बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान तीन साल के लंबे इंतजार के बाद बड़े पर्दे पर वापसी करने वाले हैं. दिसंबर 2023 में उनकी फिल्म ‘डंकी’ आई थी और अब इसके तीन साल बाद दिसंबर 2026 में उनकी फिल्म ‘किंग’ रिलीज होगी. मंगलवार को मेकर्स ने किंग से शाहरुख खान का नया पोस्ट शेयर किया है जो सोशल मीडिया पर आते ही छा गया. इसमें अब शाहरुख के लुक के फिल्ममेकर करण जौहर भी मुरीद हो गए और कम शब्दों में एक्टर की जमकर तारीफ कर डाली.
करण ने शाहरुख को कहा ‘किंग’
शाहरुख खान को उनके फैंस ‘किंग’ और ‘किंग खान’ भी कहते हैं. वही इंडस्ट्री में भी अक्सर उनके लिए ये शब्द इस्तेमाल किए जाते हैं. अब शाहरुख के खास दोस्त और दिग्गज फिल्ममेकर करण जौहर ने भी शाहरुख को किंग कहा है. उन्होंने किंग का नया पोस्टर अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर करते हुए लिखा, ‘और वह वापस आ गया है. सिर्फ एक ही किंग है. किंग.’
शाहरुख ने भी शेयर किया पोस्टर
शाहरुख खान ने भी अपने सोशल मीडिया हैंडल से किंग का नया पोस्टर शेयर किया है. एक्टर ने इंस्टाग्राम से पोस्टर शेयर करते हुए लिखा, ‘आज फिर याद आया…कातिल नहीं… आशिक हूं…’ इस पोस्टर में शाहरुख का इंटेंस लुक नजर आ रहा है. उन्होंने अपने एक हाथ में बंदूक पकड़ रखी है और मुंह में गुलाब दबाए रखा. एक्टर के चेहरे पर खून नजर आ रहा है, क्योंकि किंग एक्शन से भरपूर फिल्म साबित होगी. शाहरुख के पोस्ट के कमेंट सेक्शन में करीना कपूर खान, काजोल, हिमेश रश्मिया, हर्षदीप कौर जैसे कलाकारों ने भी कमेंट करके प्यार बरसाया है.
मल्टीस्टारर एक्शन-थ्रिलर है ‘किंग’
किंग में शाहरुख खान का दमदार और एक्शन अवतार नजर आएगा. फिल्म में उनकी बेटी सुहाना खान भी होगी. ये सुहाना की पहली थिएट्रिकल फिल्म भी होने वाली है. शाहरुख और सुहाना के अलावा किंग का हिस्सा जैकी श्रॉफ, रानी मुखर्जी, अभय वर्मा, अभिषेक बच्चन, अनिल कपूर, जयदीप अहलावत, दीपिका पादुकोण, अरशद वारसी और राघव जुयाल जैसे कलाकार भी हैं. किंग की रिलीज डेट 24 दिसंबर 2026 है. इस मूवी को ‘वॉर’ और ‘पठान’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्में दे चुके सिद्धार्थ आनंद डायरेक्ट कर रहे हैं. इसका बजट 350 करोड़ रुपये है.