Male Birth Control Pill: अब पुरुषों के लिए आएगी गर्भनिरोधक गोली! जानें कैसे करेगी काम

34948510f17348622cf2bc532f71783417933382087401257 original


Male Birth Control Pill Research: फिजिकल रिलेशन से करीब 30 मिनट पहले ली जाने वाली पुरुष गर्भनिरोधक गोली पर वैज्ञानिक काम कर रहे हैं. यह एक्सपेरिमेंटल गोली कुछ समय के लिए स्पर्म की मूवमेंट को रोकने का काम कर सकती है, जिससे प्रेग्नेंसी का खतरा कम हो सकता है. हालांकि, यह गोली अभी रिसर्च के दौर में है और इसे आम इस्तेमाल के लिए उपलब्ध होने से पहले कई जरूरी टेस्ट से गुजरना होगा.

इस बारे में गुरुग्राम स्थित सीके बिड़ला हॉस्पिटल में ऑब्स्टेट्रिक्स एंड गायनेकोलॉजी, डायरेक्टर एकेडमिक्स रोबोटिक गायनेकोलॉजी और मेडिकल एडवाइजर डॉ. अरुणा कालरा ने बताया है कि पुरुषों के लिए इस तरह का गर्भनिरोधक विकल्प गर्भनिरोध की जिम्मेदारी को दोनों पार्टनर के बीच बांटने की दिशा में अहम बदलाव ला सकता है. हालांकि, इसके इस्तेमाल से पहले इसकी सेफ्टी, असर और लंबे समय तक होने वाले प्रभावों को समझना जरूरी है.

कैसे काम करेगी यह पुरुष गर्भनिरोधक गोली?

अमेरिका के वीइल कॉर्नेल मेडिसिन के वैज्ञानिक एक ऐसी पुरुष गर्भनिरोधक गोली पर काम कर रहे हैं, जो हार्मोन में बदलाव करने के बजाय सीधे स्पर्म की मूवमेंट को प्रभावित करने का काम करती है. इस रिसर्च में वैज्ञानिकों ने शरीर में मौजूद एक खास एंजाइम पर ध्यान दिया है, जिसे सॉल्युबल एडेनिलेट साइक्लेज यानी sAC कहा जाता है. स्पर्म को आगे बढ़ने और अंडे तक पहुंचने के लिए इस एंजाइम की जरूरत होती है.

Male Birth Control Pill: अब पुरुषों के लिए आएगी गर्भनिरोधक गोली! जानें कैसे करेगी काम?

एक्सपेरिमेंटल दवा इस एंजाइम को कुछ समय के लिए ब्लॉक करने का काम करती है. इसके कारण स्पर्म सामान्य तरीके से आगे नहीं बढ़ पाते. ऐसे में उनके अंडे तक पहुंचने की क्षमता कम हो सकती है और प्रेग्नेंसी का खतरा घट सकता है.

फिजिकल रिलेशन से करीब 30 मिनट पहले लेनी होगी गोली?

इस पुरुष गर्भनिरोधक गोली की सबसे खास बात इसका इस्तेमाल करने का तरीका है. वैज्ञानिक ऐसी दवा तैयार करने पर काम कर रहे हैं जिसे फिजिकल रिलेशन से करीब 30 मिनट पहले लिया जा सके. शुरुआती रिसर्च में इसके असर की अवधि करीब छह से आठ घंटे तक रहने के संकेत मिले हैं. यानी भविष्य में अगर यह दवा इंसानों में भी सुरक्षित और असरदार साबित होती है, तो इसे रोज लेने की जरूरत नहीं हो सकती. इसे जरूरत के हिसाब से इस्तेमाल किया जा सकता है. हालांकि, अभी यह सिर्फ शुरुआती रिसर्च के नतीजों पर आधारित संभावना है. इंसानों में इसका असर कितनी देर तक रहेगा, यह क्लिनिकल ट्रायल के बाद ही साफ होगा.

क्या गोली स्पर्म बनना बंद कर देगी?

नहीं. इस गोली का मकसद पुरुषों में स्पर्म बनना बंद करना नहीं है. इसका काम कुछ समय के लिए स्पर्म की मूवमेंट को रोकना या कम करना है. यानी गोली लेने के बाद भी शरीर में स्पर्म बनते रह सकते हैं, लेकिन दवा के असर के दौरान उनकी आगे बढ़ने की क्षमता प्रभावित हो सकती है. दवा का असर खत्म होने के बाद स्पर्म की सामान्य मूवमेंट वापस आने की उम्मीद है. यही वजह है कि वैज्ञानिकों के लिए यह पता लगाना बेहद जरूरी होगा कि दवा का असर खत्म होने के बाद पुरुषों की फर्टिलिटी सामान्य रूप से वापस आती है या नहीं.

Male Birth Control Pill: अब पुरुषों के लिए आएगी गर्भनिरोधक गोली! जानें कैसे करेगी काम?

इंसानों पर टेस्ट से पहले क्या साबित करना होगा?

किसी भी नई गर्भनिरोधक दवा को आम इस्तेमाल के लिए मंजूरी मिलने से पहले उसकी सेफ्टी सबसे महत्वपूर्ण होती है. अभी तक इस दवा से जुड़े शुरुआती प्रयोग चूहों पर किए गए हैं. इंसानों में इसके इस्तेमाल से पहले कई तरह की जांच जरूरी होगी. वैज्ञानिकों को यह देखना होगा कि दवा शरीर के अलग-अलग अंगों पर किस तरह का असर डालती है. इसके साथ ही इसकी सही डोज, असर शुरू होने का समय और असर खत्म होने की अवधि भी तय करनी होगी. यह भी पता लगाना जरूरी होगा कि दवा को बार-बार लेने पर कोई समस्या तो नहीं होती.

फर्टिलिटी पर क्या असर पड़ेगा?

पुरुष गर्भनिरोधक दवा के मामले में सबसे अहम सवाल फर्टिलिटी से जुड़ा है. अगर दवा स्पर्म की मूवमेंट को कुछ समय के लिए रोकती है, तो वैज्ञानिकों को यह साबित करना होगा कि इसका असर स्थायी नहीं है. दवा का असर खत्म होने के बाद स्पर्म की सामान्य क्षमता वापस आती है या नहीं, यह लंबे समय तक निगरानी के जरिए पता करना होगा. साथ ही यह भी देखना होगा कि लंबे समय तक इस्तेमाल करने से पुरुषों की फर्टिलिटी पर कोई स्थायी असर तो नहीं पड़ता.

क्या यह प्रेग्नेंसी रोकने में असरदार होगी?

जानवरों पर किसी दवा के अच्छे नतीजे मिलने का मतलब यह नहीं है कि इंसानों में भी वह उसी तरह काम करेगी. इंसानों पर होने वाले क्लिनिकल ट्रायल में इसकी असली प्रभावशीलता का पता चलेगा. वैज्ञानिकों को यह देखना होगा कि गोली लेने वाले पुरुषों में प्रेग्नेंसी की दर कितनी रहती है. इसके साथ ही यह भी पता करना होगा कि अलग-अलग लोगों में दवा का असर एक जैसा रहता है या नहीं.

गर्भनिरोध की जिम्मेदारी में हो सकता है बदलाव

अगर यह गोली आगे चलकर सुरक्षित और असरदार साबित होती है, तो गर्भनिरोध के क्षेत्र में बड़ा बदलाव हो सकता है. अभी गर्भनिरोध के कई विकल्प महिलाओं के शरीर और हार्मोन से जुड़े होते हैं. पुरुषों के लिए विकल्पों की संख्या काफी कम है. ऐसी गोली आने से कपल्स के पास गर्भनिरोध का एक और विकल्प हो सकता है और इसकी जिम्मेदारी दोनों पार्टनर के बीच बांटी जा सकती है.

हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि महिलाओं के लिए मौजूद गर्भनिरोधक तरीकों की जरूरत खत्म हो जाएगी. हर व्यक्ति और कपल की जरूरत अलग होती है और सही गर्भनिरोधक तरीका डॉक्टर की सलाह से तय किया जाना चाहिए.

इसे भी पढ़ें : खाना खाते समय बार-बार कट रही जुबान, कहीं इस बीमारी का शिकार तो नहीं?

यौन संक्रमण से सुरक्षा नहीं देगी गोली

यह भी समझना जरूरी है कि यह पुरुष गर्भनिरोधक गोली सिर्फ प्रेग्नेंसी रोकने के लिए विकसित की जा रही है. यह यौन संक्रमण से सुरक्षा नहीं देगी. यौन इंफेक्शन से बचाव के लिए कंडोम का इस्तेमाल जरूरी रहेगा. फिलहाल यह गोली रिसर्च और एक्सपेरिमेंट के चरण में है. अक्टूबर 2026 में रिसर्च टीम को टॉक्सिसिटी और सेफ्टी से जुड़े टेस्ट आगे बढ़ाने के लिए अतिरिक्त फंडिंग मिली है. इसके बाद इंसानों पर पहला ट्रायल शुरू करने की दिशा में काम आगे बढ़ सकता है.

इसे भी पढ़ें : Explained: ‘मैं आईना देखूं तो चेहरे पर कमियां दिखती हैं…’, फिल्टर सेल्फी से लगी आदत है या बीमारी? 

Check out below Health Tools-
Calculate Your Body Mass Index ( BMI )

Calculate The Age Through Age Calculator



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *