Delhi Capitals vs Punjab Kings Match Highlights: पंजाब किंग्स ने इंडियन प्रीमियर लीग के इतिहास का सबसे बड़ा रन चेज करके इतिहास रच दिया है. पंजाब ने दिल्ली कैपिटल्स को 6 विकेट से हराया. अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 264 रन बनाए थे, जो उसका IPL में सबसे बड़ा स्कोर रहा. जवाब में पंजाब ने 19वें ओवर में ही ऐतिहासिक लक्ष्य को हासिल कर लिया.
IPL का सबसे बड़ा रन चेज
पंजाब किंग्स ने आईपीएल में सबसे बड़े रन चेज का अपना ही रिकॉर्ड तोड़ा है. इससे पहले उसने 2024 सीजन में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 262 रनों का लक्ष्य चेज कर डाला था. अब पंजाब ने दिल्ली कैपिटल्स द्वारा दिए गए 265 रनों के लक्ष्य को भी हासिल करके इतिहास रच दिया.
- 265 रन – पंजाब किंग्स (बनाम DC)
- 262 रन – पंजाब किंग्स (बनाम KKR)
- 247 रन – सनराइजर्स हैदराबाद (बनाम PBKS)
पंजाब किंग्स ने आईपीएल में अपना सबसे बड़ा स्कोर भी बना दिया है. इससे पहले कोलकाता के खिलाफ बनाए गए 262 रन, पंजाब का आईपीएल में सबसे बड़ा स्कोर था. अब श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम का सबसे बड़ा स्कोर 265 रन हो गया है.
दिल्ली के लिए 264 रन भी पड़े कम
दिल्ली कैपिटल्स के लिए केएल राहुल ने नाबाद 152 रनों की शतकीय पारी खेल इतिहास रचा था. राहुल आईपीएल के इतिहास में सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाने वाले भारतीय खिलाड़ी बने. उनके अलावा नीतीश राणा ने भी 91 रनों की शानदार और धमाकेदार पारी खेली थी.
पंजाब की जीत की नींव प्रभसिमरन सिंह और प्रियांश आर्या ने रखी थी. दोनों ने मिलकर पहले 6 ओवरों में ही 116 रन बना डाले थे, जो आईपीएल के इतिहास में पावरप्ले का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर रहा. प्रभसिमरन ने 26 गेंद में 76 रन बनाए, जबकि प्रियांश ने 17 गेंद में 43 रनों का योगदान दिया. एक समय मिडिल ओवरों में पंजाब ने 19 रनों के भीतर तीन विकेट खो दिए थे. कप्तान श्रेयस अय्यर एक छोर पर डटे रहे और 36 गेंद में 71 रनों की ऐतिहासिक पारी खेल पंजाब को जीत दिलाई.
यह भी पढ़ें:
पावरप्ले में 116 रन बनाकर पंजाब ने रचा इतिहास, सबसे ज्यादा पिटने वाली टीम बनी दिल्ली