दीवाली से पहले पंजाब नेशनल बैंक यानी PNB ने अपने वीजा और रुपे क्रेडिट कार्ड के नियमों और चार्जिस में बड़ा बदलाव किया है. नए नियमों के तहत क्रेडिट कार्ड से एटीएम से कैश निकालना, लेट पेमेंट फीस और रिवॉर्ड पॉइंट रिडीम करना महंगा हो गया है. यह बदलाव एक नवंबर से लागू होने जा रहे हैं.
अब अगर कोई ग्राहक एक बिलिंग साइकिल में 50 हजार रुपए से ज्यादा के यूटिलिटी यानी बिजली, पानी, वाई फाई और एलपीजी जैसे घरेलू बिल भरता है तो उस पर 1% का नया शुल्क वसूला जाएगा. इन बदलावों के बाद अब ग्राहकों को अपने क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल करने से पहले नए चार्जिस की पूरी लिस्ट ध्यान से देखनी होगी.
कार्ड से किस सर्विस पर कितना लगेगा चार्ज?
- रिवॉर्ड रिडिम्प्शन- पहले फ्री था, अब हर बार 99 रुपए देने होंगे.
- बिल पेमेंट्स- एक बिलिंग साइकल में 50 हजार रुपए से ज्यादा के बिल क्रेडिट कार्ड से भरोगे तो 1% फीस लगेगी. एक ट्रांजैक्शन पर अधिकतम 2000 रुपए तक ही खर्च किए जा सकेंगे.
- एटीएम से कैश निकालना- पीएनबी के एटीएम पर 2.5% या 400 रुपए जो ज्यादा हो. वहीं, दूसरे बैंक के एटीएम और विदेश में 2.5% या 500 रुपए जो ज्यादा हो. पहले 2% और मिनिमम 100-200 रुपए था.
- लेट पेमेंट फीस- अब बकाया पर स्लैब बढ़ा दिया गया है. 501 से 1000 पर 500 रुपए, 1001 से 10 हजार पर 750 रुपए और 10001 से ऊपर पर 1000 रुपए चार्ज वसूला जाएगा. यह पहले 1000 तक Nil था.
बता दें कि इसके अलावा चेक, ऑटो डेबिट रिटर्न, डुपलिकेट स्टेटमेंट के चार्जेज भी बदले हैं. GST अलग से लगेगा और चार्ज कार्ड वेरिएंट के हिसाब से अलग हो सकता है.
वीजा और रुपे क्रेडिट कार्डों के लिए क्रेडिट कार्ड के बकाया भुगतान के लिए जारी किए गए चेक के वापस आने या इलेक्ट्रॉनिक क्लियरिंग सर्विस (ECS) या ऑटो-डेबिट निर्देश के फेल होने पर भुगतान राशि का 2% (न्यूनतम शुल्क 400 रुपए) का नया चार्ज लागू होगाय
फिक्स्ड डिपॉजिट से जुड़े क्रेडिट कार्डों के लिए हर इंस्ट्रूमेंट 100 रुपए का चार्ज लगेगा. फिक्स्ड डिपॉजिट के बदले जारी किए गए लक्सुरा क्रेडिट कार्ड पर लागू सभी सेवा शुल्क सामान्य लक्सुरा क्रेडिट कार्ड पर लागू होने वाले चार्जिस के समान होंगे.
यह भी पढ़ें- 5 रुपए के Lays में निकले 4 ग्राम चिप्स, अब ग्राहक को 8000 देगी कंपनी