सुबह चलिए और रात तक घर वापस, रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस के बारे में जानें, कहां-कहां रुकेगी ये ट्रेन, वक्त भी जानें

3d01432e20d5d28c29beaedfa4e87f531784301240154940 original


Ramnagar Dehradun Express Train: उत्तराखंड के कुमाऊं और गढ़वाल मंडल के बीच रेल संपर्क को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए रेल मंत्रालय ने रामनगर-देहरादून-रामनगर द्विसाप्ताहिक एक्सप्रेस के संचालन को मंजूरी दे दी है. नई ट्रेन शुरू होने से नैनीताल और ऊधम सिंह नगर जिले का सीधा रेल संपर्क प्रदेश की राजधानी देहरादून से होगा. लंबे समय से इस रेल सेवा की मांग की जा रही थी, जिसे अब मंजूरी मिल गई है.

बताया गया है कि क्षेत्रीय जनता की मांग और राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी के प्रयासों के बाद रेल मंत्रालय ने इस नई एक्सप्रेस ट्रेन के संचालन का निर्णय लिया है. यह रामनगर और देहरादून के बीच चलने वाली पहली एक्सप्रेस ट्रेन होगी.

सप्ताह में दो दिन चलेगी ट्रेन

रेल मंत्रालय के अनुसार 15310/15309 रामनगर-देहरादून-रामनगर एक्सप्रेस का संचालन प्रत्येक बुधवार और शुक्रवार को किया जाएगा. रामनगर से यह ट्रेन सुबह 5:50 बजे रवाना होकर दोपहर 12:40 बजे देहरादून पहुंचेगी. वहीं वापसी में देहरादून से दोपहर 3:55 बजे चलकर रात 11:30 बजे रामनगर पहुंचेगी. इससे यात्रियों को एक ही दिन में देहरादून जाकर अपना काम निपटाकर वापस लौटने की सुविधा मिलेगी.

डीजल महंगा, सरकार ने रोडवेज बसों के किराए में की 10% की बढ़ोतरी, जानिए अब कितना होगा फेयर

इन प्रमुख स्टेशनों पर होगा ठहराव

नई एक्सप्रेस अपने सफर के दौरान…

  • काशीपुर
  • रोशनपुर
  • पीपलसाना
  • मुरादाबाद
  • नजीबाबाद
  • और हरिद्वार रेलवे स्टेशनों पर रुकेगी.

इससे उत्तराखंड के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के कई जिलों के यात्रियों को भी इस सेवा का लाभ मिलेगा.

छात्रों, किसानों और कारोबारियों को राहत

नई रेल सेवा शुरू होने से नैनीताल, ऊधम सिंह नगर, हरिद्वार और देहरादून के अलावा उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद और बिजनौर जिले के यात्रियों को भी बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी. खासतौर पर छात्रों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं, किसानों, व्यापारियों और नौकरीपेशा लोगों के लिए यह ट्रेन काफी उपयोगी मानी जा रही है. अब रामनगर और आसपास के क्षेत्रों के लोग राजधानी देहरादून जाकर सरकारी, शैक्षणिक और अन्य जरूरी कार्य एक ही दिन में पूरा कर सकेंगे.

पर्यटन और धार्मिक यात्रा को मिलेगा बढ़ावा

नई एक्सप्रेस ट्रेन से उत्तराखंड के पर्यटन क्षेत्र को भी गति मिलने की उम्मीद है. रामनगर स्थित जिम कॉर्बेट राष्ट्रीय उद्यान आने वाले पर्यटकों को बेहतर रेल सुविधा मिलेगी. इसके अलावा गिरिजा देवी मंदिर, सीतावनी (सीतामढ़ी) जैसे धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों तक पहुंचना भी आसान होगा. दूसरी ओर देहरादून और हरिद्वार पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को चारधाम यात्रा बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री के लिए आगे की यात्रा करने में भी सुविधा मिलेगी.

सिर्फ 55 रुपये में मिल रहा ये वायरल प्रोडक्ट, बिना पानी और बिना धोए मिनटों में साफ होंगे आपके जूते

यात्रियों को मिलेंगी कई श्रेणियों की सुविधाएं

रेल मंत्रालय के अनुसार इस एक्सप्रेस में यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न श्रेणियों के कोच लगाए जाएंगे. ट्रेन में एसी सेकेंड, एसी थर्ड, एसी चेयर कार, स्लीपर क्लास, सेकेंड सीटिंग और जनरल कोच उपलब्ध रहेंगे, जिससे हर वर्ग के यात्री अपनी जरूरत और बजट के अनुसार यात्रा कर सकेंगे.

क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांग हुई पूरी

रामनगर से देहरादून के बीच सीधी एक्सप्रेस ट्रेन की मांग लंबे समय से उठाई जा रही थी. अभी तक यात्रियों को कई बार ट्रेन बदलनी पड़ती थी या सड़क मार्ग का सहारा लेना पड़ता था. नई रेल सेवा शुरू होने के बाद कुमाऊं और गढ़वाल के बीच रेल संपर्क और मजबूत होगा तथा प्रदेश के सामाजिक, आर्थिक, शैक्षणिक और पर्यटन गतिविधियों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *