दीवाली से पहले आम जनता को जोर का झटका लगा है. बढ़ती महंगाई के बीच एक बार फिर सीएनजी के दाम बढ़ा दिए गए हैं. उत्तर प्रदेश में अब सीएनजी 2.25 रुपए तक महंगी हो गई है. ग्रीन गैस लिमिटेड यानी GGL ने वैश्विक सप्लाई संकट और बढ़ती लागत के बीच सीएनजी के दाम बढ़ाने का फैसला किया है.
नए रेट के मुताबिक, अब राजधानी लखनऊ में एक किलो सीएनजी की कीमत 108 रुपए होगी, जो पहले 107 रुपए थी. यानी यहां कीमत में एक रुपए का इजाफा किया गया है. इसके अलावा ताज नगरी आगरा में भी एक रुपए प्रति किलो की बढ़ोतरी की गई है.
अयोध्या और सुल्तानपुर में क्या हैं दाम?
राम नगरी अयोध्या में भी सीएनजी के दाम बढ़ा दिए गए हैं. कंपनी ने यहां भी सीएनजी में एक रुपया का इजाफा किया है. इसके अलावा सुल्तानपुर में भी सीएनजी एक रुपए महंगी हो गई है. इन दोनों बड़े शहरों में अब एक किलो सीएनजी 106 रुपए की मिलेगी.
सबसे ज्यादा उन्नाव में बढ़े सीएनजी के दाम?
ग्रीन गैस लिमिटेड ने सबसे ज्यादा दाम उन्नाव में बढ़ाए हैं. कंपनी ने यहां एक किलो सीएनजी पर सीधे दो रुपए 25 पैसे बढ़ा दिए हैं. यानी अब यहां एक किलो सीएनजी की कीमत 106 रुपए हो गई है.
यूपी के सिर्फ इन्हीं शहरों में क्यों बढ़े सीएनजी के दाम?
दरअसल ग्रीन गैस कंपनी के सीएनजी पंप यूपी में अभी सिर्फ लखनऊ, आगरा, अयोध्या, सुल्तानपुर और उन्नाव में ही हैं.
ग्रीन गैस लिमिटेड कंपनी के बारे में जानिए
ग्रीन गैस लिमिटेड गेल इंडिया लिमिटेड और इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड का एक संयुक्त उपक्रम है. इसकी स्थापना 7 अक्टूबर 2005 को शहरों में गैस पहुंचाने के उद्देश्य से की गई थी. शुरुआत में कंपनी को लखनऊ और आगरा में सीएनजी नेटवर्क लगाने की अनुमति मिली थी, लेकिन बाद में पीएनजीआरबी की 9वें राउंड की बोली में कंपनी को नए क्षेत्रों अयोध्या, सुल्तानपुर और उन्नाव जिले में भी काम करने की अनुमति मिल गई.
यह भी पढ़ें- शराब हुई महंगी, 1 नवंबर से हर बोतल पर देने होंगे 10 रुपए ज्यादा