हाल ही में एक्टर नसीरुद्दीन शाह ने बीजेपी की आलोचना करते हुए एक वीडियो साझा किया था, जिसमें उन्होंने कहा था कि बीजोपी अपने खिलाफ बोलने वालों को निशाना बनाती है. उनके इस बयान पर कई एक्टर्स की प्रतिक्रिया सामने आई है. इसी कड़ी में बी आर चोपड़ा की महाभारत में युधिष्ठिर का किरदार निभाने वाले एक्टर गजेंद्र चौहान का बयान भी सामने आया है.
उन्होंने नसीरुद्दीन शाह को चैलेंज देते हुए चुनाव लड़ने को कहा है. उन्होंने खुद को बीजेपी का वर्कर बताते हुए पार्टी से अपील की है कि जिस भी सीट से नसीरुद्दीन शाह चुनाव लड़ें, उस सीट पर उन्हें मैदान में उतारा जाए.
गजेंद्र बोले – नसीर बने रहिए, नासूर मत बनिए
गजेंद्र चौहान ने बीजेपी सरकार के खिलाफ नसीरुद्दीन शाह के बयान पर न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत की और उन्हें नसीर बने रहने की हिदायत दी. उन्होंने कहा, ‘नसीर बने रहिए, नासूर मत बनिए.’
उन्होंने आगे नसीरुद्दीन शाह को चुनाव लड़ने का चैलेंज देते हुए कहा, ‘अगर आपको सरकार का विरोध करने का इतना ही शौक है, तो आप चुनाव क्यों नहीं लड़ते? चुनाव लड़िए मैं आपको चैलेंज करता हूं, आप जहां से भी चुनाव लड़ें, मैं आपके खिलाफ चुनाव लड़ूंगा और आपको हराऊंगा.’
इसके बाद उन्होंने एक एक्टर के तौर पर कमाए नसीरुद्दीन के सम्मान पर भी बात की. उन्होंने कहा, ‘इस देश ने आपको एक कलाकार के तौर पर इतनी इज्ज़त दी, इतना सम्मान दिया. सब बर्बाद हो गया.’
उन्होंने आगे बीजेपी से उनको टिकट देने की अपील करते हुए कहा, ‘मैं BJP का वर्कर हूं. मैं पार्टी से ये भी रिक्वेस्ट करूंगा कि अगर नसीरुद्दीन शाह कहीं से भी चुनाव लड़ते हैं, तो मुझे उनके खिलाफ खड़ा किया जाए.’
गजेंद्र चौहान पहले भी उनके इस बयान के खिलाफ अपनी नाराजगी जाहिर कर चुके हैं, तब उन्होंने कहा था कि उन्हें शर्म आनी चाहिए कि जिस पार्टी को जनता ने टॉप पर बिठाया है, वो उसे गाली दे रहे हैं.
क्या है पूरा मामला?
ये पूरा मामला नसीरुद्दीन शाह के लाइव वीडियो के बाद शुरु हुआ था. उन्होंने सोशल मीडिया पर लाइव आकर बीजेपी को झूठी पार्टी करार दिया था. उनका कहना है कि सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट के छात्र और भविष्य फिल्ममेकर्स बीजेपी की उस मानसिकता का शिकार हो रहे हैं, जिसमें उनके खिलाफ आवाज उठाने वालों को निशाना बनाया जाता है.
उनके इस वीडियो के सामने आने के बाद से फिल्मी जगत से लेकर राजनीति के कई बड़े चेहरों की प्रतिक्रिया सामने आई है. इस मामल में पुनीत इस्सर ने कहा था कि अगर उन्हें सरकार पसंद नहीं है, तो उन्हें चुनाव लड़ना चाहिए. अब गजेंद्र चौहान ने तो उन्हें चुनाव में हराने तक की चेतावनी दे दी है.