टाटा ग्रुप की रिटेल कंपनी Trent में बड़ा बदलाव होने जा रहा है. टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल टाटा 11 नवंबर को 70 साल के हो रहे हैं, इसलिए टाटा ग्रुप की रिटायरमेंट पॉलिसी के तहत वह Trent के चेयरमैन पद से रिटायर हो रहे हैं. नोएल साल 1997 से कंपनी से जुड़े थे और साल 1999 में MD बने और साल 2014 से चेयरमैन थे.
नोएल टाटा के नेतृत्व में Westside और Zudio जैसे ब्रांड्स ने जबरदस्त ग्रोथ की. अब उन्हें 11 नवंबर से चेयरमैन एमेरिटस बनाया जाएगा. उनकी जगह AZB & Partners लॉ फर्म के को फाउंडर बहराम वकील 12 नवंबर से नए चेयरमैन बनेंगे. साथ ही राजीव दुबे और कल्पना मर्चेंट को भी बोर्ड में नई जिम्मेदारी मिली है. नोएल टाटा ने कहा कि Trent के सबसे अच्छे दिन अभी आगे हैं.
नोएल के योगदान के लिए धन्यवाद- ट्रेंट
ट्रेंट ने कहा है कि नोएल टाटा ने अपने कार्यकाल में कंपनी को सही दिशा दी है. उनकी लीडरशिप में कंपनी ने बाजार में अपनी पकड़ मजबूत की और लगातार ग्रोथ की है. बोर्ड ने पिछले 29 सालों में उनके योगदान के लिए धन्यवाद भी दिया.
बता दें कि यह बदलाव टाटा ग्रुप के नियमों के तहत हुआ है, जिसमें बोर्ड के गठन और डायरेक्टर्स के रिटायरमेंट को लेकर कुछ तय नियम हैं. टाटा अब एक नई भूमिका में होंगे. कंपनी ने बताया है कि 12 नवंबर से उन्हें Chairman Emeritus बनाया जाएगा. यह फैसला उनके लंबे योगदान को सम्मान देने के लिए लिया गया है.
बोर्ड ने दो और बड़े फैसले भी लिए
इसी के साथ कंपनी के बोर्ड ने दो और बड़े फैसले भी लिए हैं. राजीव दुबे को 30 अक्टूबर से एडिशनल डायरेक्टर के तौर पर नियुक्त किया गया है. वह नॉन एग्जीक्यूटिव और नॉन इंडिपेंडेंट डायरेक्टर रहेंगे. हालांकि इसके लिए शेयरहोल्डर्स की मंजूरी लेनी होगी. वहीं, कल्पना मर्चेंट को भी 30 अक्टूबर 2026 से तीन साल के लिए इंडिपेंडेंट डायरेक्टर बनाया गया है. इस पर भी शेयरहोल्डर्स की मंजूरी जरूरी है.
यह सारे बदलाव ऐसे समय पर हो रहे हैं, जब ट्रेंट अपने रिटेल बिजनेस को तेजी से बढ़ा रहा है. कंपनी के Westside और Zudio जैसे ब्रांड काफी पॉपुलर हैं, साथ ही स्टार नाम से फूड और ग्रॉसरी बिजनेस भी चल रहा है.
5 हजार 873 करोड़ रुपए हो गई कमाई
पिछली तिमाही यानी सितंबर क्वार्टर में कंपनी का मुनाफा 25% बढ़कर 468 करोड़ रुपये रहा, जबकि कमाई 22% बढ़कर 5 हजार 873 करोड़ रुपए हो गई. इस बीच वकील की नियुक्ति को बोर्ड लीडरशिप में एक बड़े बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है, क्योंकि कंपनी अब फैशन, लाइफस्टाइल और ग्रॉसरी सेक्टर में अपना विस्तार और तेज करना चाहती है.
यह भी पढ़ें- Video: मुकेश अंबानी नहीं टाल पाए पोते की फरमाइश, खट्ट से निकालकर दिया फोन