अगर आप सोने में निवेश करने की योजना बना रहे हैं, तो मौजूदा कीमतें आपके लिए अहम हो सकती हैं. पिछले कुछ समय से सोने की कीमतों में अच्छी-खासी उतार-चढ़ाव देखने को मिली है.जनवरी 2026 में सोना अपने रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने के बाद सोना करीब 20% तक सस्ता हो चुका है. 23 अक्टूबर को सोने का भाव घटकर 1,41,031 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया, जो जनवरी के रिकॉर्ड हाई से करीब 19.42% कम था. ऐसे में जिन लोगों ने ऊंचे भाव पर सोना खरीदा था, उन्हें फिलहाल नुकसान का सामना करना पड़ सकता है. वहीं, नए निवेशकों के लिए कम कीमत पर सोना खरीदने का मौका बन सकता है.
हालांकि, एक्सपर्ट का मानना है कि सोने की कीमतों को फिर से पुराने रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने में एक साल या उससे ज्यादा समय लग सकता है. ऐसे में सवाल है कि क्या अभी सोना खरीदना सही रहेगा या फिर निवेश के लिए कीमतों में और गिरावट का इंतजार करना चाहिए?
सोने की कीमतों में गिरावट क्यों आई?
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज ऑफ इंडिया (MCX) के आंकड़ों के मुताबिक, 29 जनवरी 2026 को सोने की कीमत 1,75,231 रुपए प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई थी. इसके बाद कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिला. अक्टूबर में सोने का भाव 27 अक्टूबर को गिरकर 1,40,664 रुपए प्रति 10 ग्राम तक आ गया. इस तरह जनवरी के रिकॉर्ड स्तर के मुकाबले सोने की कीमत में करीब 20% की गिरावट दर्ज की गई.
इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन के प्रेसिडेंट पृथ्वीराज कोठारी के मुताबिक, सोने की कीमतों में गिरावट के पीछे कई वजहें हैं. इनमें अमेरिका के फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों में बढ़ोतरी, अमेरिकी 10 साल के बॉन्ड यील्ड में उछाल, केंद्रीय बैंकों की ओर से सोने की खरीदारी में कमी और कच्चे तेल की ऊंची कीमतें शामिल हैं.
क्या अभी सोना खरीदना सही रहेगा?
एक्सपर्ट का मानना है कि सोने की कीमतें जल्द ही अपने पुराने रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचेंगी, इसकी उम्मीद कम है. इसके लिए निवेशकों को एक साल या उससे ज्यादा इंतजार करना पड़ सकता है. हालांकि, नए निवेशक मौजूदा गिरावट का काफी फायदा उठा सकते हैं.
- एक साथ बड़ी रकम लगाने के बजाय थोड़ा-थोड़ा सोना खरीदें.
- अपनी निवेश राशि को 4 से 6 हिस्सों में बांटकर अगले 3 से 6 महीने में निवेश करें.
- गोल्ड ETF के जरिए भी निवेश का विकल्प चुन सकते हैं.
- फिजिकल गोल्ड खरीदने से पहले अपनी जरूरत और निवेश का उद्देश्य समझें.
सोने की कीमतों में कितना उतार-चढ़ाव आया?
MCX पर जनवरी से अक्टूबर 2026 के बीच सोने की कीमतों में काफी बदलाव देखने को मिला है. अलग-अलग महीनों में सोने का भाव कभी बढ़ा तो कभी नीचे आया.
महीना सबसे ज्यादा भाव (₹/10 ग्राम) सबसे कम भाव (₹/10 ग्राम)
जनवरी 1,76,306 1,32,614
फरवरी 1,59,383 1,43,926
मार्च 1,67,090 1,33,513
अप्रैल 1,52,647 1,46,006
मई 1,60,651 1,47,018
जून 1,56,132 1,39,714
जुलाई 1,45,789 1,39,076
अगस्त 1,61,945 1,42,121
सितंबर 1,54,494 1,46,566
अक्टूबर 1,49,170 1,40,664
PNB क्रेडिट कार्ड वालों को झटका, 1 नवंबर से इन 6 सर्विस पर लगेगा भारी चार्ज