतनी बदनामी क्यों?
गोविंदा ने इस सवाल के जवाब में कहा, ‘समय…वो समाज के सामने वो पर्दा कभी नहीं उठाता कि लोग सारी दुनिया के सामने लज्जित हो जाएं. सच ये है कि मैं 8-9 साल पहले किसी से कह दिया था कि ऐसा होगा और मैं ऐसे दौर से गुजर रहा होऊंगा और इसके प्रभाव के अंदर हम सब आ जाएंगे. ऐसा किसी ने लिखा है तो ये होकर रहेगा, जिसने लिखा है वो साधारण नहीं है.’ उनकी पुरानी भविष्यवाणी का जिक्र किया जाता है एक्टर इससे इनकार करते हैं.
सुनीता की आंखों पर पर्दा पड़ा है…
वो कहते हैं, ‘बदनामी मेरे नाम का हिस्सा रहा है. नाम ही ऐसा है. किसी ने प्यार किया तो किसी ने मेरे नाम के साथ भविष्यवाणी की कि तू दगा देगा. जो लोग इस समय सक्षम हो गए हैं ये उनकी खिलाफत है.’ इस दौरान एक्टर ने अपनी पत्नी को भाग्यवान और लक्ष्मी कहा और आभार जताया कि उनकी वजह से आज वो यहां तक पहुंच पाए हैं. गोविंदा ने उनकी आंखों पर पर्दा पड़े होने का दावा किया. हालांकि, इस दौरान किसके प्रभाव में वो आई हैं इसके बारे में खुलासा नहीं किया और ना ही किसी का नाम लिया.
https://www.youtube.com/watch?v=kM5iesg_-pI
ट्रोलिंग पर बोले गोविंदा
इसके साथ ही गोविंदा ने ट्रोलिंग पर भी जवाब दिया. उन्होंने कहा, ‘जो लोग आजकल अपने मां-बाप की इज्जत नहीं करते, प्रधानमंत्री के लिए बुरा भाल कहते हैं मुझे उनके लिए कहां देखना है. मुझे लगता है कि मैं अपनी दृष्टि से देखकर बदनामी करूंगा. फूल चाहे गुलाब का हो कमल कीचड़ में ही खिलेगा तो मैं कीचड़ ही हूं. मुझे सोशल मीडिया से फर्क नहीं पड़ता.’
सुनीता और गोविंदा का रिश्ता किसकी वजह से खराब हुआ?
वहीं, इस बातचीत में गोविंदा से पूछा गया कि उनका रिश्ता किसकी वजह से खराब हुआ तो उन्होंने कहा, ‘वो पर क्रिया से बंधी है. ये वो क्रिया है, जो समाज से बंधा होता है. ये एक तरह का बंधन होता है, जो घर-पारिवारिक, राजकीय है. स्त्री के मन को आसानी से बंधित किया जा सकता है. वो जो कर रही हैं बच्चों के लिए कर रही हैं. मैं महिलाओं से पूछता आया हूं तो मैं उनसे क्यों पूछूं? वो जो कर रही हैं सही कर रही हैं बच्चों के कल्याण के लिए कर रही हैं.’
सुनीता आहूजा के तलाक पर बोले गोविंदा
इसके अलावा गोविंदा से सुनीता आहूजा के तलाक फाइल करने के मामले को लेकर सवाल किया गया तो इस पर एक्टर ने कहा, ‘वो लिया… लेना पड़ेगा भी. कैसे नहीं लेंगी?’ पूछा गया, ‘धमकी से लिया या प्यार से?’ इस पर गोविंदा ने कहा, ‘नहीं-नहीं, हम हिंदू आदमी हैं और हमारे यहां तलाक शब्द नहीं है. सभी व्यवस्थाएं हमारे अंदर हैं.’ सुनीता को मनाने को लेकर कहा, ‘मैं जैसा हूं वैसा हूं और मुझे ऐसा लगता है कि अगर आप अपनी जगह से हिलेंगे तो अपनी शक्ति पर स्वयं प्रश्न उठाएंगे. मैं नहीं चाहता कि मुझसे भविष्य में प्रश्न पूछे जाएं.’