Perfume Stains: कपड़ों पर पड़ जाता है परफ्यूम का दाग? जानें लगाने का सही तरीका

df99dfe711d03a3e4780ed0b35941f3517892227019981257 original


How To Remove Perfume Stains From Clothes: परफ्यूम हमारी पर्सनैलिटी और लुक को और बेहतर बनाने का काम करता है. तैयार होते समय कपड़ों पर या शरीर पर खुशबू लगाना लगभग हर किसी की रोजमर्रा की आदत का हिस्सा है. लेकिन कई बार जल्दबाजी में परफ्यूम सीधे कपड़ों पर स्प्रे हो जाता है और खासकर सफेद, हल्के रंग या सिल्क जैसे नाजुक कपड़ों पर दाग दिखाई देने लगता है. परफ्यूम की खुशबू भले ही अच्छी हो, लेकिन इसके दाग कपड़ों पर काफी जिद्दी हो सकते हैं. दरअसल, ज्यादातर परफ्यूम में अल्कोहल, एसेंशियल ऑयल, सिंथेटिक फ्रेगरेंस और कुछ कलरिंग एजेंट्स मौजूद होते हैं. ये चीजें कपड़े के संपर्क में आने पर ऑयली अवशेष छोड़ सकती हैं और कई बार कपड़े का रंग भी प्रभावित कर देती हैं. ऐसे में परफ्यूम लगाने का सही तरीका जानना जरूरी है.

कपड़े पहनने से पहले त्वचा पर लगाएं परफ्यूम

सबसे आसान तरीका यही है कि परफ्यूम कपड़े पहनने से पहले त्वचा पर लगाया जाए. अगर आप रोजाना परफ्यूम इस्तेमाल करते हैं, तो कपड़े पहनने से पहले इसे कलाई, गर्दन और कानों के पीछे जैसे पल्स पॉइंट्स पर लगाएं. परफ्यूम लगाने के बाद इसे त्वचा पर सूखने का थोड़ा समय दें. आमतौर पर 30 से 60 सेकंड में यह सूख जाता है. इसके बाद कपड़े पहनने से परफ्यूम के कपड़ों पर सीधे पड़ने की संभावना काफी कम हो जाती है. इस तरीके से खुशबू भी लंबे समय तक बनी रह सकती है और कपड़ों पर दाग लगने का खतरा भी कम होता है.

Perfume Stains: कपड़ों पर पड़ जाता है परफ्यूम का दाग? जानें लगाने का सही तरीका

कपड़ों पर लगाना है तो रखें इतनी दूरी

लेकिन अगर आप कपड़ों पर ही परफ्यूम लगाना पसंद करते हैं, तो इसे सीधे कपड़े के बेहद पास से स्प्रे करने से बचें. स्प्रे करते समय बोतल को कपड़े से करीब 6 से 8 इंच दूर रखें और हल्की मिस्ट की तरह परफ्यूम लगाएं. एक ही जगह पर ज्यादा मात्रा में स्प्रे करने के बजाय थोड़ी मात्रा में खुशबू फैलाना बेहतर होता है. अगर संभव हो तो रोलर या स्टिक फॉर्मेट वाले परफ्यूम का इस्तेमाल करें, क्योंकि इनमें लगाने की मात्रा पर ज्यादा नियंत्रण रहता है और कपड़े के किसी एक हिस्से के जरूरत से ज्यादा गीला होने की संभावना कम होती है.

Perfume Stains: कपड़ों पर पड़ जाता है परफ्यूम का दाग? जानें लगाने का सही तरीका

परफ्यूम का दाग पड़ जाए तो तुरंत करें ये काम

अगर गलती से परफ्यूम कपड़ों पर गिर जाए और दाग नजर आने लगे, तो सबसे जरूरी है कि तुरंत कार्रवाई करें. दाग को सूखने देने के बजाय एक साफ सफेद कपड़ा लेकर प्रभावित हिस्से को हल्के हाथ से दबाएं, ताकि अतिरिक्त परफ्यूम सोख लिया जाए. ध्यान रखें कि दाग को रगड़ना नहीं है. रगड़ने से परफ्यूम कपड़े के रेशों के अंदर और फैल सकता है और दाग निकालना मुश्किल हो सकता है.

माइल्ड डिश सोप से हटाएं दाग

हल्के और सामान्य कपड़ों पर दाग हटाने के लिए माइल्ड डिश सोप और ठंडे पानी का इस्तेमाल किया जा सकता है. एक हिस्से माइल्ड डिश सोप को तीन हिस्से ठंडे पानी में मिलाएं. अब साफ सफेद कपड़े की मदद से इस मिश्रण को दाग वाली जगह पर हल्के हाथ से डैब करें. इसे करीब 5 से 10 मिनट तक लगा रहने दें और फिर ठंडे पानी से अच्छी तरह धो लें. जरूरत पड़ने पर इस प्रक्रिया को दोहराया जा सकता है.

इसे भी पढ़ें : Squeaky Door: दरवाजे से आ रही चर्र-चर्र की आवाज, बढ़ई बुलाए बिना करें ठीक

पुराने दाग के लिए आजमाएं सफेद सिरका

पुराने दागों के मामले में सफेद सिरके और पानी का मिश्रण भी इस्तेमाल किया जाता है. इसके लिए दोनों को बराबर मात्रा में मिलाकर दाग वाली जगह पर लगाया जा सकता है. करीब 30 मिनट बाद कपड़े को उसके केयर लेबल पर दिए निर्देशों के अनुसार धोएं. कपड़े को सुखाने से पहले यह जरूर जांच लें कि दाग पूरी तरह निकल चुका है या नहीं, क्योंकि गर्मी दाग को और स्थायी बना सकती है.

सिल्क और नाजुक कपड़ों पर रहें सावधान

हालांकि, सिल्क, सैटिन या दूसरे नाजुक कपड़ों पर ज्यादा सावधानी जरूरी है. किसी भी घरेलू क्लीनिंग सॉल्यूशन को सीधे इस्तेमाल करने से पहले कपड़े के किसी छिपे हुए हिस्से पर पैच टेस्ट करें. ऐसे कपड़ों को रगड़ने के बजाय बेहद हल्के हाथ से डैब करें. अगर कपड़ा महंगा है या दाग आसानी से नहीं निकल रहा है, तो घर पर प्रयोग करने के बजाय प्रोफेशनल ड्राई क्लीनर की मदद लेना बेहतर रहेगा. ड्राई क्लीनर को यह जरूर बताएं कि दाग परफ्यूम की वजह से लगा है, ताकि वे उसके हिसाब से सही ट्रीटमेंट कर सकें.

थोड़ी सावधानी से बच सकते हैं परफ्यूम के दाग से

सबसे अच्छी बात यह है कि थोड़ी सावधानी बरतकर परफ्यूम के दाग से बचा जा सकता है. परफ्यूम को त्वचा पर लगाने और उसे सूखने देने की आदत डालें. अगर कपड़ों पर लगाना जरूरी हो, तो दूरी बनाकर हल्की मात्रा में स्प्रे करें. इस तरह आपकी पसंदीदा ड्रेस पर परफ्यूम के जिद्दी दाग पड़ने की संभावना कम होगी और कपड़े भी लंबे समय तक नए जैसे नजर आएंगे.

इसे भी पढ़ें :Roti Making Tips: रोटी नहीं फूल रही, कहीं आटा गूंथने में ये गलती तो नहीं कर रहे?



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *