काउंटी चैंपियनशिप में वारविकशायर ने हैम्पशायर को एक पारी और 129 रनों के बड़े अंतर से हराया. भारतीय स्पिनर मानव सुथार वारविकशायर के लिए खेल रहे हैं, जिन्होंने इस जीत में अहम रोल निभाया. उन्होंने कुल 7 विकेट चटकाए. सुथार ने जून में अफगानिस्तान के खिलाफ हुए एकमात्र टेस्ट में डेब्यू किया था, वह हाल ही में खत्म हुई श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज का भी हिस्सा थे.
श्रीलंका दौरे के बाद मानव सुथार काउंटी चैंपियनशिप खेलने के लिए इंग्लैंड चले गए, वह वारविकशायर टीम में शामिल हैं. हैम्पशायर के खिलाफ पहली पारी में उन्होंने 16 ओवरों में 42 रन देकर 3 विकेट चटकाए थे. उन्होंने ओपनर निक गबिंस को बोल्ड किया. इसके बाद एडी जैक्स और जेम्स फुलर को एलबीडबल्यू आउट किया.
इससे पहले वारविकशायर ने पहली पारी में 398 रन बनाए थे. सुतार ने बल्ले से 9 रन बनाए थे. हैम्पशायर की पहली पारी 115 रनों पर सिमट गई थी. टीम को फॉलोऑन मिला और हैम्पशायर को लगातार दूसरी पारी शुरू करनी पड़ी.
यह भी पढ़ें- बदल जाएगा RCB का नाम? चेयरमैन आर्यमान बिड़ला ने तोड़ी चुप्पी
Manav Suthar returns to County cricket after srilanka tour
42/3 in first innings
52/4 in second innings pic.twitter.com/L1l0Zy8zEC— Sawai96 (@Aspirant_9457) September 5, 2026
दूसरी पारी में सुतार ने लिए 4 विकेट
दूसरी पारी में मानव सुथार ने वारविकशायर के लिए सर्वाधिक 4 विकेट लिए. उन्होंने टोबी अल्बर्ट, बेन मेयस, जेम्स फुलर और काइल एबोट को अपना शिकार बनाया. इस तरह उन्होंने इस मैच में कुल 7 विकेट लिए. हैम्पशायर की दूसरी पारी 154 रनों पर सिमट गई और इस तरह वारविकशायर ने इस मैच को एक पारी और 129 रन से जीत लिया.
यह भी पढ़ें- मोहम्मद शमी का ‘शतक’, CAB से मिला खास सम्मान; वैभव-ईशान भी रहे मौजूद
इंटरनेशनल क्रिकेट करियर
हाल ही में हुए श्रीलंका दौरे पर मानव सुथार ने दोनों टेस्ट खेले थे, वह गॉल में हुए पहले टेस्ट के प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए थे. उन्होंने गॉल में कुल 10 विकेट लिए थे. पहली पारी में 4 विकेट लेने वाले सुथार ने दूसरी पारी में 6 विकेट लिए थे. उन्होंने कोलंबो में खेले गए दूसरे टेस्ट में भी 6 विकेट (पहली पारी में 3 और दूसरी पारी में 3) लिए थे. अभी तक खेल चुके 3 टेस्ट की 6 पारियों में मानव ने कुल 23 विकेट लिए हैं.