जिम्बाब्वे 131 पर ऑलआउट, भारत ने 33 ओवर पहले जीता मैच; सीरीज पर 3-0 से कब्जा

f043a4916a538861dbd95be0f5b7f87617931945836241481 original


जिम्बाब्वे की टीम को तीसरे वनडे में भारतीय गेंदबाजों के सामने टिकना मुश्किल हो गया. भारत की युवा स्पिनर वैष्णवी शर्मा ने अपनी गेंदों का ऐसा कमाल दिखाया कि जिम्बाब्वे की बैटिंग लड़खड़ा गई. पूरी टीम 131 रन पर सिमट गई. इसके बाद भारतीय बल्लेबाजों ने 33 ओवर पहले लक्ष्य हासिल कर मैच अपने नाम किया. इस जीत के साथ भारत ने तीन मैचों की वनडे सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप कर लिया.

वडोदरा में खेले गए इस मुकाबले में जिम्बाब्वे ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया. लेकिन, भारतीय गेंदबाजों ने इस फैसले को टीम के लिए मुश्किल बना दिया. जिम्बाब्वे की पारी 39.5 ओवर में 131 रन पर खत्म हो गई. वैष्णवी शर्मा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 39 रन देकर 5 विकेट लिए. ये उनके लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पहला 5 विकेट लेने वाला प्रदर्शन रहा. 

क्रांति गौड़ और सयाली सतघरे ने भी दो-दो विकेट लेकर जिम्बाब्वे को बड़ा स्कोर बनाने से रोका. जिम्बाब्वे की तरफ से विकेटकीपर बल्लेबाज मोडेस्टर मुपाचिकवा ने 37 रन बनाए. कप्तान जोसेफिन नकोमो ने भी 35 रन का योगदान दिया, लेकिन बाकी बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में नाकाम रही.

भारतीय बल्लेबाजों ने तेजी से पूरा किया लक्ष्य

132 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने आक्रामक शुरुआत की. शेफाली वर्मा और प्रतीका रावल ने जिम्बाब्वे के गेंदबाजों पर दबाव बनाया. दोनों ने तेजी से रन जुटाए और टीम को जीत के करीब पहुंचा दिया. शेफाली ने 51 रन बनाए, जबकि प्रतीका रावल ने बिना आउट हुए 59 रन की पारी खेली.

भारतीय टीम ने सिर्फ 17 ओवर में दो विकेट खोकर 133 रन बना लिए. इस तरह भारत ने 33 ओवर बाकी रहते 8 विकेट से मुकाबला जीत लिया.

भारत ने सीरीज में किया क्लीन स्वीप

तीसरे वनडे में जीत के साथ भारत ने सीरीज 3-0 से अपने नाम कर ली. पूरी सीरीज में भारतीय टीम ने गेंद और बल्ले दोनों से अच्छा प्रदर्शन किया. आखिरी मैच में वैष्णवी की शानदार गेंदबाजी भारत की जीत की सबसे बड़ी वजह बनी.

 

यह भी पढ़ें: WPL 2027 Auction: सोफी मोलिनक्स पर लगी करोड़ों की बोली, यूपी वॉरियर्स ने खरीदा



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *