भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी इन दिनों 2026 दिलीप ट्रॉफी में ईस्ट जोन के लिए खेल रही हैं. ईशान किशन टीम की कप्तानी कर रहे हैं. लगातार घरेलू क्रिकेट में प्रदर्शन कर शमी इंडिया में वापसी की उम्मीद लगा रहे हैं. वह लगातार टीम से नजरअंदाज हो रहे हैं. इस पर ईशान ने बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा कि शमी के अंदर अभी वापसी की भूख है. वह एक बार फिर से टीम इंडिया का हिस्सा बनना चाहते हैं.
दिलीप ट्रॉफी का फाइनल 06 सितंबर (रविवार) से चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में ईस्ट जोन और साउथ जोन के बीच खेला जाएगा. मैच की पूर्व संध्या पर ईस्ट जोन के कप्तान ईशान किशन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में शमी को लेकर बात की.
मोहम्मद शमी में वापसी की भूख: ईशान किशन
ईशान ने कहा, “मुझे लगता है कि अभी उनके अंदर भूख और वो मोटिवेशन है. वह वापसी करना चाहते हैं. वह एक बार फिर टीम इंडिया का हिस्सा बनना चाहते हैं.”
चैंपियंस ट्रॉफी के बाद कटा शमी का पत्ता
2025 चैंपियंस ट्रॉफी में शमी भारत के लिए संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे थे. उन्होंने 5 मैचों में 9 विकेट चटकाए थे. टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के बाद भी उनका टीम से पत्ता काट दिया गया. इसके बाद उन्हें अब तक दोबारा टीम इंडिया में जगह नहीं मिल सकी है. 36 साल के हो चुके शमी ने 2023 के वनडे विश्व कप में सबसे ज्यादा 24 विकेट लेने का कमाल किया था. उन्होंने सिर्फ 7 मैचों में यह विकेट लिए थे.
इससे पहले उन्हें टेस्ट टीम से बाहर किया जा चुका था. शमी ने भारत के लिए पिछला टेस्ट जून 2023 में खेला था. यह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला गया वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल था. इसके बाद उन्हें दोबारा टीम इंडिया में शामिल नहीं किया गया.
मोहम्मद शमी का अंतर्राष्ट्रीय करियर
शमी ने अब तक अपने अंतर्राष्ट्रीय करियर में 64 टेस्ट, 108 वनडे और 25 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेल लिए हैं. टेस्ट में उन्होंने 229 विकेट, वनडे में 206 विकेट और टी20 इंटरनेशनल में 27 विकेट ले लिए हैं.
यह भी पढ़ें: ‘यौन उत्पीड़न, फेक तस्वीरें और…’, सिल्वर मेडल विजेता केया बनर्जी ने सुनाई आपबीती