गर्मी हो या बारिश का मौसम, घर में मच्छरों की समस्या हमेशा ही परेशान करती है. शाम होते ही मच्छर काटने लगते हैं, जिससे नींद खराब होती है और कई बार बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है. मच्छरों से बचने के लिए लोग बाजार में मिलने वाले स्प्रे और दूसरी चीजों का इस्तेमाल करते हैं. कुछ आसान घरेलू उपाय अपनाकर भी मच्छरों को घर से दूर रखने में मदद मिलती है.आइए जानते हैं आसान तरीके.
नींबू और लौंग से करें बचाव
मच्छरों को घर से दूर रखने के लिए नींबू और लौंग का इस्तेमाल करने का घरेलू नुस्खा भी काफी प्रचलित है. इसके लिए एक नींबू को बीच से काट लें और उसके दोनों हिस्सों में कुछ लौंग लगा दें. इसके बाद इसे घर के उस कोने में रख दें, जहां मच्छर ज्यादा दिखाई देते हैं.
पानी जमा न होने दें
मच्छरों से बचने का सबसे जरूरी तरीका है कि घर के अंदर और बाहर पानी जमा न होने दें. गमलों की प्लेट, कूलर, बाल्टी, पुराने टायर और छत पर रखे बर्तनों में पानी जमा होने से मच्छर पनपते हैं. इसलिए समय-समय पर इनकी सफाई करें और पानी को खाली कर दें. कूलर का पानी नियमित रूप से बदलें. पानी की टंकी को हमेशा ढककर रखें, ताकि मच्छरों को अंडे देने के लिए जगह न मिले. यह तरीका मच्छरों की संख्या कम करने में काफी मददगार है.
खिड़की और दरवाजों पर लगाएं जाली
घर में मच्छरों को आने से रोकने के लिए खिड़कियों और दरवाजों पर जाली लगाना एक अच्छा उपाय है. शाम के समय मच्छर ज्यादा एक्टिव होते हैं, इसलिए इस दौरान दरवाजे और खिड़कियां खुली रखने से बचें. अगर घर में जाली लगी है, तो उसकी नियमित जांच करें और कहीं से टूटी होने पर उसे ठीक करवाएं. सोते समय मच्छरदानी का इस्तेमाल करें. खासकर बच्चों और बुजुर्गों के लिए यह बहुत जरूरी है.
यह भी पढ़ें : प्रेशर कुकर में जिद्दी दाग, इन घरेलू तरीकों से चमक उठेंगे बर्तन
इन बातों का भी रखें ध्यान
घर में मच्छरों की समस्या कम करने के लिए सफाई बनाए रखना जरूरी है. घर के कोनों, पर्दों के पीछे और अंधेरी जगहों पर मच्छर छिपते हैं. इसलिए नियमित रूप से सफाई करें. जरूरत पड़ने पर पंखे का इस्तेमाल भी करें, क्योंकि हवा के तेज बहाव में मच्छरों के लिए उड़ना मुश्किल हो जाता है. ध्यान रखें कि मच्छरों से बचने के लिए केवल घरेलू उपाय पर्याप्त नहीं होते. अगर आपके आसपास मच्छर ज्यादा हैं, तो पूरी बाजू के कपड़े पहनें और मच्छर भगाने वाले प्रमाणित उत्पादों का इस्तेमाल करें.
यह भी पढ़ें : दरवाजे से आ रही चरमराने के आवाज, घर पर ऐसे करें ठीक