डब्ल्यूटीसी मैचों से पहले अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट क्यों टीम इंडिया के लिए बेहद महत्वपूर्ण, जानिए

9a430d9f6e0324418dfa85d4b5e80a8d17806481818301209 original


भारत का पिछले कुछ समय में घरेलू टेस्ट मैचों में निराशाजनक प्रदर्शन रहा है, लेकिन उसकी टीम अब भी बेहद मजबूत है और वह विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के महत्वपूर्ण मैचों से पहले अफगानिस्तान के खिलाफ शनिवार से यहां शुरू होने वाले एकमात्र टेस्ट क्रिकेट मैच में उचित संयोजन तैयार करने की कोशिश करेगा. अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाला यह मैच डब्ल्यूटीसी का हिस्सा नहीं है लेकिन टीम की दिशा तय करने के लिहाज से यह काफी महत्वपूर्ण है. इन दोनों टीम के बीच इससे पहले 2018 में टेस्ट मैच खेला गया था जिसमें अफगानिस्तान ने लंच और चाय के सत्र के बीच 10 विकेट गंवा दिए थे. इसके बाद तीसरे सत्र में उसकी दूसरी पारी भी सिमट गई थी और उसे करारी हार का सामना करना पड़ा था.

अब 2026 में हशमतुल्लाह शाहिदी की अगुवाई वाली अफगानिस्तान की टीम भारतीय टीम को कड़ी चुनौती देने की कोशिश करेगी जो बदलाव के दौर से गुजर रही है और अभी तक उचित संयोजन तैयार करने के लिए संघर्ष कर रही है. इसके बावजूद भारत का पलड़ा काफी भारी नजर आ रहा है. लेकिन भारतीय खिलाड़ी पिछले साल बेहतरीन तैयारी के साथ मैदान में उतरी दक्षिण अफ्रीका की टीम से 0-2 से मिली करारी हार को नहीं भूले होंगे और वह अनुभव के अंतर के बावजूद विपक्षी टीम को हल्के में न लें तो बेहतर होगा.

तीसरे नंबर का बल्लेबाज और लाल गेंद की क्रिकेट में रवींद्र जडेजा के संभावित उत्तराधिकारी दो ऐसे पहलू हैं जिन्हें मुख्य कोच गौतम गंभीर और कप्तान शुभमन गिल अगस्त में श्रीलंका के खिलाफ होने वाली दो मैचों की टेस्ट श्रृंखला से पहले इस मैच में दौरान सुलझाना चाहेंगे. साई सुदर्शन और स्टाइलिश देवदत्त पडिक्कल दोनों ही तीसरे नंबर के बल्लेबाज की दौड़ में शामिल है. गंभीर ने हालांकि शुक्रवार को स्पष्ट कर दिया कि टीम प्रबंधन सुदर्शन को इस बल्लेबाजी क्रम में बनाए रखेगा. उनका मानना है कि सुदर्शन को पर्याप्त मौके मिलने चाहिए.

इस मैच में रवींद्र जडेजा को आराम दिया गया है, लेकिन यह एक सच्चाई है कि भारतीय चयनकर्ता और टीम प्रबंधन राजकोट के इस ऑलराउंडर के बिना भी टीम को तैयार करने के लिए अन्य विकल्पों पर विचार कर रहे हैं.  इसका एक प्रमुख कारण जडेजा का गेंदबाजी में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाना रहा है. जडेजा की सबसे बड़ी खूबी विदेशी परिस्थितियों में टेस्ट मैच में उनकी बल्लेबाजी है, जो अभी भी बेहतरीन है और इसलिए उनके पास अभी कुछ समय है. 

लेकिन भारतीय टीम प्रबंधन ने उनके विकल्प की तलाश शुरू कर दी है और इसलिए उसने मानव सुथार और हर्ष दुबे को टीम में रखा है. अगर पिछले कुछ दिन के नेट अभ्यास पर गौर करें तो सुथार बेहतर खिलाड़ी नजर आते हैं लेकिन दुबे का पलड़ा भी कम भारी नहीं है. 

मानव आक्रामक गेंदबाज नजर आते हैं जबकि दुबे का रवैया थोड़ा रक्षात्मक है लेकिन उनकी बल्लेबाजी अधिक मजबूत है.  जहां तक भारत और अफगानिस्तान के बीच मुकाबले की बात है तो आंकड़ों पर नजर डालने से भी अंतर स्पष्ट हो जाता है.  अफगानिस्तान ने 2018 में बेंगलुरु में भारत के खिलाफ अपना पहला टेस्ट मैच खेला था, जिसे मेजबान टीम ने दो दिनों के भीतर ही जीत लिया था। इसके बाद से जून 2026 तक अफगानिस्तान ने 11 और मैच खेले हैं.  इसी अवधि में भारत ने 67 टेस्ट मैच खेले हैं, जिनमें से ऋषभ पंत अकेले 49 मैचों का हिस्सा रहे हैं। संयोगवश, जब अफगानिस्तान आखिरी बार भारत के खिलाफ खेला था, तब पंत ने टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण भी नहीं किया था. 

यह भी पढ़ें- ‘टेस्ट में ओपन करे वैभव सूर्यवंशी…’, ENG-NZ मैच के दौरान हुई 15 वर्षीय बल्लेबाज के भविष्य पर चर्चा

2018 की टीम से केवल केएल राहुल ही वर्तमान भारतीय टेस्ट टीम का हिस्सा हैं, जबकि अफगानिस्तान के कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी और बल्लेबाज रहमत शाह भी उस मैच में खेले थे.  अफगानिस्तान की पूरी बल्लेबाजी लाइन-अप के पास कुल मिलाकर नौ टेस्ट शतक हैं, जबकि भारतीय टेस्ट टीम में शामिल बल्लेबाजों ने 39 शतक बनाए हैं.  शाहिदी की टीम ने अफगानिस्तान के जलालाबाद में एक शिविर लगाया था, लेकिन केवल अभ्यास सत्रों से ही किसी टीम को टेस्ट मैच के लिए तैयार नहीं किया जा सकता. 

यह मैच जून के महीने में उत्तर भारत में भीषण गर्मी में खेला जाएगा और इसमें दोनों टीम की शारीरिक फिटनेस की भी कड़ी परीक्षा होगी। इसके अलावा भारतीय खिलाड़ियों को आईपीएल समाप्त होने के एक सप्ताह के अंदर सबसे छोटे प्रारूप से सबसे बड़े प्रारूप में खेलना है और यह भी एक चुनौती होगी. 

यह भी पढ़ें- BANGLADESH CRICKET: बांग्लादेश क्रिकेट को बड़ा झटका, कोच ने दिया इस्तीफा, कारण जानकर चौंक जाएंगे

टीम किस प्रकार हैं:

भारत: शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल (उपकप्तान), साई सुदर्शन, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, नितीश कुमार रेड्डी, हर्ष दुबे, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज, मानव सुथार, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), गुरनूर बराड़, देवदत्त पडिक्कल. 

अफगानिस्तान: हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), अब्दुल मलिक, रहमानुल्लाह गुरबाज़, रहमानुल्लाह, अफ़सर ज़ज़ई (विकेटकीपर), इकराम अलीखिल (विकेटकीपर), सेदिकुल्लाह अटल, रहमत शाह, अज़मतुल्लाह उमरज़ई, शराफुद्दीन अशरफ, नांगेयालिया खारोटे, बिलाल सामी, कैस अहमद, मोहम्मद सलीम, जियाउर रहमान. मैच शुरू होने का समय: सुबह 9:30 बजे.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *