एक टेस्ट मैच खिलाड़ी के धैर्य, कौशल और दृढ़ता की कड़ी परीक्षा लेता है. पांच दिनों तक जीत की जंग लड़ना आसान नहीं होता, लेकिन कुछ ऐसे बल्लेबाज रहे हैं जिन्होंने इस फॉर्मेट में अपनी अलग पहचान बनाई है. बल्लेबाजी में कई बार ट्रिपल सेंचुरी बनी और ब्रायन लारा ने तो पारी में 400 रन तक बना डाले थे.
डॉन ब्रैडमैन से लेकर सुनील गावस्कर, सचिन तेंदुलकर और जो रूट तक, टेस्ट फॉर्मेट ने क्रिकेट को कई महान बल्लेबाज दिए हैं. मगर इनमें कुछ नाम ऐसे हैं, जिन्होंने रेड बॉल क्रिकेट में खूब सारे रन बनाए, लेकिन कभी ट्रिपल सेंचुरी लगाने की उपलब्धि हासिल नहीं कर पाए. यहां उन खिलाड़ियों की लिस्ट देखिए, जिन्होंने बिना तिहरा शतक लगाए टेस्ट में सबसे ज्यादा रन बनाए.
सचिन तेंदुलकर
बिना ट्रिपल सेंचुरी लगाए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ही हैं. टेस्ट करियर में सर्वाधिक रन (15921) बनाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड भी उन्हीं के नाम है. सचिन का टेस्ट में सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर 248 रन है, जो उन्होंने ढाका में बांग्लादेश के खिलाफ बनाया था.
जो रूट
टेस्ट में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में दूसरे नंबर पर आ चुके जो रूट ने भी कभी ट्रिपल सेंचुरी नहीं लगाई है. अब तक रूट ने अपने करियर में 14278 रन बना लिए हैं. उनका बेस्ट स्कोर 262 रन है, जो पाकिस्तान के खिलाफ 2024 में आया था. उसी मुकाबले में हैरी ब्रूक ने 317 रन की ऐतिहासिक पारी खेली थी.
रिकी पोंटिंग
टेस्ट करियर में 13378 रन बनाने वाले ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग ने भी अपने करियर में कभी ट्रिपल सेंचुरी नहीं लगाई. उनकी सर्वश्रेष्ठ पारी साल 2003 में भारत के खिलाफ आई थी, जब उन्होंने मेलबर्न में 257 रन बना डाले थे.
जैक्स कैलिस
दक्षिण अफ्रीका के महान ऑलराउंडर जैक्स कैलिस का टेस्ट में सर्वोच्च स्कोर 224 रन है. उन्होंने अपने करियर में 13289 रन बनाए, लेकिन कभी भी एक पारी में 300 रनों का आंकड़ा नहीं छू पाए.
राहुल द्रविड
‘द वॉल’ के नाम से मशहूर राहुल द्रविड कई बार पूरे-पूरे दिन बल्लेबाजी कर चुके हैं. पारी में कई बार 300-400 गेंदों का सामना भी किया है, लेकिन कभी एक टेस्ट पारी में 300 रन नहीं बना पाए. द्रविड ने अपने टेस्ट करियर में 13288 रन बनाए थे.
एलिस्टर कुक
इंग्लैंड के पूर्व कप्तान एलिस्टर कुक पांच बार किसी टेस्ट पारी में 200 रनों के आंकड़े से पार पहुंचे थे, लेकिन कभी उनके बल्ले से 300 रन की पारी नहीं निकली. कुक टेस्ट में इंग्लैंड के लिए दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं.
बिना ट्रिपल सेंचुरी लगाए सबसे ज्यादा रन
- 15921 रन – सचिन तेंदुलकर
- 14278 रन – जो रूट
- 13378 रन – रिकी पोंटिंग
- 13289 रन – जैक्स कैलिस
- 13288 रन – राहुल द्रविड
- 12472 रन – एलिस्टर कुक
- 11867 रन – शिवनारायण चंद्रपॉल
यह भी पढ़ें:
रोहित-विराट पहुंच गए न्यूजीलैंड, कब खेलेंगे पहला मैच? देखें शेड्यूल