Union Bank Recruitment 2026: बैंकिंग सेक्टर में अधिकारी बनने की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए यूनियन बैंक ऑफ इंडिया ने भर्ती निकाली है. यूनियन बैंक ऑफ इंडिया ने भर्ती परियोजना 2026-27 के तहत स्पेशलिस्ट ऑफिसर, जनरल बैंकिंग ऑफिसर और डोमेन एक्सपर्ट ऑफिसर के कुल 395 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे हैं. ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 21 जुलाई से शुरू हो चुकी है और उम्मीदवार 10 अगस्त तक आवेदन कर सकते हैं. यह भर्ती नियमित आधार पर की जाएगी और चयनित उम्मीदवारों की पोस्टिंग बैंक की आवश्यकता के अनुसार देश भर में की जाएगी.
किन पदों पर कितनी भर्ती होगी भर्ती
इस भर्ती अभियान के तहत मैनेजर, सीनियर मैनेजर, चीफ मैनेजर, असिस्टेंट जनरल मैनेजर और डिप्टी जनरल मैनेजर स्तर के पद भरे जाएंगे. सबसे ज्यादा 163 पद मैनेजर के लिए, 153 पद सीनियर मैनेजर के लिए, 52 पद चीफ मैनेजर के लिए, 20 पद असिस्टेंट जनरल मैनेजर के लिए और 7 पद डिप्टी जनरल मैनेजर के लिए निर्धारित किए गए हैं.
भर्ती के लिए आवेदन, फीस और आयु सीमा
एससी, एसटी और पीडब्ल्यूबीडी वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 177 रुपये रखा गया है, जबकि दूसरी सभी कैटेगरी के अभ्यर्थियों को 1180 रुपये फीस देनी होगी. आयु सीमा भी पद के अनुसार अलग-अलग निर्धारित की गई है. अधिकांश पदों के लिए न्यूनतम आयु 22 वर्ष है, जबकि अधिकतम आयु 30 से 50 वर्ष तक रखी गई है. आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को नियमानुसार छूट भी मिलेगी.
सभी पदों पर क्या होगी चयन प्रक्रिया
एमएमजीएस-2 और एमएमजीएस-3 स्तर के पदों पर उम्मीदवारों का चयन आवश्यकता पड़ने पर ऑनलाइन परीक्षा, इसके बाद ग्रुप डिस्कशन, पर्सनल इंटरव्यू, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और मेडिकल परीक्षण के आधार पर किया जाएगा. वहीं एसएमजीएस-4 से टीईजीएस-6 तक के वरिष्ठ पदों पर ग्रुप डिस्कशन, दूसरे मूल्यांकन और इंटरव्यू आयोजित किए जा सकते हैं. स्पेशलिस्ट ऑफिसर पदों के लिए ऑनलाइन परीक्षा में मुख्य रूप से संबंधित विषय का प्रोफेशन नॉलेज पूछा जाएगा, जबकि जनरल बैंकिंग ऑफिसर पदों के लिए रीजनिंग, क्वांटिटेटिव एप्टिट्यूड, इंग्लिश लैंग्वेज और प्रोफेशनल नॉलेज से जुड़े प्रश्न शामिल होंगे. गलत उत्तर पर 0.25 अंक की नेगेटिव मार्किंग भी लागू होगी.
ये भी पढ़ें-DTU New Courses 2026: अब DTU के छात्रों को मिलेगा ग्लोबल एक्सपोजर, नए कोर्स और इंटरनेशनल टाईअप लॉन्च
47 लाख रुपये तक का मिलेगा सालाना पैकेज
चयनित उम्मीदवारों को पद के अनुसार आकर्षक वेतन मिलेगा. मैनेजर स्तर पर शुरुआती वेतनमान 64,820 रुपये से शुरू होगा, जबकि डिप्टी जनरल मैनेजर पद तक वेतनमान 1,56,500 तक जाएगा. बैंक के अनुसार अलग-अलग पदों पर अनुमानित वार्षिक सीटीसी करीब 21 लाख रुपये से लेकर 47 लाख रुपये तक हो सकता है. इसके अलावा महंगाई भत्ता, मकान किराया भत्ता, मेडिकल सुविधा, लीव फेयर कंसेशन और दूसरे भत्तों का लाभ भी मिलेगा.
प्रोबेशन और सर्विस बॉन्ड
चयनित उम्मीदवारों को 2 वर्ष की प्रोबेशन अवधि पूरी करनी होगी. साथ ही नियुक्ति के बाद 3 वर्ष का सर्विस बॉन्ड भी लागू रहेगा. अगर कोई उम्मीदवार तय अवधि पूरी होने से पहले नौकरी छोड़ता है, तो उस पद के अनुसार निर्धारित बॉन्ड राशि और लागू करों का पेमेंट करना होगा.
ये भी पढ़ें-IBPS PO की रिवाइज्ड वैकेंसी में पदों की संख्या बढ़ी, आवेदन का आज आखिरी मौका
Education Loan Information:
Calculate Education Loan EMI