2026 का पहला क्वार्टर भी खत्म हो गया है. इन तीन महीनों में आदित्य धर और रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर 2 द रिवेंज’ का बोलबाला देखने के लिए मिला है. फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर नया बेंचमार्क सेट करते हुए इंडिया में 14 दिन में 961 करोड़ की कमाई का आंकड़ा पार कर लिया है. जबकि अभी भी इसकी कमाई थमने का नाम नहीं ले रही है. फिल्म ने नया बेंचमार्क सेट कर दिया है. इसने अकेले ही बॉलीवुड की लाज बचाने का काम किया है. चलिए बताते हैं कैसे?
पहली तिमाही में रिलीज हुई 5 बड़ी फिल्में
2026 की पहली तिमाही में सिनेमाघरों में 5 बड़ी फिल्में रिलीज हुईं, जिस पर लोगों की नजरें टिकी रहीं कि ये बॉक्स ऑफिस पर कुछ कमाल दिखा पाएंगी लेकिन ऐसा नहीं हो पाया.
इन पांच फिल्मों की लिस्ट में ‘बॉर्डर 2’, ‘मर्दानी 3’, ‘ओ रोमियो’, ‘द केरल स्टोरी 2’ और ‘धुरंधर 2’ जैसे नाम शामिल हैं.
3 फिल्में ही वसूल पाईं बजट
- अब अगर इनके बॉक्स ऑफिस हाल पर नजर डाली जाए तो कोईमोई की रिपोर्ट के अनुसार, सनी देओल की वॉर ड्रामा फिल्म ‘बॉर्डर 2’ ने अच्छी माउथ पब्लिसिटी के बाद भी 275 करोड़ के बजट में 362.76 करोड़ का बिजनेस किया.
- वहीं, ‘द केरल स्टोरी 2’ ने 28 करोड़ के बजट में 51.95 करोड़
- और ‘धुरंधर 2’ ने 14 दिनों में 961 करोड़ की कमाई की.
- ये तीनों ही फिल्में हिट और ब्लॉकबस्टर कहलाईं.

बॉक्स ऑफिस पर 2 फिल्में बुरी तरह पिटीं
- इसके साथ ही 5 बड़ी फिल्मों में से दो बुरी तरह से बॉक्स ऑफिस पर पिटीं. रानी मुखर्जी की हिट फ्रेंचाइजी की फिल्म ‘मर्दानी 3’ 30 जनवरी को सिनेमाघरों में आई. ये फिल्म अपना बजट तक वसूल नहीं पाई.
- कोईमोई की रिपोर्ट के अनुसार, 60 करोड़ के बजट में बनी फिल्म ‘मर्दानी 3’ ने महज 52.99 करोड़ की कमाई की थी, जो कि मेकर्स के लिए बड़ा नुकसान रहा.
वहीं, शाहिद कपूर की ‘ओ रोमियो’ को लेकर भी अच्छा खास बज़ बना हुआ था. लेकिन ये भी बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप साबित हुई. 130 करोड़ के बजट में इस फिल्म का कलेक्शन महज 83.35 करोड़ ही रहा.
पहली तिमाही में 14 फिल्में हुई रिलीज
इसके साथ ही अगर अब 2026 की पहली तिमाही में फिल्मों के सक्सेस रेट के बारे में बात की जाए तो जनवरी से मार्च के बीच करीब 14 फिल्में रिलीज हुईं, जिसमें तीन ने बजट से ज्यादा कमाई करके सफलता हासिल की तो वहीं, ‘इक्कीस’, ‘हैप्पी पटेल’, ‘राहू केतु’, ‘मयसभा’, ‘मर्दानी 3’, ‘वध 2’, ‘भाबीजी घर पर हैं’, ‘तू या मैं’, ‘ओ रोमियो’, ‘अस्सी’ और ‘दो दीवाने सहर में’ जैसी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप रहीं.
- 2026 के फर्स्ट क्वॉर्टर में बॉक्स ऑफिस पर ‘धुरंधर 2’ का अकेले का कॉन्ट्रीब्यूशन 59.31 प्रतिशत है, जिसने 14 दिनों में वर्ल्डवाइड 1554.49 करोड़ की कमाई अकेले ही कर ली. (ये फिल्म अभी थियेटर में चल रही है)
- वहीं, ‘बॉर्डर 2’ का कॉन्ट्रीब्यूशन 23.33 प्रतिशत है.
‘रामायणम्’ पर टिकी लोगों की निगाहें
बहरहाल, भले ही 2026 की पहली तिमाही में फिल्मों का सक्सेस रेट भले ही कम है. लेकिन, साल के खत्म होने तक बॉलीवुड को कुछ और बड़ी हिट फिल्में मिल सकती हैं. इसमें पहला नाम ‘केजीएफ’ स्टार यश की फिल्म ‘टॉक्सिक’ का शामिल है.
वहीं, साल की दूसरी मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘रामायणम्’ है, जिससे लोगों की उम्मीदें सातवें आसमान पर है. मीडिया रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि मूवी इंडिया में अकेले ही 1000 करोड़ से ज्यादा कमाई कर सकती है. जबकि वर्ल्डवाइड कलेक्शन को लेकर माना जा रहा है कि ये 3000 करोड़ का बिजनेस कर सकती है. इसके साथ ही शाहरुख खान की फिल्म ‘किंग’ भी क्रिसमस के मौके पर रिलीज होगी.